सूजी-आलू से बनाएं स्टीम वाला हेल्दी नाश्ता, कम तेल में तैयार ये टेस्टी बॉल्स बच्चों से लेकर बड़ों तक सबको आएंगे पसंद, जानें रेसिपी

Date:


Suji Aloo Snack Recipe: सुबह का नाश्ता ऐसा हो जो पेट भी भरे, हेल्दी भी हो और स्वाद में भी जबरदस्त लगे-तो दिन की शुरुआत ही मजेदार हो जाती है, लेकिन रोज-रोज वही पोहा, पराठा या ब्रेड खाकर कई बार मन ऊब जाता है. ऐसे में अगर कुछ नया, झटपट और बच्चों से लेकर बड़ों तक सबको पसंद आने वाला नाश्ता मिल जाए, तो क्या बात है. सूजी और आलू से बना ये खास नाश्ता बिल्कुल ऐसा ही ऑप्शन है. दिखने में ये छोटे-छोटे बर्गर या बॉल्स जैसा लगता है, लेकिन इसमें तेल बहुत कम लगता है और ये स्टीम होकर तैयार होता है, इसलिए हल्का और हेल्दी रहता है. खास बात ये है कि इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता और घर की साधारण चीजों से ही तैयार हो जाता है.

बच्चों के टिफिन, अचानक आए मेहमान या वीकेंड ब्रेकफास्ट-हर मौके पर ये रेसिपी फिट बैठती है. बाहर के फास्ट फूड की चाहत भी इससे काफी हद तक पूरी हो जाती है. अगर आप भी नाश्ते में कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो सूजी और आलू के ये टेस्टी बॉल्स जरूर बनाएं.

क्यों खास है सूजी-आलू का ये नाश्ता
आजकल लोग ऐसा खाना चाहते हैं जो स्वादिष्ट भी हो और हल्का भी. ये रेसिपी दोनों बातों पर खरी उतरती है. इसमें सूजी का बेस होता है जो पेट के लिए हल्का माना जाता है और आलू की फिलिंग इसे भरपूर स्वाद देती है. ऊपर से हल्का सेंकने से इसमें कुरकुरापन भी आ जाता है. सबसे अच्छी बात ये है कि ये डीप फ्राई नहीं होता, इसलिए तेल कम लगता है. जो लोग बच्चों को जंक फूड कम देना चाहते हैं, उनके लिए ये बर्गर का घरेलू और बेहतर विकल्प है.

बनाने की तैयारी
इस नाश्ते को बनाने के लिए ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती. बस सूजी का नरम आटा जैसा मिश्रण तैयार करना है और उसमें मसालेदार आलू की फिलिंग भरनी है. फिर इन्हें स्टीम करके हल्का सेंकना है.

सूजी और आलू का नाश्ता बनाने की आसान रेसिपी
स्टेप 1: सूजी का बेस तैयार करें
सबसे पहले एक पैन या कड़ाही में करीब डेढ़ कप पानी डालकर गर्म करें. पानी गरम हो जाए तो उसमें एक चम्मच नमक डाल दें. अब इसमें एक कप सूजी डालें और लगातार चलाते हुए इसे गाढ़ा होने दें. थोड़ी ही देर में ये आटे जैसा बन जाएगा. इसे ढककर करीब 5 मिनट के लिए रख दें ताकि सूजी फूलकर सेट हो जाए.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

स्टेप 2: आलू की मसालेदार फिलिंग बनाएं
अब एक पैन में 2 चम्मच तेल गरम करें. उसमें राई, साबुत लाल मिर्च और करी पत्ता डालें. हल्की खुशबू आए तो मूंगफली के दाने और एक चम्मच चना दाल डालकर थोड़ा भून लें. अब इसमें उबले हुए 4 मध्यम आकार के आलू तोड़कर डालें. स्वादानुसार नमक और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालें. अच्छे से मिलाकर मैशर से हल्का मैश कर लें. आखिर में बारीक कटा हरा धनिया डाल दें. आपकी फिलिंग तैयार है.

स्टेप 3: सूजी बॉल्स तैयार करें
अब सूजी के सेट मिश्रण में एक चम्मच तेल डालकर इसे अच्छी तरह गूंथ लें ताकि ये नरम हो जाए. इसमें से छोटी-छोटी लोई लें और हथेली पर फैलाकर उसमें आलू की फिलिंग भर दें. फिर इसे गोल बंद कर कचौरी या बॉल जैसा आकार दें. इसी तरह सारे बॉल्स तैयार कर लें.

स्टेप 4: स्टीम और हल्का सेंकें
एक कड़ाही या स्टीमर में पानी गरम करें और उसके ऊपर छलनी या जाली रखें. तैयार सूजी बॉल्स को उस पर रखकर ढक दें और करीब 15 मिनट मध्यम आंच पर स्टीम करें. इससे बॉल्स अंदर से पक जाएंगे. अब एक पैन में थोड़ा तेल गरम करें, उसमें राई डालें और स्टीम किए हुए बॉल्स रख दें. हल्का पलटते हुए दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंक लें. ऊपर से तिल छिड़क दें.

सर्व करने का तरीका
गरम-गरम सूजी आलू बॉल्स को प्लेट में निकालें और हरी चटनी या टमाटर सॉस के साथ परोसें. चाहें तो इन्हें बीच से काटकर बर्गर की तरह भी सर्व कर सकते हैं.

परफेक्ट स्वाद के लिए टिप्स
सूजी का मिश्रण ज्यादा सूखा न हो, वरना बॉल्स बनाते समय फट सकता है. आलू की फिलिंग ज्यादा गीली न रखें. स्टीम करने के बाद ही सेंकें, तभी अंदर से नरम और बाहर से कुरकुरा टेक्सचर मिलेगा. चाहें तो फिलिंग में गाजर या मटर भी डाल सकते हैं.

कब बनाएं ये नाश्ता
ये रेसिपी खासतौर पर सुबह के नाश्ते, बच्चों के टिफिन, शाम की हल्की भूख या मेहमानों के लिए बढ़िया है. त्योहार या पार्टी में भी इसे स्टार्टर की तरह परोसा जा सकता है.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related