Golden Horizon ALBM: मॉडर्न एज वॉर में मिसाइल की भूमिका काफी अहम है. घर बैठे एक बटन दबाते ही दुश्मन के खेमे में तबाही लाई जा सकती है. आज दुनिया के कई देशों के पास ऐसी कई मिसाइल्स हैं, जो सैकडों टन विस्फोटक लेकर हजारों किलोमीटर तक ट्रैवल कर टार्गेट पर अटैक कर सकती हैं. इन्हें इंटर-कॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल यानी ICBM कहा जाता है. भारत ने अग्नि सीरीज के तहत इस तरह की मिसाइल डेवलप की है. अग्नि-5 बैलिस्टिक मिसाइल न्यूक्लियर वेपन ले जाने में सक्षम है. भारतीय डिफेंस साइंटिस्ट ऐसी मिसाइल डेवलप करने में जुटे हैं, जिसका इस्तेमाल बंकर बस्टर की तरह किया जा सके. बता दें कि अधिकांश देश अपने संवेदनशील सैन्य ठिकानों और परमाणु बम बनाने वाले प्लांट को जमीन के अंदर सुरक्षित कर रहे हैं. पिछले साल अमेरिका ने बंकर बस्टर बम का इस्तेमाल कर ईरान के ऐसे ही एक परमाणु ठिकाने को तबाह करने का दावा किया था. ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने किराना हिल्स को टार्गेट कर पाकिस्तान को तबाही का ट्रेलर दिखाया था. पाकिस्तान का परमाणु ठिकाना किराना हिल्स की पहाड़ियों में ही अंडरग्राउंड स्थित है. इस अटैक से इस्लामाबाद थर-थर कांपने लगा था. अब भारत को अपने मिसाइल बेड़े में ब्रह्मोस से भी खतरनाक मिसाइल एड करने का ऑफर मिला है. इजरायल ने भारत को बेहद खतरनाक और सामरिक रूप से महत्वपूर्ण गोल्डन होराइजन एयर लॉन्च्ड बैलिस्टिक मिसाइल (ALBM) का ऑफर दिया है. यह मिसाइल डीप स्ट्राइक करने में सक्षम है. रेंज और स्पीड के मामले में यह मिसाइल ब्रह्मोस से दो कदम आगे है.
इजरायल की ओर से भारत को लंबी दूरी की मारक क्षमता बढ़ाने के लिए ‘गोल्डन होराइजन’ एयर-लॉन्च्ड बैलिस्टिक मिसाइल (ALBM) की पेशकश किए जाने की खबर सामने आई है. अगर यह प्रस्ताव आगे बढ़ता है तो भारत की स्ट्रैटजिक स्ट्राइक कैपेबिलिटी में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. यह मिसाइल खास तौर पर गहरे और अत्यधिक सुरक्षित ठिकानों पर हमला करने के लिए डिजाइन की गई बताई जा रही है. यह मिसाइल इजरायल की ‘सिल्वर स्पैरो’ टार्गेट मिसाइल पर आधारित बताई जाती है, जिसकी लंबाई लगभग आठ मीटर और वजन करीब तीन टन है. सिल्वर स्पैरो का इस्तेमाल पहले मिसाइल डिफेंस सिस्टम के ट्रायल के दौरान बैलिस्टिक खतरे की नकल करने के लिए किया जाता था. अब इसी तकनीक को ऑपरेशनल हथियार में बदलकर गोल्डन होराइजन को एक कॉम्बैट-रेडी डीप-स्ट्राइक सिस्टम के रूप में विकसित किया गया है. रिपोर्ट के अनुसार, यह मिसाइल लड़ाकू विमानों से लॉन्च की जा सकती है और दुश्मन के अत्यधिक सुरक्षित रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाने में सक्षम होगी. हालांकि, इसकी आधिकारिक तकनीकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन विभिन्न रक्षा आकलनों के अनुसार इसकी मारक क्षमता 1500 से 2000 किलोमीटर तक हो सकती है. कुछ अनुमान इसकी न्यूनतम प्रभावी रेंज लगभग 1000 किलोमीटर बताते हैं, जो पारंपरिक एयर लॉन्च्ड वेपन से काफी अधिक है.
