प्रयागराज की खबर | उत्तर प्रदेश खबर | प्रयागराज पीएसी सिपाही की मौत

Date:


Last Updated:

प्रयागराज के नैनी इलाके में पीएसी के एक बर्खास्त सिपाही का शव मिलने से हड़कंप मच गया. चकहीरानंद मोहल्ले में आशीर्वाद उर्फ प्रिंस का सड़ा-गला शव उनके ही घर के अंदर फर्श पर पड़ा मिला. करीब 10 दिन पुरानी लाश होने के कारण पूरे इलाके में दुर्गंध फैल गई थी. आशीर्वाद की मौत किन हालातों में हुई, यह अब भी एक रहस्य बना हुआ है. पुलिस ने मौके से स्विच ऑफ मोबाइल बरामद किया है, वहीं शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

Zoom

प्रयागराज: यूपी के प्रयागराज स्थित यमुनानगर जोन के नैनी स्थित चकहीरानंद मोहल्ले में रहने वाले पीएसी से बर्खास्त सिपाही आशीर्वाद उर्फ प्रिंस (35) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उनके घर के अंदर मिला. शव की हालत इतनी खराब थी कि उसमें कीड़े पड़ चुके थे और तेज दुर्गंध के कारण पड़ोसियों का रहना मुश्किल हो गया था. पुलिस की प्राथमिक जांच में मौत करीब 10 दिन पहले होने का अंदेशा जताया जा रहा है.

बदबू आने पर हुआ घटना का खुलासा
स्थानीय लोगों को पिछले कुछ दिनों से मकान से तेज दुर्गंध आ रही थी. शक होने पर पड़ोसियों ने गुड़गांव में नौकरी करने वाले मृतक के बड़े भाई आशीष को फोन पर सूचना दी. रविवार को जब आशीष प्रयागराज पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि कमरे का दरवाजा खुला हुआ था और अंदर आशीर्वाद का शव जमीन पर सड़ी-गली हालत में पड़ा था. सूचना मिलने पर नैनी थाना पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की.

मृतक आश्रित कोटे में मिली थी नौकरी
जानकारी के अनुसार, मृतक आशीर्वाद मूल रूप से बलिया जिले के नरही गांव का रहने वाला था. उसके पिता अवनिंद्र कुमार 42वीं वाहिनी पीएसी में तैनात थे, जिनकी 2011 में हार्ट अटैक से मौत हो गई थी. पिता की मृत्यु के बाद आशीर्वाद को मृतक आश्रित कोटे के तहत पीएसी में कुक की नौकरी मिली थी. हालांकि, ड्यूटी में लापरवाही बरतने के कारण उसे विभाग से बर्खास्त कर दिया गया था.

कुछ समय पहले छोड़ दी थी सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी
बर्खास्तगी के बाद आशीर्वाद सूरत की एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने लगा था, लेकिन आंखों की रोशनी कम होने के कारण उसे वह नौकरी भी छोड़नी पड़ी. इसके बाद से वह नैनी वाले घर में अकेला रह रहा था. उसकी मां गांव में और बड़ा भाई बाहर नौकरी पर थे. एसीपी करछना सुनील सिंह ने बताया कि पड़ोसियों से पूछताछ में पता चला है कि आशीर्वाद शराब पीने का आदी था और पिछले 10 दिनों से घर से बाहर नहीं निकला था.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल पर टिकी जांच
पुलिस ने कमरे से आशीर्वाद का मोबाइल फोन बरामद किया है, जो स्विच ऑफ पाया गया है. पुलिस अब मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवा रही है ताकि यह पता चल सके कि आखिरी बार उसकी किससे बात हुई थी. कमरे का दरवाजा खुला होना और शव का इस हालत में मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है.
पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह का पता सोमवार को होने वाले पोस्टमार्टम के बाद ही चल पाएगा. फिलहाल, शव को कब्जे में लेकर जरूरी कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है.

About the Author

Seema Nath

सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related