Last Updated:
PM Modi Letter to Bengal People: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश की जनता के नाम एक भावुक पत्र लिखा है. इसमें उन्होंने सत्तारूढ़ पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि अब बस कुछ ही महीनों में पश्चिम बंगाल का भाग्य सुनिश्चित हो जाएगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल की जनता के नाम भावुक पत्र लिखा है. (फाइल फोटो)
PM Modi Letter to Bengal People: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल की जनता के नाम भावुक पत्र लिखा है. उन्होंने प्रदेश की ममता सरकार पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि सत्ताधारी पार्टी गरीबों का निवाला छीन रही है. साथ ही उन्होंने बंगाल को विकसित बनाने का भी संकल्प लिया. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के लोगों के नाम एक पत्र लिखकर मौजूदा हालात पर चिंता जताई है. अपने पत्र में उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के शासन में ‘सोनार बांग्ला’ के सपने को धोखा मिला है और राज्य को बेहतर शासन व विकास की जरूरत है.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बंगाल की वर्तमान स्थिति देखकर उन्हें गहरा दुख हुआ है. उन्होंने दावा किया कि राज्य, जो कभी स्वतंत्रता के बाद देश के अग्रणी औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल था, आज राजनीतिक अनिश्चितता और अल्पदृष्टि नीतियों के कारण अपने औद्योगिक गौरव को खो रहा है. उनके अनुसार कई उद्योग बंद हो गए हैं, बेरोजगारी बढ़ी है और बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के लिए अन्य राज्यों की ओर पलायन करना पड़ा है. पत्र में पीएम मोदी ने राज्य के लिए विकसित बंगाल के निर्माण का संकल्प जताते हुए लोगों से आगामी चुनाव में बीजेपी का समर्थन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सोनार बांग्ला का भविष्य राज्य के लोगों के दृढ़ निर्णय पर निर्भर करता है और विकास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए जनता का समर्थन जरूरी है.
विभिन्न योजनाओं का उल्लेख
प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि जन-धन योजना के तहत राज्य के करोड़ों लोगों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ा गया है. छोटे व्यापारियों और उद्यमियों को 2.83 लाख करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई, जबकि उज्ज्वला योजना के तहत 1.5 करोड़ परिवारों को रसोई गैस कनेक्शन दिए गए. इसके अलावा हजारों लोगों को विधवा और दिव्यांग पेंशन योजनाओं का लाभ मिला है.
‘बंगाल सरकार ने बाधाएं खड़ी की’
पीएम मोदी ने अपने पत्र में आगे लिखा कि राज्य की मौजूदा सरकार ने विकास के रास्ते में बाधाएं खड़ी करने का प्रयास किया है. प्रधानमंत्री ने कहा कि शासन में भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद को समाप्त कर पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन स्थापित किया जाना चाहिए. अपने पत्र के अंत में प्रधानमंत्री ने राज्य के लोगों से समृद्ध, विकसित और शांतिपूर्ण बंगाल के निर्माण के लिए आगे आने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि सुशासन, भ्रष्टाचार-मुक्त व्यवस्था और निरंतर विकास के प्रति उनकी सरकार की प्रतिबद्धता कायम रहेगी और जनता के सहयोग से ही सोनार बांग्ला के सपने को साकार किया जा सकता है.
About the Author
बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…और पढ़ें


