Love Map Relationship : रिलेशनशिप एक्सपर्ट और मशहूर साइकोलॉजिस्ट जॉन गॉथमैन(John Gottman) ने एक बार कहा था कि मजबूत रिश्ते की बुनियाद यह है कि आप अपने पार्टनर की दुनिया को कितना जानते हैं- उनके सपने, डर, स्ट्रेस, पसंद-नापसंद और रोज़मर्रा की छोटी-छोटी बातें तक. उन्होंने ही लव मैप की अवधारणा को रिश्ते की बुनियाद बताया था. दरअसल, तमाम कोशिशों के बाद अक्सर भागंभाग वाली दुनिया में रिश्तों में दूरियां आने लगती हैं. ऐसे में प्यार को अपग्रेट करने का तरीका अक्सर हमें नहीं आता है. तो चलिए जानते हैं कि आखिर लव मैंप की मदद से आप अपने रिश्ते को किस तरह अपग्रेट कर सकते हैं और उनकी पहली पसंद बने रह सकते हैं.
क्या है लव मैप?
लव मैप का मतलब है अपने पार्टनर की अंदरूनी दुनिया का नक्शा बनाना. जैसे किसी शहर में घूमने के लिए मैप चाहिए, वैसे ही रिश्ते को समझने के लिए पार्टनर के मन का मैप जरूरी है. समय के साथ लोग बदलते हैं- उनके लक्ष्य, पसंद, दोस्त, यहां तक कि डर भी. अगर हम इन बदलावों से अपडेट नहीं रहते, तो दूरी बढ़ने लगती है.
क्यों जरूरी है यह ‘अपडेट’?
अक्सर कपल्स शिकायत करते हैं कि पहले जैसी बात नहीं रही. असल में समस्या प्यार की कमी नहीं, बल्कि जानकारी की कमी होती है. जब आप पार्टनर के वर्तमान संघर्ष या नई इच्छाओं से अनजान रहते हैं, तो भावनात्मक कनेक्शन कमजोर पड़ता है. लव मैप रिश्ते में इमोशनल इंटिमेसी को मजबूत करता है और गलतफहमियों को कम करता है.
पार्टनर से पूछें ये खास सवाल
अगर आप अपने रिश्ते का सॉफ्टवेयर अपडेट करना चाहते हैं, तो बातचीत की शुरुआत इन सवालों से कर सकते है-
- इस समय तुम्हारी सबसे बड़ी चिंता क्या है?
- आने वाले 5 साल में तुम खुद को कहां देखना चाहते हो?
- हाल ही में ऐसी कौन-सी बात है जिसने तुम्हें खुश किया?
- तुम्हें किस बात से सबसे ज्यादा डर लगता है?
- क्या मेरी कोई आदत है जिसे तुम बदलना चाहते हो?
- इन दिनों तुम्हें किस तरह का सपोर्ट सबसे ज्यादा चाहिए?
- तुम्हारा कोई पुराना सपना है जिसे अभी भी पूरा करना चाहते हो?
इन सवालों का मकसद इंटरव्यू लेना नहीं, बल्कि समझ बढ़ाना है. जवाब सुनते समय बीच में टोके बिना ध्यान से सुनना सबसे जरूरी है.
छोटी-छोटी बातें, मगर असर बड़ा
लव मैप सिर्फ बड़े सपनों तक सीमित नहीं है. पार्टनर की पसंदीदा चाय, उनका फेवरेट गाना, ऑफिस में किससे उनकी अच्छी बनती है- ये सब बातें भी रिश्ते को गहराई देती हैं. जब आप इन बातों को याद रखते हैं, तो सामने वाले को महसूस होता है कि वह आपके लिए मायने रखता है.
कैसे बनाएं आदत?
हर हफ्ते 20-30 मिनट “नो फोन टाइम” रखें. सिर्फ एक-दूसरे से बात करें. डेट नाइट जरूरी नहीं कि बाहर ही हो, घर की बालकनी में चाय के साथ भी दिल की बातें हो सकती हैं. धीरे-धीरे यह बातचीत आदत बन जाएगी.
रिश्ता एक बार बनाकर छोड़ देने वाली चीज नहीं है. इसे समझ, संवाद और समय की जरूरत होती है. अगर आप चाहते हैं कि आपका रिश्ता सालों तक ताजा और मजबूत रहे, तो आज ही लव मैप का यह सॉफ्टवेयर अपडेट शुरू करें. क्योंकि जब आप अपने पार्टनर की दुनिया को जान लेते हैं, तो प्यार अपने आप गहरा होता चला जाता है.


