हमीरपुर में 32 डिग्री पहुंचा तापमान, यूपी में पड़ने लगी भीषण गर्मी, आज कैसा रहेगा मौसम, जानें अपडेट

Date:


वाराणसी:मार्च की शुरुआत से पहले ही यूपी का मौसम पूरी तरह बदल चुका है. दोपहर के वक्त फरवरी के आखरी सप्ताह में अप्रैल जैसी गर्मी का अहसास करा रही है. फरवरी महीने में ही यूपी में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले 2 से 3 दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अभी और उछाल आएगा. राजधानी लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार (27 फरवरी) को यूपी के पूर्वी और पश्चिमी संभाग में मौसम शुष्क रहेगा. इस दौरान सभी 75 जिलों को मौसम विभाग ने ग्रीन जोन में रखा है. यानी इन जिलों में बारिश,आंधी और कोहरे को लेकर कोई चेतावनी नहीं जारी हुई है. 28 फरवरी को भी प्रदेश के सभी जिलों में आसमान साफ होगा और दिन चढ़ने के साथ धूप भी खिली रहेगी. 1,2 और 3 मार्च को भी मौसम ऐसा ही रखने का पूर्वानुमान जारी है.

शुक्रवार को अयोध्या, सीतापुर, श्रावस्ती, प्रयागराज, प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली, गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, कुशीनगर, लखनऊ, ललितपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, वाराणसी, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, इटावा, कन्नौज, मैनपुरी, बहराइच, आजमगढ़, बलरामपुर, महराजगंज, बलिया, मऊ, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, लखीमपुर और आस पास के जिलों में सुबह से धूप खिली रहेगी. अनुमान है कि ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 28 से 33 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा.

नोएडा और गाजियाबाद में धूप हुई तीखी
दिल्ली से सटे नोएडा में भी अब तापमान धीरे धीरे चढ़ने लगा है. तापमान बढ़ने के साथ यहां धूप की तल्खी भी लोगों को सताने लगी है. मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को यहां आसमान पूरी तरह साफ होगा और चटक धूप भी खिली रहेगी. आज यहां न्यूनतम तापमान 15 और अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की उम्मीद है. उधर,गाजियाबाद में भी मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है.

होली से पहले एक्टिव होगा नया पश्चिमी विक्षोभ
बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि  होली से पहले एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा.अनुमान है अगले कुछ दिनों में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ज्यादा होगा.

हमीरपुर में तापमान सबसे ज्यादा
बताते चलें कि अब बीते 24 घंटे में प्रदेश में सर्वाधिक तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस हमीरपुर में रिकॉर्ड हुआ.वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अयोध्या में 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related