Hala Naz Fashion Designer Success Story: हजारीबाग की हाला नाज ने यह साबित कर दिया है कि अगर हुनर के साथ हौसला हो, तो सीमित संसाधन भी सफलता की राह नहीं रोक सकते. बचपन से ही कपड़ों और रंगों से लगाव रखने वाली हाला ने आज खुद को झारखंड की एक उभरती हुई फैशन डिजाइनर के रूप में स्थापित कर लिया है. केबी वूमंस कॉलेज से फैशन डिजाइनिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद, हाला ने आर्थिक तंगी के आगे घुटने टेकने के बजाय छोटे स्तर से शुरुआत की. उन्होंने तिनका-तिनका पैसे जोड़कर ‘भूमिजा’ नाम की संस्था की नींव रखी. शुरुआत में वे खुद डिजाइनर कपड़े और ज्वेलरी बनाकर स्थानीय स्तर पर बेचती थीं. उनकी रचनात्मकता और कपड़ों की गुणवत्ता ने जल्द ही उन्हें पहचान दिला दी. आज हाला नाज न केवल हर महीने 50 से 60 हजार रुपये कमा रही हैं, बल्कि वे आर्थिक रूप से पूरी तरह आत्मनिर्भर हैं. उनकी कहानी उन महिलाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है जो पूंजी के अभाव में अपने सपनों को दबा देती हैं. हाला का मानना है कि महिलाओं को अपने हुनर पर भरोसा करना चाहिए. जब इरादे मजबूत हों, तो कामयाबी खुद-ब-खुद कदम चूमती है.


