How To Make Homemade Italian Seasoning Recipe : पिज्जा हो या पास्ता, बिना ऑरीगैनो के उसका स्वाद अधूरा लगता है. अगर आप भी इनके दीवाने हैं और अक्सर डॉमिनोज या महंगे ब्रांड्स के पिज्जा स्टोर पर जाते रहते हैं तो बता दें कि आप यह स्वाद घर पर भी पा सकते हैं. लेकिन इसके लिए आपको फ्रेश ऑरीगैनो की जरूरत पड़ेगी. दरअसल, आप घर पर बड़ी आसानी से इस इटैलियन सीजनिंग को बना सकते हैं और पिज्जा पास्ता में इस्तेमाल कर सकते हैं. दरअसल, बाजार में मिलने वाले सीजनिंग में प्रिजर्वेटिव्स और आर्टिफिशियल फ्लेवर्स हो सकते हैं.
जबकि आप अपने घर के किचन में सिर्फ 10 रुपये की लागत से बिल्कुल बाजार जैसा ‘इटैलियन हर्ब्स’ मिक्स तैयार कर सकते हैं. यह न केवल प्योर और फ्रेश होगा, बल्कि इसकी खुशबू आपके पूरे घर को महका देगी. तो आइए, जानते हैं इस मैजिक सीजनिंग को बनाने और महीनों तक स्टोर करने का सबसे आसान तरीका.
जरूरी सामग्री:
लहसुन का पाउडर (Garlic Powder): 2 बड़े चम्मच
काली मिर्च पाउडर: 1 बड़ा चम्मच
सूखा ऑरीगैनो (Dry Oregano): ½ बड़ा चम्मच
सूखी तुलसी के पत्ते (Dry Basil): ½ बड़ा चम्मच
सूखा रोजमेरी (Dry Rosemary): ¼ छोटा चम्मच (यह एक खास खुशबू देता है)
चिली फ्लेक्स (Red Chili Flakes): ½ छोटा चम्मच (आप लाल मिर्च पाउडर भी ले सकते हैं)
नमक: 1 बड़ा चम्मच
बनाने की विधि:
1. मसाला बनाना शुरू करने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि आप जिस ओखली (Mortar & Pestle) या ब्लेंडर (मिक्सी) का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह पूरी तरह से सूखा हो. नमी की एक बूंद भी आपके मसाले को खराब कर सकती है और उसे लंबे समय तक स्टोर करने में बाधा डाल सकती है.
2. अब ओखली या ब्लेंडर के जार में ऊपर बताई गई सभी सामग्री-लहसुन पाउडर, काली मिर्च, ऑरीगैनो, बेसिल, रोजमेरी, चिली फ्लेक्स और नमक को एक साथ डालें.
3. अगर आप ओखली का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो हाथों से मसालों को थोड़ा दरदरा (Coarsely) कूट लें. यह स्टेप वैकल्पिक है, लेकिन ऐसा करने से सभी हर्ब्स और मसालों के फ्लेवर आपस में अच्छी तरह मिल जाते हैं और सीजनिंग को एक समान टेक्सचर मिलता है. अगर आप ब्लेंडर का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो इसे बस कुछ सेकंड के लिए ‘पल्स’ मोड पर चलाएं ताकि मसाला बहुत बारीक पाउडर न बने.
4. तैयार मसाले को एक साफ और एयर-टाइट कंटेनर (हवाबंद डिब्बे) में भरें. इससे इसकी खुशबू और ताजगी बरकरार रहेगी.
खास टिप्स: इस सीजनिंग को आप कमरे के तापमान पर रख सकते हैं, लेकिन अगर आप इसे 2 महीने से अधिक समय तक सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो इसे फ्रिज (Refrigerator) में रखें. फ्रिज में रखने से हर्ब्स की खुशबू लंबे समय तक बनी रहती है.
आपके पास ओखली नहीं है, तो मसालों को हल्का क्रश करने के लिए मिक्सी का छोटा जार सबसे अच्छा है.
यह मसाला केवल पिज्जा या पास्ता तक ही सीमित नहीं है. आप इसे स्टफ्ड गार्लिक ब्रेड, सैंडविच, ग्रिल्ड वेजिटेबल्स और यहाँ तक कि सुबह के आमलेट पर छिड़क कर भी उसका स्वाद बढ़ा सकते हैं.


