संतुलित प्रश्नपत्र से बढ़ा आत्मविश्वास, समय प्रबंधन ने दिलाई सफलता, बच्‍चों के खिले चेहरे

Date:


Last Updated:

up board exam : कन्नौज में आयोजित यूपी बोर्ड हाईस्कूल विज्ञान परीक्षा के बाद छात्रों के चेहरों पर संतोष और खुशी दिखाई दी. अधिकतर विद्यार्थियों ने प्रश्नपत्र को सिलेबस के अनुरूप और संतुलित बताया. कुछ प्रश्न घुमा कर जरूर पूछे गए, लेकिन अच्छी तैयारी और समय प्रबंधन के कारण छात्रों ने पेपर को आत्मविश्वास के साथ हल किया.

कन्नौज: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल विज्ञान परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई. परीक्षा केंद्रों से बाहर निकलते ही छात्र-छात्राओं के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ दिखाई दी. अधिकतर विद्यार्थियों ने पेपर को संतुलित और सिलेबस के अनुरूप बताया. अच्छी तैयारी करने वाले छात्रों के लिए प्रश्नपत्र हल करना अपेक्षाकृत आसान रहा.

उम्मीद के मुताबिक रहा प्रश्नपत्र
आज आयोजित विज्ञान विषय के पेपर को लेकर छात्रों में पहले हल्की चिंता जरूर थी, लेकिन परीक्षा समाप्त होने के बाद माहौल बदला हुआ नजर आया. अधिकांश छात्रों ने बताया कि प्रश्नपत्र उनकी तैयारी के अनुरूप था. कई छात्राओं ने मुस्कुराते हुए कहा कि पेपर न तो बहुत कठिन था और न ही अत्यधिक आसान. प्रश्न संतुलित थे और पाठ्यक्रम के दायरे में पूछे गए थे. इससे उन्हें उत्तर लिखने में आत्मविश्वास मिला.

घुमा कर पूछे गए सवाल भी रहे सरल
छात्रों के अनुसार कुछ प्रश्न सीधे न होकर घुमा कर पूछे गए थे. हालांकि जिन विद्यार्थियों ने विषय को समझकर पढ़ाई की थी, उनके लिए ऐसे प्रश्न भी कठिन नहीं रहे. लंबे और छोटे दोनों प्रकार के प्रश्नों का संतुलन ठीक रहा. आरेख आधारित प्रश्न भी सिलेबस के अनुसार ही पूछे गए थे. जिन छात्रों ने समय का सही प्रबंधन किया, उन्होंने पूरा प्रश्नपत्र निर्धारित समय में हल कर लिया.

समझकर पढ़ने का मिला लाभ
विद्यार्थियों ने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस परीक्षा ने यह सिखाया कि केवल रटने से सफलता नहीं मिलती. विज्ञान जैसे विषय में अवधारणाओं को समझना और नियमित अभ्यास करना जरूरी है. संख्यात्मक प्रश्नों की तैयारी और बार-बार पुनरावृत्ति करने वाले छात्रों को विशेष लाभ मिला. कुल मिलाकर विज्ञान का पेपर छात्रों के लिए संतोषजनक रहा और किसी को भी अधिक कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा.

छात्रों ने साझा किए अपने अनुभव
छात्रा इरम ने बताया कि उन्होंने जिस तरह से तैयारी की थी, उसी आधार पर प्रश्न आए. कुछ सवाल घुमा कर जरूर पूछे गए थे, लेकिन उन्हें हल करने में अच्छा अनुभव रहा. मांसी कुमारी ने कहा कि परीक्षा में ज्यादा परेशानी नहीं हुई और विज्ञान का पेपर अच्छा गया. छात्र कृष्णा मिश्रा ने भी बताया कि तैयारी के अनुसार प्रश्न आए और घुमा कर पूछे गए सवालों को हल करने में भी आनंद आया.

बढ़ा आत्मविश्वास, आगे की परीक्षाओं पर नजर
विज्ञान का पेपर अच्छा जाने से छात्रों का मनोबल बढ़ा है. अब वे आगामी विषयों की परीक्षाओं के लिए और अधिक उत्साह और आत्मविश्वास के साथ तैयारी करने की बात कह रहे हैं.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related