Last Updated:
होली पर चिकन खाने का प्लान करने वालों के लिए बुरी खबर है. यहां बर्ड फ्लू तेजी से फैल रहा है. ताजा मामला पटना का है, जहां 6 हजार मुर्गियों बर्ड फ्लू से संक्रमित पाई गई हैं. उन्हें मारकर जमीन में दफना दिया गया है. साथ ही शहर में मुर्गी पालन पर रोक लगा दी गई है.
बिहार में मुर्गियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि.
पटनाः होली से पहले राजधानी में चिकन खाने वालों के लिए बड़ी चेतावनी है. पटना के चितकोहरा स्थित कौशल नगर में मौजूद सरकारी पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया. पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के पोल्ट्री अनुसंधान केंद्र द्वारा की गई जांच में करीब 6000 मुर्गियों में संक्रमण पाए जाने के बाद सभी संक्रमित मुर्गियों को वैज्ञानिक तरीके से जमीन में दफना दिया गया है.
जिला पशुपालन पदाधिकारी ने बताया कि मुर्गियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है. संक्रमण फैलने से रोकने के लिए पूरे पोल्ट्री फॉर्म और आसपास के इलाकों को पूरी तरह सैनिटाइज किया गया. एहतियात के तौर पर कौशल नगर इलाके को इन्फेक्शन जोन घोषित कर दिया गया है. यहां अंडे, मुर्गी और चारे के आवागमन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है. प्रशासन ने पटना क्षेत्र में बाहर से मुर्गियां लाने और यहां से अन्य जिलों में भेजने पर भी प्रतिबंध लगा दिया है. साथ ही अगले कुछ महीनों तक स्थानीय स्तर पर मुर्गी पालन गतिविधियों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि संक्रमण का कोई नया मामला सामने न आए. स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग की संयुक्त टीमें लगातार इलाके की निगरानी कर रही हैं.
प्रशासन ने सतर्क रहने की सलाह दी
गौरतलब है कि इससे पहले भागलपुर, कटिहार और पटना में ही कौओं में बर्ड फ्लू के मामले सामने आ चुके हैं, जिससे विशेषज्ञ पहले से ही सतर्क थे. अब पोल्ट्री फार्म में संक्रमण मिलने से खतरा और बढ़ गया है. विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, लेकिन सावधानी जरूर बरतें. अच्छी तरह पका हुआ चिकन और अंडा खाने को सुरक्षित बताया गया है, फिर भी प्रशासन ने होली के मद्देनजर सतर्क रहने की सलाह दी है. फिलहाल, पूरे इलाके में मेडिकल और पशु चिकित्सा टीम तैनात है. प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी तरह की लापरवाही भारी पड़ सकती है. इसलिए लोगों से स्वच्छता बनाए रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.
About the Author
कहानी सुनने, गुनने और लिखने का शौकीन. शुद्ध कीबोर्ड पीटक. माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी भोपाल से शिक्षा-दीक्षा. द सूत्र, खबरिया न्यूज़, दैनिक नई दुनिया (अखबार) से सीखते हुए हाल मुकाम News18 है. 5 साल से पत्रकार…और पढ़ें


