779 युवाओं को नौकरी, लेकिन टाटा मोटर्स में हुआ सबसे ज्यादा चयन, पूरी कहानी यहां

Date:


चंदौली. उत्तरप्रदेश रोजगार मिशन के अन्तर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय, चंदौली की ओर से राजकीय आईटीआई, रेवसा में दिनांक 21 फरवरी 2026 को वृहद रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया. इस मेले में लगभग 36 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया और करीब 2000 अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई. चयन प्रक्रिया के उपरांत 779 अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों की ओर से जॉब ऑफर प्रदान किए गए.

राज्यसभा सांसद ने किया शुभारंभ 
रोजगार मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने फीता काटकर किया. अपने संबोधन में उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं को आगे बढ़कर रोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बनकर न केवल अपने परिवार बल्कि प्रदेश एवं देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं.

मेले में इन कंपनियों ने लिया भाग 
मेले में प्रमुख कंपनियों जैसे हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, एमआरएफ टायर्स, अशोक लेलैंड, श्नाइडर इलेक्ट्रिक, टाटा मोटर्स, लावा इंटरनेशनल, यूफ्लेक्स लिमिटेड, डिक्सन टेक्नोलॉजीज सहित अन्य कंपनियों ने भाग लिया और विभिन्न तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया. कार्यक्रम में उत्तरप्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य शिवमंगल बियार, सांसद प्रतिनिधि राघव सिंह, संतोष गुप्ता, जिला कार्यालय प्रभारी सुरेश गुप्ता, अमन, विनय एवं अशोक गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही.

रोजगार के अवसरों की दी जानकारी 
जिला सेवायोजन अधिकारी गिरीजेश कुमार गुप्ता ने मेले में उपस्थित अभ्यर्थियों से संवाद कर उन्हें तकनीकी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार अवसरों की जानकारी दी और उनकी योग्यता के अनुरूप विभिन्न कंपनियों में साक्षात्कार देने हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया. कार्यक्रम के सफल संचालन में उपनिदेशक (सेवायोजन) रविशेखर आनन्द, राजकीय आईटीआई रेवसा के प्रधानाचार्य ई. अजय कुमार, यूईबीबीएचयू के उपप्रमुख गौरव सिंह, गाजीपुर के जिला सेवायोजन अधिकारी विवेकानन्द सिंह और कार्यदेशक आनन्द कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया.

टाटा मोटर्स के लिए हुआ अधिक चयन
जिला सेवायोजन अधिकारी गिरीजेश कुमार गुप्ता ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि इस रोजगार मेले में युवाओं को बड़े पैमाने पर अवसर मिले हैं. सबसे अधिक चयन टाटा मोटर्स के लिए चयन हुआ है. इसके अलावा बेंगलुरु स्थित आईफोन निर्माण से जुड़ी कंपनी में भी नियुक्तियां हुई हैं, जहां महिलाओं को भी अच्छी संख्या में मौका मिला है. वहीं, सुरक्षा सेवाएं प्रदान करने वाली कंपनी पेरेग्रीन गार्डिंग में भी काफी युवाओं का चयन किया गया है. चयनित अभ्यर्थियों को साल भर की नौकरी उपलब्ध कराई गई है.

अन्य जिलों के युवाओं को भी मिला अवसर 
वहीं, उन्होंने बताया कि अधिकांश युवा चंदौली जिले के थे, लेकिन आसपास के जिलों जैसे वाराणसी, गाजीपुर और यहां तक कि बिहार से भी अभ्यर्थी रोजगार मेले की सूचना पाकर पहुंचे थे. कंपनियों से बातचीत में यह स्पष्ट हुआ कि स्थानीय युवाओं के साथ-साथ अन्य जिलों के युवाओं को भी अवसर मिला है.

युवा अपने भविष्य को संवारने पर दें ध्यान 
जिला सेवायोजन अधिकारी ने युवाओं से अपील की कि जिस पद पर उनका चयन हुआ है, उसे जरूर ज्वाइन करें. उन्होंने कहा कि करियर की शुरुआत में वेतन से ज्यादा महत्व अनुभव और सीखने का होता है. यदि युवा एक-दो साल पूरी लगन और मेहनत से काम करते हैं, तो वही अनुभव आगे चलकर उन्हें बेहतर मुकाम तक पहुंचाने में मदद करेगा. इसलिए सैलरी को कम महत्व देते हुए अपने भविष्य को संवारने पर ध्यान दें और मिले अवसर का पूरा लाभ उठाएं.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related