Last Updated:
Ghaziabad News: गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने शहर को हरा-भरा और गड्ढा मुक्त बनाने के लिए बड़ी योजना शुरू की है. मधुबन बापूधाम और इंद्रप्रस्थ योजना के 21 पार्कों को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा, जहां 5,000 से अधिक पौधे लगाए जाएंगे. वही, दूसरी तरफ जर्जर सड़कों और नालों की सुध लेते हुए 71 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है. टेंडर प्रक्रिया शुरू होने से अब स्थानीय निवासियों को प्रदूषण और बदहाल रास्तों से जल्द राहत मिलेगी.
मधुबन बापूधाम और इंद्रप्रस्थ में 21 नए पार्कों के साथ चमकेंगी सड़कें (फोटोो-AI)
Ghaziabad News: दिल्ली-एनसीआर के बढ़ते प्रदूषण के बीच गाजियाबाद के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है. गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने शहर की हवा को शुद्ध करने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए एक बड़ी योजना पर मुहर लगा दी है. प्राधिकरण ने अपनी दो प्रमुख योजनाओं मधुबन बापूधाम और इंद्रप्रस्थ योजना में 21 पार्कों को नए सिरे से विकसित करने और बदहाल सड़कों की सूरत बदलने की तैयारी पूरी कर ली है. इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
21 पार्कों में लगेंगे 5 हजार से ज्यादा पौधे
शहरवासियों को स्वच्छ हवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से GDA ने पार्कों के सौंदर्यीकरण और पौधारोपण पर विशेष ध्यान दिया है. योजना के तहत चिह्नित 21 पार्कों में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा. जीडीए के मुख्य अभियंता आलोक रंजन के अनुसार, मधुबन बापूधाम योजना के एफ ब्लॉक में अकेले 11 पार्क विकसित किए जाएंगे. वहीं, इंद्रप्रस्थ योजना के अलग-अलग ब्लॉक्स (B, H, और F) के साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्रों में भी पार्कों का कायाकल्प होगा.
इन पार्कों में न केवल 5 हजार से अधिक पौधे लगाए जाएंगे, बल्कि बच्चों के खेलने के क्षेत्र, युवाओं के लिए ओपन जिम और बुजुर्गों के लिए वॉक-वे जैसी आधुनिक सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी.
जर्जर सड़कों और जलभराव से भी मिलेगी मुक्ति
पार्कों के साथ-साथ जीडीए ने गोविंदपुरम और मधुबन-बापूधाम क्षेत्र की जर्जर सड़कों की समस्या का भी संज्ञान लिया है. पिछले लंबे समय से स्थानीय निवासी गहरे गड्ढों और नालों की गंदगी से परेशान थे. बारिश के दिनों में जलभराव के कारण ई-रिक्शा पलटने और बाइक सवारों के चोटिल होने की खबरें आम हो गई थीं.
GDA सचिव विवेक मिश्रा ने बताया कि जर्जर सड़कों के कायाकल्प के लिए विस्तृत बजट आवंटित किया गया है. मुख्य रूप से 30 मीटर चौड़ी और लगभग 4 किलोमीटर लंबी सड़क की मरम्मत पर 12.02 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसके अलावा, पॉकेट-ए की आंतरिक सड़कों, नालों के निर्माण और रखरखाव के लिए 59 करोड़ रुपये का अलग से बजट रखा गया है.
औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों का होगा समान विकास
प्राधिकरण की यह योजना केवल रिहायशी इलाकों तक सीमित नहीं है. औद्योगिक क्षेत्रों में भी हरित पट्टियों (Green Belts) को मजबूत किया जाएगा ताकि कारखानों से निकलने वाले प्रदूषण को कम किया जा सके. पुराने पार्कों की मरम्मत के साथ-साथ प्राधिकरण अपनी तीन नर्सरियों को भी अपडेट कर रहा है, जहां से शहर के सौंदर्यीकरण के लिए पौधे सप्लाई किए जाएंगे.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें


