Egg Freezing Explain: आजकल एग फ्रीजिंग का चलन सिर्फ मुंबई-बैंगलुरु या हाई क्लास तक सीमित नहीं है बल्कि बहुत सारी वर्किंग वीमेन आजकर लेट प्रेग्नेंसी को तवज्जो दे रही हैं. जिस उम्र में पढ़ाई, कैरियर और सपनों की उड़ान अपने चरम पर होती है, वही उम्र मां बनने की सबसे सही उम्र होती है, लेकिन आजकल एग फ्रीजिंग ने मर्जी से मां बनने की आजादी महिलाओं को दी है, यही वजह है कि बहुत सारी लड़कियां इस फेसिलिटी का यूज कर रही हैं और एग फ्रीज करा रही हैं. इसमें खर्च भी कुछ कम नहीं है, सालाना मोटी रकम देनी पड़ती है. यह प्रक्रिया कितनी जटिल है, कैसे होती है, कितना खर्च आता है. कौन और किस उम्र तक इसे करा सकते हैं? कितने बार करा सकते हैं? एग फ्रीजिंग को लेकर हर महिला के मन में उठने वाले 13 सुलगते सवालों के जवाब दे रही हैं गुरुग्राम के मारेंगो एशिया हॉस्पिटल्स की ऑब्सटेट्रिक्स एंड गायनकोलॉजी में क्लिनिकल डायरेक्टर डॉ. पल्लवी वसाल….
एग फ्रीजिंग क्या होता है?
एग फ्रीजिंग एक मेडिकल प्रक्रिया है, जिसमें महिला के अंडाशय से हेल्दी अंडे निकालकर बाहर सुरक्षित रखे जाते हैं और फिर इन अंडों में आईवीएफ के माध्यम से फर्टिलिटी का प्रोसेस किया जाता है . इन अंडों को -196 डिग्री तापमान पर लिक्विड नाइट्रोजन में रखा जाता है.
इसका प्रॉसीजर क्या है?
इसके लिए सबसे पहले महिला या दंपत्ति को इनफर्टिलिटी एक्सपर्ट से मिलना होता है. आमतौर पर यह प्रक्रिया आइवीएफ क्लिनिक्स में ही होती है क्योंकि एग फ्रीजिंग आईवीएफ के थ्रू प्रेग्नेंसी का ही एक प्रॉसीजर है.सबसे पहले महिला की सभी जरूरी जांचें की जाती हैं. उसे दवाएं या इंजेक्शन आदि दिए जाते हैं ताकि उसको एग अच्छे से बनें और एग फ्रीजिंग के लिए पूरी तरह तैयार हो सके. जब महिला को ओव्यूलेशन होता है तो उसकी ओवरी से अंडाणु यानि अंडे पिक किए जाते हैं और उन्हें बाहर निकालकर सुरक्षित रखा जाता है.
क्या यह प्रकिया होश में होती है?
नहीं एग फ्रीजिंग अंडर एनेस्थीसिया किया जाता है. महिला को एनेस्थीसिया देकर वजाइना के थ्रू एक निडल के माध्यम से अंड़ों को निकाला जाता है.
किस उम्र की महिलाएं एग फ्रीज करा सकती हैं?
भारत में एग फ्रीजिंग की अनुमति 18 साल से 45 साल तक के बीच लड़कियां या महिलाएं करा सकती हैं. हालांकि जो सबसे बेहतर समय होता है एग फ्रीज कराने का वह लेट 20 या अर्ली 30 होता है. 40 साल की उम्र के बाद अंडाणु की क्वालिटी खराब होने लगती है, इसलिए इस उम्र में एग फ्रीज कराने की सलाह नहीं दी जाती, जब तक कि बेहद ही जरूरी न हो.
एग फ्रीजिंग का मैन्स्ट्रुयल साइकिल पर असर पड़ता है?
एक फ्रीजिंग के लिए कुछ ज्यादा एग्स बनें इसके लिए महिलाओं और लड़कियों को कुछ दवाएं दी जाती हैं. ऐसे में यह बॉडी पर निर्भर करता है कि वह उन दवाओं को किस तरह लेती है, इसकी वजह से एक-दो महीने तक मैन्स्ट्रुअल साइकिल थोड़े ऊपर नीचे हो सकते हैं. हालांकि अन्य कोई दिक्कत नहीं होती.
