Last Updated:
दिसंबर 2025 में रिलीज हुई धुरंधर को लेकर चर्चाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा.निर्देशक आदित्य धर की इस स्पाई थ्रिलर ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन किया और अब दिग्गज एक्टर व राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा भी फिल्म के फैंस की लिस्ट में शामिल हो गए हैं.
शत्रुघ्न सिन्हा ने फिल्म को बेमिसाल कृति बताया.
नई दिल्ली. 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली ‘धुरधंर -2’ का ट्रेलर जल्द ही आने वाला है, लेकिन रिलीज के दिन से ही फिल्म पर प्रोपेगेंडा होने के आरोप लग रहे हैं. इसी कड़ी में शत्रुघ्न सिन्हा ने फिल्म की जबरदस्त तरीके से तारीफ की है और फिल्म को मास्टरपीस बताया है. अभिनेता का कहना है कि फिल्म का हर एक सीन उत्कृष्ट है और ऐसे में बेमिसाल कृति को प्रोपेगेंडा कहना गलत होगा.
शत्रुघ्न सिन्हा बहुत कम ही फिल्मों की तारीफ करते हैं, लेकिन अब उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर फिल्म ‘धुरंधर’ के हर किरदार की तारीफ की है. शत्रुघ्न सिन्हा का कहना है कि फिल्म को बेहद खूबसूरती और वास्तविक ढंग से बनाया गया है और हर किरदार अपनी-अपनी कहानी को दिखाता है.
बेमिसाल कृति
उन्होंने लिखा, ‘वाह! अभी-अभी मैंने सबसे चर्चित फिल्म देखी, एक बेमिसाल कृति! ‘धुरंधर’. ये कैसी ‘प्रचार फिल्म’? फिल्म तो फिल्म ही होती है. ये एक बेहतरीन फिल्म है, बेहद दिलचस्प, मनोरंजक और पूरी ईमानदारी से बनी हुई. बैंकॉक, थाईलैंड में (पाकिस्तान को दर्शाते हुए) सेट भी बेहद खूबसूरती से और वास्तविक ढंग से बनाए गए हैं.’
‘रणवीर सिंह ही निभा सकते थे ऐसा किरदार’
शत्रुघ्न सिन्हा ने फिल्म के हर किरदार की दिल खोलकर तारीफ की. उन्होंने लिखा, ‘इस फिल्म को एक अद्भुत दृश्य अनुभव बनाने वाले सभी प्रतिभाशाली कलाकारों और क्रू को हार्दिक बधाई! हर कलाकार ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है. रणवीर सिंह इस भूमिका में फिट बैठते हैं और मुझे नहीं लगता है कि उनके सिवा उस किरदार को कोई और कर सकता था. सबसे बेहतरीन संजय दत्त और अक्षय खन्ना ने पर्दे पर एक असाधारण भूमिका निभाकर अपनी अलग पहचान बनाई. सबसे खास बात, हमारे प्रिय मित्र, राकेश बेदी ने एक अद्भुत और शानदार भूमिका से हमारा दिल जीत लिया है, जो केवल वही कर सकते थे.’
आदित्य धर की तारीफ
शत्रुघ्न सिन्हा ने पोस्ट में फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर की भी तारीफ की. आपको बता दें कि रिलीज के बाद से ही फिल्म लगातार आलोचकों और सभी बड़ी हस्तियों से तारीफ पा रही है. हर किसी ने धुरंधर देखने के बाद फिल्म की तारीफ की है. फिल्म का दूसरा पार्ट 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगा. कहा यह भी जा रहा है कि फिल्म का ट्रेलर 7 मार्च को रिलीज हो सकता है, लेकिन मेकर्स की तरफ से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
About the Author
शिखा पाण्डेय News18 Digital के साथ दिसंबर 2019 से जुड़ी हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. News18 Digital से पहले वह Zee News Digital, Samachar Plus, Virat Vaibhav जैसे प्रतिष्ठ…और पढ़ें


