Last Updated:
आजमगढ़. गुजरात की फेमस और चटपटी डिश दाबेली अब आजमगढ़ में भी लोगों की पसंद बन चुकी है. बर्गर या वडा पाव जैसी दिखने वाली यह डिश दिखने में साधारण लग सकती है, लेकिन इसके खट्टे, मीठे और तीखे मसालेदार स्वाद की वजह से हर कोई इसे खाना पसंद करता है. घर पर इसे आसानी से तैयार करके शाम के समय चाय के साथ मज़ा लिया जा सकता है.
दाबेली गुजरात की एक फेमस डिश है, जो अपने खट्टे, मीठे, तीखे और चटपटे स्वाद के लिए जानी जाती है. यह डिश आमतौर पर यूपी के कम जगहों पर मिलती है, लेकिन आजकल यह आजमगढ़ के लोगों की भी एक विशेष पसंद बन गई है.
ऐसे में इस स्वादिष्ट और चटपटे डिश को घर पर भी आसानी से तैयार किया जा सकता है. बर्गर या वडा पाव जैसी दिखने वाली यह डिश दिखने में भले ही आम लगे, लेकिन स्वाद में उतनी ही खास होती है. यही कारण है कि गुजरात और मुंबई से चलकर अब यह आजमगढ़ के लोगों के स्वाद का हिस्सा बन गई है.
दाबेली को घर पर तैयार करने के लिए आपको कुछ विशेष इंतजाम करने की आवश्यकता होगी. इसे बनाने के लिए आपको उबले हुए आलू, बाजार में मिलने वाले दाबेली मसाले, इमली की खट्टी-मीठी चटनी, बटर और स्वाद अनुसार नमक इकट्ठा करना होगा.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इसके साथ ही आपको आवश्यकता अनुसार पाव मसाला, मूंगफली, कटी हुई प्याज, ताजा अनार के दाने, कटा हुआ धनिया, लहसुन, अदरक और मिर्च की चटनी भी चाहिए होगी. आप इसे अपने स्वाद के अनुसार तैयार कर सकते हैं.
इसके मसाले को तैयार करने के लिए सबसे पहले कढ़ाई में दो चम्मच तेल गर्म करें. अब इसमें दाबेली मसाला डालें और धीमी आंच पर कुछ सेकंड तक भूनें, ध्यान रहे कि मसाला जल न जाए. इसके बाद इसमें मैश किए हुए उबले हुए आलू और स्वाद अनुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें. आप इसके स्वाद को चटपटा बनाने के लिए इमली की चटनी भी मिला सकते हैं. जब मसाला कढ़ाई छोड़ने लगे, तो इसे किसी बर्तन में निकालकर अलग कर लें.
अब प्लेट में रखे हुए मसाले के ऊपर बारीक कटा हुआ धनिया, अनार के दाने और मसाला मूंगफली छिड़क दें. इसके बाद अब पाव में मसाला भरने की बारी है. इसके लिए सबसे पहले पाव को बीच से इस तरह काटें कि वह एक तरफ से जुड़ा रहे.
पाव के बीच की जगह पर तैयार मसाले को चम्मच की मदद से भरें. उसके ऊपर हरी और इमली की खट्टी-मीठी चटनी डालें. इसके बाद थोड़े कटे हुए प्याज, अनार के दाने और मसाला मूंगफली छिड़कें. अंत में पाव को हल्का दबाएं ताकि मसाला पूरी तरह से फैल जाए.
अब बारी है इसे क्रिस्पी बनाने की. इसके लिए पाव को तवे पर सेंकना होगा. सबसे पहले तवे पर मक्खन डालकर थोड़ा गर्म करें और तैयार पाव को दोनों तरफ सुनहरा होने तक सेंकें. इसके बाद दाबेली के किनारों को बारीक सेव में रोल करें, जिससे यह मसाले पर चिपक जाए. इस तरह आपकी डिलीशियस दाबेली घर पर बनकर तैयार है. आप इसे शाम के वक्त चाय के साथ इंजॉय कर सकते हैं.


