Last Updated:
दिल्ली लाहौरी गेट पुलिस ने दीपक गैंग की इलायची चोरी का भंडाफोड़ किया, आनंद, प्रदीप और सिथुन गिरफ्तार, 50 किलो इलायची बरामद, बाकी आरोपी फरार हैं.
क्राइम न्यूज. दिल्ली के लाहौरी गेट थाना पुलिस ने चलती ट्रक से महंगी इलायची चोरी करने वाले एक गैंग का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य अभी फरार बताए जा रहे हैं. आरोपियों के कब्जे से 50 किलो चोरी की इलायची और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है.
पुलिस के अनुसार, यह मामला 17 फरवरी 2026 को दर्ज ई-एफआईआर के बाद सामने आया. शिकायतकर्ता दुखी कुमार, जो एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में ड्राइवर हैं और बिहार के दरभंगा के रहने वाले हैं, ने बताया कि 13 फरवरी की रात वह खारी बावली से इलायची और अन्य किराना सामान लोड करके फरीदाबाद के लिए निकले थे. गंतव्य पर पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि ट्रक से 50-50 किलो की चार बोरियां यानी कुल 200 किलो इलायची चोरी हो चुकी है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए लाहौरी गेट थाना पुलिस की एक विशेष टीम बनाई गई. टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. जांच के दौरान फुटेज में दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह संदिग्ध दिखाई दिए. इनमें से एक व्यक्ति ट्रक के पीछे चढ़कर सामान नीचे फेंकता नजर आया. फुटेज में एक बाइक का नंबर साफ दिखाई दिया, जिसकी जांच करने पर वह दीपक नामक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत मिली.
पुलिस ने दीपक के घर पर छापेमारी की, लेकिन वह फरार मिला. इसके बाद पुलिस ने स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया. 20 फरवरी को सूचना मिली कि गिरोह के दो सदस्य पुल मिठाई इलाके में चोरी की इलायची बेचने आने वाले हैं. पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और आनंद (30) तथा प्रदीप (36) को गिरफ्तार कर लिया. दोनों बिहार के मुंगेर जिले के रहने वाले हैं. उनके पास से 50 किलो इलायची और एक बाइक बरामद हुई.
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि दीपक इस गैंग का सरगना है और उसके साथ संदीप तथा सचिन भी शामिल हैं. वारदात की रात सभी आरोपी दो मोटरसाइकिलों से ट्रक का पीछा कर रहे थे. रास्ते में सचिन ट्रक पर चढ़ गया और इलायची की बोरियां नीचे फेंकता रहा, जिन्हें बाकी आरोपी उठाते गए. सराय काले खां आरटीओ ऑफिस तक पहुंचते-पहुंचते चार बोरियां चोरी कर ली गईं.
आरोपियों ने बताया कि चोरी के माल का बंटवारा किया गया था, जिसमें एक बोरी आनंद, प्रदीप और सिथुन को दी गई थी. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर तीसरे आरोपी सिथुन (24) को आजादपुर इलाके से गिरफ्तार किया. वह भी बिहार के भागलपुर का रहने वाला है.
पुलिस अब फरार आरोपियों दीपक, संदीप और सचिन की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बाकी चोरी का माल भी बरामद कर लिया जाएगा. दिल्ली पुलिस ने इस कार्रवाई को संगठित चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है.
About the Author
Anoop Kumar Mishra is associated with News18 Digital for the last 6 years and is working on the post of Assistant Editor. He writes on Health, aviation and Defence sector. He also covers development related to …और पढ़ें


