Profitable Farming Tips: खेती में मुनाफे के लिए बड़ी जमीन नहीं, बल्कि बड़ी सोच की जरूरत होती है. इसे साबित कर दिखाया है रांची के रामचरण महतो ने. उन्होंने अपनी मात्र 50 डिसमिल जमीन को सब्जी भंडार में तब्दील कर दिया है. जहां मेथी, मूली, मटर, आलू और गेंदा फूल समेत 20 से अधिक किस्में एक साथ लहलहा रही हैं. रामचरण की सफलता का राज मल्टी-कल्टीवेशन और स्पेस मैनेजमेंट है. वे खेत की मेड़ों (खूंटों) का भी इस्तेमाल करते हैं. जहां मुख्य खेत में मटर और आलू उग रहे हैं. वहीं उनकी मेड़ों पर मेथी और पालक की हरियाली है. इस स्मार्ट तरीके से उन्हें बाजार की हर मांग के लिए तैयार सब्जियां मिल जाती हैं, जिससे वे रोज़ाना ₹1000 से ₹1300 तक की नकद कमाई कर रहे हैं. रामचरण ने अपनी खेती का एक अनूठा सीक्रेट साझा किया सफेद चूना. वे मिट्टी तैयार करते समय उसमें थोड़ा चूना मिलाते हैं, जिससे मिट्टी का pH लेवल संतुलित रहता है. कीड़े नहीं लगते. वे कहते हैं कि मिट्टी भुरभुरी और नम होनी चाहिए, लेकिन पानी जमा नहीं होना चाहिए. खेत के बीच छोटा सा घर और कुआं बनाकर रहने वाले रामचरण आज उन किसानों के लिए मिसाल हैं जो कम जमीन को घाटे का सौदा मानते हैं.