इस प्रोसेस में कितना समय लगता है?
इस पूरे प्रोसेज में एक महीने का समय लग जाता है, क्योंकि सबसे पहले तो महिलाएं पहले किसी फर्टिलिटी एक्सपर्ट से मिलेंगी, फिर उनके बेसिक टेस्ट होंगे. मेडिसिन के क्राइटेरिया को देखते हैं, कि कौन सी दवा से बेहतर रिजल्ट मिलेगा. तब जाकर प्रोसेस शुरू होता है.
क्या एग फ्रीजिंग का कोई साइड इफैक्ट होता है?
चूंकि इसके प्रोसेस में वजाइना के माध्यम से निडल से एग पिक किया जाता है तो उस दौरान हल्का-फुल्का चोट लगने का डर रहता है, हालांकि बेहोशी की हालत में किया जाता है तो ऐसा कोई बड़ा रिस्क या साइड इफैक्ट इसका नहीं है.
एक बार में कितने एग निकाले जाते हैं?
एग फ्रीजिंग एक ही बार कराया जाता है और उस दौरान कोशिश की जाती है कि 10 से 12 मैच्योर एग मिल जाएं. उस सभी को सेव कर लिया जाता है.
फर्टिलिटी सारे एग्स में कराते हैं या किसी एक में?
जब आईवीएफ के थ्रू अंडाशु और शुक्राणु का मेल कराया जाता है तो उन 10-12 एग्स में से सबसे बेस्ट एग को चुना जाता है और उसके साथ प्रोसेस कराया जाता है.
फिर बाकी एग्स का क्या किया जाता है?
इसको लेकर विकल्प हैं.उन बाकी बचे एग्स के बारे में उनसे पूछा जाता है कि क्या वे उन्हें डिस्ट्रॉय करना चाहते हैं, डोनेट करना चाहते हैं या आगे अन्य प्रेग्नेंसी के लिए वापस सेव करना चाहते हैं? तय कानून के मद्देनहर उनके जवाब के आधार पर ही फैसला किया जाता है.
एग फ्रीजिंग में कितना खर्च आता है?
एनसीआर में एग फ्रीजिंग में आमतौर पर एक लाख रुपये सालाना का खर्च आता है. वहीं अलग-अलग कंपनियों में यह खर्च कुछ बढ़-घट सकता है.
इसका सक्सेज रेट कितना है? क्या इस एग से प्रेग्नेंसी हो जाती है?
एग फ्रीजिंग के दौरान बेस्ट क्वालिटी के एग्स को ही चुना जाता है.इसके बाद आईवीएफ का प्रॉसीजर किया जाता है. आमतौर पर एग जितना बढ़िया और हेल्दी होगा उसके फर्टाइल होने की संभावना ज्यादा होगी और सक्सेज रेट भी अच्छा होगा.
कितने साल तक एग फ्रीज रह सकते हैं और उनकी क्वालिटी बनी रह सकती है?
अक्सर एग फ्रीज कुछ सालों तक ही कराते हैं. क्योंकि हर साल उन्हें इसके लिए अच्छी-खासी पेमेंट करनी होती है.हर साल उनको पूछा जाता है कि आप इन्हें सेव करना चाहते हैं? हालांकि इन्हें 10 साल तक भी सुरक्षित रखा जा सकता है, और विशेष परिस्थितियों में और भी ज्यादा सालों तक रख सकते हैं.
डॉ. पल्लवी वसल कहती हैं, हमारे देश में एग फ्रीजिंग के लिए बाकायदा कानून है. कानून के अनुसार एग फ्रीजिंग की उम्र और मानक तय हैं. कोई भी ऐसे ही एग फ्रीज नहीं करा सकता है, उसे बाकायदा कारण बताना होगा. एग डोनेशन को लेकर भी कानून हैं, ऐसा नहीं है कि अन्य ऑर्गन्स की तरह कोई एग डोनेट कर सकता हो. सिर्फ वही एग डोनेट हो सकते हैं, जो एग फ्रीजिंग के दौरान बचे होते हैं और लोग स्वेच्छा से उन्हें डोनेट करना चाहते हैं. जान-पहचान वालों के लिए एग फ्रीजिंग और डोनेशन कराने जैसी प्रक्रियाओं को लेकर कड़े कानून हैं.


