VIDEO: बीच सड़क पर धधक उठी बस! यात्रियों को मौत के मुंह से खींच लाए लोग, केरल में टला भीषण अग्निकांड
VIDEO: बीच सड़क पर धधक उठी बस! यात्रियों को मौत के मुंह से खींच लाए लोग, केरल में टला भीषण अग्निकांड
केरल के पलक्कड़ जिले में मंगलवार शाम एक रूह कंपा देने वाला मंजर देखने को मिला. ओट्टापलम में यात्रियों से खचाखच भरी एक चलती बस अचानक आग का गोला बन गई. यह हादसा शाम करीब 6:30 बजे हुआ, जब ‘अंबाडी कन्नन’ नाम की बस पलक्कड़-गुरुवायूर रूट पर अपनी रफ्तार में थी. बस में सवार दर्जनों यात्री इस बात से बिल्कुल अनजान थे कि उनके पैरों के नीचे आग की लपटें उठने लगी हैं. जब बस पंजाब नेशनल बैंक के पास पहुंची, तो स्थानीय लोगों ने गाड़ी के निचले हिस्से से आग की लपटें निकलती देखीं. मंजर इतना डरावना था कि किसी भी वक्त एक बड़ा ब्लास्ट हो सकता था. ड्राइवर ने तुरंत बस रोकी और चीख-पुकार के बीच सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. गनीमत रही कि बस एक पेट्रोल पंप के पास रुकी थी, जहां के कर्मचारी देवदूत बनकर सामने आए. आग लगते ही पास के पेट्रोल पंप के कर्मचारी अपने फायर एक्सटिंगुइशर लेकर दौड़ पड़े. अगर एक मिनट की भी देरी होती, तो आग पूरी बस को अपनी चपेट में ले लेती. स्थानीय लोगों और पंप कर्मियों की मुस्तैदी से आग पर काबू पा लिया गया. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि डीजल पाइप फटने की वजह से यह शॉर्ट सर्किट हुआ और आग भड़क उठी.


