Last Updated:
उत्तर रेलवे ने वंदे भारत एक्सप्रेस का विस्तार जम्मू तवी से श्रीनगर तक किया है, जिससे यात्रा 5 घंटे से कम में पूरी होगी. यह सर्विस जल्द शुरू होगी. जो सड़क मार्ग से काफी तेज और सुरक्षित है.
लोगों की लंबे समय से थी मांग.
नई दिल्ली. जम्मू और कश्मीर में रेल संपर्क मजबूत करने के लिए उत्तर रेलवे ने एक बड़ा फैसला लिया है. श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से श्रीनगर चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का विस्तार अब जम्मू तवी तक कर दिया गया है. यह सर्विस जल्द शुरू होगी. इससे जम्मू और श्रीनगर के बीच यात्रा सिर्फ 5 घंटे से कम समय में पूरी हो जाएगी, जो सड़क मार्ग से काफी तेज और सुरक्षित है.
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर ने बताया कि लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है. पहले यह ट्रेन सिर्फ कटड़ा से श्रीनगर चलती थी, लेकिन अब जम्मू तवी से शुरू होकर श्रीनगर तक जाएगी. ट्रेन संख्या 26401 (जम्मू तवी से श्रीनगर) सुबह 6:15 बजे जम्मू तवी से रवाना होगी. यह श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा पर 8:08 पहुंचेगी और 8:10 बजे प्रस्थान करेगी, रियासी पर 8:28-8:30, बनिहाल पर 9:56-9:58 और श्रीनगर पर 11:10 बजे पहुंचेगी.
वापसी ट्रेन 26402 (श्रीनगर से जम्मू तवी) दोपहर 2:00 बजे श्रीनगर से चलेगी, बनिहाल 2:58-3:00, रियासी 4:34-4:36, कटड़ा 5:00-5:10 और जम्मू तवी पर शाम 6:50 बजे पहुंचेगी. यह सेमी हाई-स्पीड ट्रेन आधुनिक सुविधाओं से लैस है, जिसमें आरामदायक सीटें, बेहतर सुरक्षा और हर मौसम में भरोसेमंद सफर शामिल है.उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (USBRL) प्रोजेक्ट को 6 जून 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया था. उसके बाद से ही स्थानीय लोग, व्यापारी, छात्र और पर्यटक जम्मू को सीधे वंदे भारत से जोड़ने की मांग कर रहे थे. अब यह मांग पूरी हो गई है.
इस विस्तार से यात्रियों को भूस्खलन, बर्फबारी और खराब मौसम की वजह से सड़क पर होने वाली परेशानियां नहीं झेलनी पड़ेंगी.साथ ही पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, व्यापार आसान होगा और क्षेत्र का सामाजिक-आर्थिक विकास तेज होगा. ट्रेन अब 20 कोच वाली होगी, जिससे ज्यादा यात्री सफर कर सकेंगे.