गोल्डन होराइजन मिसाइल को Su-30MKI में इंटीग्रेट करने की योजना है, जिसने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान में घुसकर तबाही मचाई थी. (फाइल फोटो/PTI)
गोल्डन होराइजन: कुछ नहीं बचेगा
यह प्रस्ताव ऐसे समय सामने आया है जब Indian Air Force अपनी स्टैंड-ऑफ स्ट्राइक क्षमता को लगातार मजबूत कर रही है. भारतीय वायुसेना युद्धक्षेत्र के सामरिक लक्ष्यों से लेकर लंबी दूरी के रणनीतिक ठिकानों तक अलग-अलग स्तर की मारक क्षमता विकसित करने पर जोर दे रही है. भारत के पास पहले से ही इजरायल से प्राप्त कई सटीक हमले करने वाले हथियार मौजूद हैं, जो युद्धक्षेत्र में तेज और सटीक कार्रवाई के लिए उपयोग किए जाते हैं, लेकिन गोल्डन होराइजन जैसी मिसाइल भारत को रणनीतिक स्तर पर अधिक गहरी मार करने की क्षमता दे सकती है. इस तरह के सिस्टम से भारत की ‘डीप स्ट्राइक’ क्षमता मजबूत होगी और भविष्य की सैन्य रणनीति में नया लेयर जुड़ सकता है. इजरायल पहले ही भारत को कई उन्नत मिसाइल सिस्टम उपलब्ध करा चुका है. इनमें एयर लोरा मिसाइल शामिल है, जिसकी मारक क्षमता लगभग 400 किलोमीटर है, जबकि रैम्पेज एयर-टू-सर्फेस मिसाइल करीब 250 किलोमीटर तक हमला कर सकती है. ये दोनों मिसाइलें मुख्य रूप से रडार स्टेशन, एयर डिफेंस सिस्टम, हथियार भंडार और कमांड सेंटर जैसे सामरिक लक्ष्यों को नष्ट करने के लिए डिजाइन की गई हैं. लेकिन गोल्डन होराइजन इनसे अलग श्रेणी का हथियार है. इसे खास तौर पर अंडरग्राउंड न्यूक्लियर फैसिलिटी, मजबूत कमांड बंकर्स और कंक्रीट से सुरक्षित रणनीतिक ढांचों को नष्ट करने के लिए विकसित किया गया बताया जाता है.
Golden Horizon मिसाइल क्या है?
यह एक एयर-लॉन्च्ड बैलिस्टिक मिसाइल है, जिसे लड़ाकू विमान से दागा जा सकता है. इसे इज़राइल की Silver Sparrow टारगेट मिसाइल तकनीक पर आधारित माना जाता है, जो पहले मिसाइल रक्षा परीक्षणों में इस्तेमाल होती थी.
इस मिसाइल की मारक क्षमता कितनी बताई जा रही है?
आधिकारिक जानकारी नहीं है, लेकिन अनुमान के अनुसार इसकी रेंज 1,000 से 2,000 किलोमीटर तक हो सकती है. यह दूरी भारत के मौजूदा एयर-लॉन्च्ड हथियारों से कहीं अधिक है.
इसका उपयोग किन लक्ष्यों पर किया जाएगा?
Golden Horizon को गहरे भूमिगत और मजबूत संरचनाओं जैसे परमाणु ठिकानों, कमांड बंकर और रणनीतिक सैन्य ढांचे को निशाना बनाने के लिए डिजाइन किया गया है.
यह मिसाइल इतनी खतरनाक क्यों मानी जा रही है?
