Last Updated:
Om Birla Bangladesh Bovt: बांग्लादेश में तारिक रहमान के नेतृत्व में नई सरकार बनने वाली है. 17 फरवरी को होने वाले शपथ समारोह में ओम बिरला और विक्रम मिसरी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. बांग्लादेश में तारिक रहमान की नई सरकार के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों देशों की दोस्ती और लोकतांत्रिक संबंध मजबूत होंगे.
तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में ओम बिरला भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली. भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद अब नई लोकतांत्रिक सरकार का गठन होने जा रहा है. बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के चेयरमैन तारिक रहमान के नेतृत्व में चुनी गई इस सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भारत सरकार की ओर से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शिरकत करेंगे. ढाका में 17 फरवरी, 2026 को होने वाले इस भव्य आयोजन में ओम बिरला और विदेश सचिव विक्रम मिसरी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे.
भारत सरकार का यह कदम दोनों देशों के बीच पुराने और गहरे दोस्ताना रिश्तों को और मजबूती देने की दिशा में एक बड़ा संकेत है. यह भागीदारी न केवल ऐतिहासिक और सांस्कृतिक जुड़ाव को दर्शाती है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता को भी दोहराती है. बांग्लादेश की जनता ने तारिक रहमान के विजन पर भरोसा जताते हुए उन्हें भारी जनादेश दिया है, जिसका भारत ने गर्मजोशी से स्वागत किया है.
लोकतांत्रिक मूल्यों और दोस्ती का नया दौर
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का इस समारोह में शामिल होना महज एक प्रोटोकॉल नहीं है. यह भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ पॉलिसी का हिस्सा है. भारत और बांग्लादेश का इतिहास, संस्कृति और आपसी सम्मान का रिश्ता दशकों पुराना है. तारिक रहमान के नेतृत्व में एक निर्वाचित सरकार का आना बांग्लादेश के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव है. भारत ने इस बदलाव का स्वागत करते हुए साफ कर दिया है कि वह अपने पड़ोसी देश में लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत होते देखना चाहता है.
साझा इतिहास और भविष्य की चुनौतियां
दोनों देश एक साझा विरासत से जुड़े हुए हैं. ढाका में होने वाला यह कार्यक्रम आपसी सहयोग के नए द्वार खोल सकता है. तारिक रहमान को मिले भारी जनादेश के बाद, भारत को उम्मीद है कि व्यापार, सुरक्षा और कनेक्टिविटी के क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच रिश्ते और बेहतर होंगे. ओम बिरला की मौजूदगी यह बताती है कि भारत अपनी दोस्ती को लेकर कितना गंभीर है.
क्षेत्रीय स्थिरता के लिए अहम है यह कदम
दक्षिण एशिया की राजनीति में बांग्लादेश की स्थिति बेहद महत्वपूर्ण है. एक स्थिर और लोकतांत्रिक बांग्लादेश न केवल भारत के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र की शांति के लिए जरूरी है. भारत सरकार ने तारिक रहमान के नेतृत्व वाली सरकार के साथ काम करने की अपनी इच्छा जाहिर कर दी है. आने वाले समय में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय वार्ता और समझौतों की गति तेज होने की संभावना है.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें


