Last Updated:
Rose Care Home Remedies: मौसम के बदलने से आपके गुलाब की रंगत उड़ सकती है. ध्यान न देने पर पौधा सूख भी सकता है. इस मौसम में इन्हें ज्यादा देखभाल की जरूरत पड़ती है. ऐसे में कुछ बातों का ख्याल रखना जरूरी है. अगर आप अपने घर में लगे गुलाब के पौधों को हरा-भरा और फूल देने वाला बनाए रखना चाहते हैं तो उसके लिए बहुत ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं है. आइये हम आपको इस गैलरी में बताते है कि बिना मेहनत किये कैसे आपका गुलाब चमकता रहेगा और फूलों से पौधा लदा रहेगा
घर के गमले में खिला गुलाब हर किसी को आकर्षित करता है. लेकिन अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि काफी खाद और पानी देने के बावजूद भी गुलाब के पौधे पर मनचाहे फूल नहीं आते हैं .बागवानी विशेषज्ञों का मानना है कि अगर मिट्टी का सही चयन कर लिया जाए, तो कम खाद और सीमित पानी में भी गुलाब का पौधा भरपूर फूल दे सकता है.
दरअसल रायबरेली जिले के वरिष्ठ विद्या निरीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह लोकल 18 से बात करते हुए बताते हैं कि गुलाब के लिए सबसे जरूरी है अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी हो भारी और चिपचिपी मिट्टी में जड़ें ठीक से सांस नहीं ले पातीं, जिससे पौधा कमजोर हो जाता है. इसलिए गमले में मिट्टी तैयार करते समय 40% बगीचे की मिट्टी, 30% रेत और 30% जैविक कंपोस्ट मिलाएं.रेत मिलाने से मिट्टी भुरभुरी रहती है और पानी रुकता नहीं है. इससे जड़ों का विकास बेहतर होता है और पौधा मजबूत बनता है.
वह बताते हैं कि गुलाब को ऐसी मिट्टी पसंद होती है जिसका pH स्तर लगभग 6 से 7 के बीच हो.हल्की अम्लीय मिट्टी में गुलाब तेजी से बढ़ता है और अधिक कलियां बनाता है.यदि मिट्टी बहुत ज्यादा क्षारीय है, तो उसमें थोड़ी सी कोकोपीट या पत्ती की खाद मिलाई जा सकती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
गमले का चयन भी महत्वपूर्ण है.कम से कम 12 से 15 इंच गहरा गमला लें ताकि जड़ों को फैलने की पर्याप्त जगह मिल सके.गमले के नीचे छेद जरूर हो, जिससे अतिरिक्त पानी बाहर निकल सके. मिट्टी में नमी बनी रहे, लेकिन जलभराव न हो- यही स्वस्थ गुलाब की कुंजी है.
धूप भी फूलों की संख्या बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती है.गुलाब को रोजाना 5 से 6 घंटे की सीधी धूप मिलनी चाहिए.सही मिट्टी और पर्याप्त धूप मिलने पर पौधा खुद ही पोषक तत्वों का बेहतर उपयोग करता है, जिससे बार-बार खाद देने की जरूरत कम पड़ती है.
समय-समय पर सूखी टहनियों और मुरझाए फूलों की छंटाई करें. इससे नई शाखाएं निकलती हैं और अधिक फूल आते हैं.यदि मिट्टी सही तरीके से तैयार की गई हो, तो कम पानी और सीमित खाद में भी गुलाब का पौधा लंबे समय तक खिला-खिला रहता है.