यह बैलिस्टिक ट्रैजेक्टरी में उड़ान भरती है और अंतिम चरण में हाइपरसोनिक गति के करीब पहुंच सकती है, जिससे इसे रोकना बेहद मुश्किल हो जाता है. इसकी तेज गति से टकराने पर भारी विनाशकारी ऊर्जा पैदा होती है.
भारत के पास पहले से कौन-सी समान मिसाइलें हैं?
इंडियन एयरफोर्स के पास पहले से Air LORA (लगभग 400 किमी रेंज) और Rampage (करीब 250 किमी रेंज) जैसी मिसाइलें हैं, लेकिन ये मुख्य रूप से सामरिक लक्ष्यों के लिए हैं. Golden Horizon रणनीतिक स्तर के हमलों के लिए अलग श्रेणी की प्रणाली होगी.
क्या भारत ने इस मिसाइल को खरीदने का फैसला कर लिया है?
अभी तक किसी आधिकारिक खरीद की पुष्टि नहीं हुई है. बातचीत प्रारंभिक चरण में बताई जा रही है, लेकिन इससे भारत की लंबी दूरी की सैन्य रणनीति में बदलाव के संकेत मिलते हैं.
हाइपरसोनिक रफ्तार से अटैक
एयर-लॉन्च्ड बैलिस्टिक मिसाइल होने के कारण गोल्डन होराइजन लक्ष्य की ओर बढ़ते समय बैलिस्टिक मार्ग अपनाती है. लॉन्च के बाद यह ऊंचाई पर जाकर अत्यधिक तेज गति से नीचे आती है. इसकी अंतिम चरण की गति हाइपरसोनिक स्तर (कम से कम 6100 KMPH की रफ्तार) तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जिससे इसे रोकना मॉडर्न डे एयर डिफेंस सिस्टम के लिए भी बेहद कठिन हो सकता है. इतनी तेज गति से टकराने पर उत्पन्न गतिज ऊर्जा लक्ष्य की सतह को भेदने की क्षमता को काफी बढ़ा देती है. यही कारण है कि मजबूत कंक्रीट स्ट्रक्चर या भूमिगत ठिकानों के खिलाफ इस प्रकार के हथियार बेहद प्रभावी माने जाते हैं. आधुनिक सैन्य ढांचे में रणनीतिक ठिकानों को अक्सर मोटी कंक्रीट दीवारों, भूमिगत संरचनाओं और भौगोलिक सुरक्षा के जरिए सुरक्षित रखा जाता है. ऐसे लक्ष्यों को नष्ट करने के लिए उच्च सटीकता के साथ-साथ भारी प्रभाव ऊर्जा भी जरूरी होती है, जिसे गोल्डन होराइजन जैसे सिस्टम पूरा करने के लिए डिजाइन किए जाते हैं.
मिसाइल खरीद पर कहां तक पहुंची बात
फिलहाल भारत द्वारा इस मिसाइल की खरीद को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और यदि बातचीत चल रही है तो वह प्रारंभिक चरण में ही बताई जा रही है. हालांकि, रक्षा विश्लेषकों का मानना है कि भारत के मूल्यांकन में इस तरह के सिस्टम का शामिल होना ही देश की बदलती सैन्य रणनीति को दर्शाता है. जहां एयर लोरा और रैम्पेज जैसी मिसाइलें युद्धक्षेत्र में त्वरित और सटीक कार्रवाई सुनिश्चित करती हैं, वहीं गोल्डन होराइजन जैसे हथियार रणनीतिक संदेश देने वाले मिशनों के लिए उपयोगी हो सकते हैं. यदि भविष्य में यह मिसाइल भारतीय शस्त्रागार का हिस्सा बनती है, तो इससे भारत की लंबी दूरी की सटीक हमले की क्षमता में महत्वपूर्ण वृद्धि हो सकती है और क्षेत्रीय सुरक्षा संतुलन पर भी इसका प्रभाव पड़ सकता है.


