2014 में आई फिल्म ‘जय हो’ में सलमान खान के साथ नजर आईं, उनकी को स्टार्स सह-कलाकार डेजी शाह ने उनकी हेल्थ पर बड़ा अपडेट दिया है. जिसके बाद फैंस ने राहत की सांस ली है.
डेजी शाह ने क्या कहा?
सलमान खान के साथ ‘जय हो’ और ‘रेस 3’ में काम कर चुकीं डेजी शाह ने फिल्मीज्ञान से बातचीत में बताया कि वह लगातार सलमान खान और उनके परिवार के संपर्क में हैं. उन्होंने कहा, ‘मैं सलीम सर से नहीं मिल पाई, लेकिन सलमान सर और उनके परिवार के लगातार संपर्क में हूं. सलीम सर अब बिल्कुल ठीक हैं. वह अब स्थिर हैं. सर्जरी अच्छी रही, यह सफल रही और वह निगरानी में हैं, लेकिन वह अब खतरे से बाहर हैं.’
सलीम खान को 17 फरवरी 2026 को लीलावती हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था, जहां न्यूनतम ब्रेन हैमरेज की वजह से सर्जिकल प्रक्रिया की गई. डॉक्टरों ने पहले वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा था, लेकिन अब हालत सुधर रही है.
परिवार को मिली राहत, लेकिन गोपनीयता पर नाराजगी
जहां एक ओर ऑपरेशन सफल रहने से परिवार और प्रशंसकों ने राहत की सांस ली, वहीं अस्पताल द्वारा जारी किए गए सार्वजनिक मेडिकल बुलेटिन को लेकर असहमति की खबरें भी सामने आईं. ‘वैरायटी इंडिया’ की रिपोर्ट के अनुसार, खान परिवार इस बात से नाराज था कि स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी मीडिया में साझा की गई.
सूत्रों के हवाले से कहा गया कि परिवार का मानना है कि किसी भी हेल्थ अपडेट को सार्वजनिक करना या न करना पूरी तरह परिवार के विवेक पर होना चाहिए. चिकित्सा संबंधी जानकारी निजी विषय है और इसे बिना अनुमति साझा नहीं किया जाना चाहिए. सूत्र ने आगे बताया, ‘सलमान और उनका परिवार डॉक्टर के सार्वजनिक बयान से नाराज थे और उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कह दिया है कि वे आगे कोई विवरण सार्वजनिक नहीं करना चाहते.’ इसके बाद से अस्पताल ने सलीम खान के स्वास्थ्य पर कोई और बयान जारी नहीं किया है.
इंडस्ट्री ने दिखाया सपोर्ट
सलीम खान के अस्पताल में भर्ती होने के बाद से बॉलीवुड के कई दिग्गज उनसे मिलने पहुंचे. शाहरुख खान, आमिर खान, रणवीर सिंह, जावेद अख्तर, सुभाष घई, संजय दत्त सहित कई हस्तियां लीलावती अस्पताल पहुंचीं और परिवार से मिलकर सलीम खान के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. फैंस को इंतजार अब उस दिन का है, जब सलीम खान जल्द सेहतमंद होकर घर पहुंचेंगे


