Last Updated:
Public Opinion Drum Hatyakand: लखनऊ में मेरठ की तरह की ड्रम हत्याकांड का मामला सामने आया है, जहां एक बेटे ने अपने पिता को मारकर उसके शव को एक नीले ड्रम में बंद कर दिया है. मेरठ के लोगों से जब इस घटना के बारे में बात की गई, तो सभी ने अलग-अलग राय दी. आइए जानते हैं कि इस घटना को लेकर मेरठवासियों का क्या कहना है.
मेरठ: लखनऊ में जिस प्रकार एक बेटे ने अपने पिता की हत्या करने के बाद शव को एक नीले ड्रम में बंद कर अपने गुनाहों को छिपाने की कोशिश की थी, उससे एक बार फिर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश का मेरठ ड्रम कांड चर्चा में आ गया. मेरठ में भी इसी प्रकार से मुस्कान ने भी अपने पति की हत्या कर उसके टुकड़ों को नीले ड्रम में बंद कर दिया था, जिसमें उसके प्रेमी साहिल ने उसका साथ दिया था. इन्हीं बातों को देखते हुए जहां मुस्कान रहती थी, उसी ब्रह्मपुरी क्षेत्र के लोगों से लोकल 18 की टीम द्वारा भी खास बातचीत की गई.
निंदनीय घटना, लेकिन मेरठ के साथ नाम जोड़ना गलत
ब्रह्मपुरी के रहने वाले ही संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि लखनऊ में जिस प्रकार से एक बेटे ने अपने पिता की हत्या करने के पश्चात उसके शव को नीले ड्रम में भर दिया था, ऐसी घटनाएं समाज के लिए काफी घातक हैं. इसलिए जितनी इनकी निंदा की जाए, उतना कम है. लेकिन इस तरह की कोई भी घटना होती है, तो सीधे मेरठ का नाम जोड़ दिया जाता है. यह मेरठ वासियों के साथ अन्याय है. उन्होंने कहा कि भले ही मेरठ में भी मुस्कान द्वारा इस तरह का कार्य किया गया था, जिसकी सभी मेरठ वासियों ने मिलकर निंदा की थी.
काउंसलिंग की है आवश्यकता
क्षेत्रवासी डॉ. अंकित स्वामी ने कहा कि वर्तमान समय में जिस तरह से इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, चाहे ब्रह्मपुरी की रहने वाली मुस्कान द्वारा की गई हो या फिर लखनऊ में एक बेटे ने अपने पिता की हत्या की हो, वह सभी समाज के लिए एक चिंता का विषय है. उन्होंने कहा कि इससे किसी शहर का नाम जोड़कर घटनाओं का उल्लेख करना ठीक नहीं है, अब सामाजिक चिंतन होना चाहिए कि किस तरह से इन घटनाओं पर रोक लगे. साथ ही कानून को भी कठोर करने की आवश्यकता है, जिससे ऐसे गुनहगारों की जल्द ही सख्त सजा मिल सके.
घटनाओं को ज्यादा प्रचारित करना गलत
इसी तरह से राकेश ने कहा कि जब हम ऐसी घटनाओं को ज्यादा प्रचारित करते हैं, तो उससे समाज में एक नकारात्मक प्रभाव पड़ता है. ऐसे में हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम समाज में पॉजिटिव चीजों को शेयर ज्यादा करें. नकारात्मकता से संबंधित चीजों में कानून अपना कार्य करता है. बताते चलें कि ब्रह्मपुरी क्षेत्र के सभी लोगों का यही कहना है कि इस तरह की घटना समाज के लिए काफी झकझोर करने वाली है. उन्होंने कहा कि लखनऊ की आरोपी को भी कठोर सजा मिलनी चाहिए.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.


