Last Updated:
Gym Beginner Tips by Vivek Chaudhary Kota: जिम की शुरुआत करने वालों के लिए वार्म-अप, सही तकनीक और संतुलित आहार सबसे महत्वपूर्ण हैं. ट्रेनर विवेक चौधरी के अनुसार, भारी वजन के बजाय पहले बॉडीवेट एक्सरसाइज और प्रोटीन युक्त डाइट पर ध्यान देना चाहिए. साथ ही, शरीर की रिकवरी के लिए 7-8 घंटे की नींद और नियमितता ही फिटनेस के लक्ष्य को प्राप्त करने का सही तरीका है.
कोटा. बदलती लाइफस्टाइल और बढ़ती स्वास्थ्य जागरूकता के बीच जिम कल्चर तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. युवा ही नहीं, अब हर उम्र के लोग फिट और एक्टिव रहने के लिए जिम का रुख कर रहे हैं. हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि जिम की शुरुआत सही तरीके से करना बेहद जरूरी है, ताकि चोट से बचाव हो सके और शरीर को बेहतर परिणाम मिलें. जिम ट्रेनर विवेक चौधरी के अनुसार, नए लोगों को जिम जॉइन करते ही भारी वजन उठाने की गलती नहीं करनी चाहिए. शरीर को धीरे-धीरे एक्सरसाइज की आदत डालनी चाहिए ताकि मांसपेशियां तनाव झेलने के लिए तैयार हो सकें.
ट्रेनर विवेक चौधरी ने बताया कि वर्कआउट से पहले 5 से 10 मिनट वार्म-अप करना अनिवार्य है. वार्म-अप में ट्रेडमिल पर हल्की वॉक, साइकलिंग या स्पॉट जॉगिंग की जा सकती है. इससे मांसपेशियां एक्टिव हो जाती हैं और वर्कआउट के दौरान चोट लगने की संभावना कम हो जाती है. शुरुआती दिनों में बॉडीवेट एक्सरसाइज जैसे स्क्वैट, पुश-अप, प्लैंक और लंज पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए. ये एक्सरसाइज शरीर की नींव मजबूत करती हैं. इसके बाद हल्के वजन के साथ लैट पुलडाउन, डंबल कर्ल और शोल्डर प्रेस जैसी कसरत शुरू की जा सकती है. उन्होंने जोर देकर कहा कि गलत फॉर्म और टेक्निक मांसपेशियों और जोड़ों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है.
डाइट और रिकवरी का अहम रोल
जिम में केवल एक्सरसाइज ही नहीं, बल्कि डाइट का भी 70 प्रतिशत योगदान होता है. विवेक चौधरी के अनुसार, भारतीय खानपान में अक्सर प्रोटीन की कमी पाई जाती है. इसलिए आहार में दाल, चना, राजमा, पनीर, दही और अंडा जैसे स्रोतों को शामिल करना चाहिए. साबुत अनाज जैसे मल्टीग्रेन आटा और दलिया शरीर को ऊर्जा प्रदान करते हैं. साथ ही, रिकवरी के लिए पर्याप्त नींद लेना भी उतना ही जरूरी है. रोजाना 7 से 8 घंटे की गहरी नींद लेने से मांसपेशियां बेहतर तरीके से रिकवर होती हैं. यदि शरीर को आराम नहीं मिलेगा, तो थकान और कमजोरी के कारण चोट का खतरा बढ़ सकता है.
बढ़ता जिम कल्चर और महिलाओं की भागीदारी
कोटा सहित देशभर में जिम कल्चर अब एक ट्रेंड बन चुका है. सोशल मीडिया और फिटनेस आइकन्स से प्रेरित होकर युवा बड़ी संख्या में जिम पहुंच रहे हैं. विशेष रूप से महिलाओं की भागीदारी में भी तेजी से वृद्धि हुई है. अब महिलाएं वेट ट्रेनिंग, कार्डियो और फंक्शनल ट्रेनिंग में सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित व्यायाम महिलाओं में हार्मोन संतुलन, वजन नियंत्रण और हड्डियों की मजबूती के लिए अत्यंत फायदेमंद है. विवेक चौधरी का कहना है कि जिम कोई शॉर्टकट नहीं बल्कि एक अनुशासन है, जिसे सही मार्गदर्शन और धैर्य के साथ अपनाना चाहिए.
About the Author
Vicky Rathore is a multimedia journalist and digital content specialist with 8 years of experience in digital media, social media management, video production, editing, content writing, and graphic, A MAJMC gra…और पढ़ें


