Last Updated:
Boundary Setting: आज के समय में लोगों को खुश करते करते खुद को खो देना बहुत आम बात हो गई है. बॉउंड्री सेट यानी अपनी सीमाएं तय करना मानसिक शांति के लिए जरूरी है. हर बात पर हां कहना बंद करना और अपनी जरूरत समझना पहला कदम है. शांत तरीके से मना करना रिश्तों को बिगाड़ता नहीं, बल्कि मजबूत करता है. जब आप खुद की इज्जत करते हैं तभी लोग भी आपकी कदर करते हैं.
Boundary Setting: कई बार हम इतने ज्यादा दूसरों की खुशी के बारे में सोचने लगते हैं कि धीरे धीरे खुद को भूल जाते हैं. किसी का काम मना नहीं कर पाते, हर कॉल तुरंत उठाते हैं, हर मैसेज का जवाब तुरंत देते हैं, हर मौके पर हां कह देते हैं. बाहर से सबको लगता है कि आप बहुत अच्छे इंसान हैं, लेकिन अंदर ही अंदर आप थक चुके होते हैं. आपको लगता है कि आपके पास अपने लिए समय ही नहीं बचा.
मन में चिडचिडापन भी आता है, लेकिन आप बोल नहीं पाते. यही वह स्थिति है जहां आपको समझना चाहिए कि अब बॉउंड्री सेट यानी अपनी सीमाएं तय करना जरूरी है. यह स्वार्थ नहीं है, यह खुद की इज्जत करना है. जब आप खुद को महत्व देते हैं, तभी दूसरे भी आपको गंभीरता से लेते हैं. नीचे दिए गए 5 आसान तरीके आपकी मदद कर सकते हैं.
1. हर बात पर तुरंत हां मत कहें: अगर कोई आपसे कोई काम कहे तो तुरंत जवाब देने की जरूरत नहीं है. आप कह सकते हैं कि मैं सोचकर बताऊंगा. इससे आपको फैसला लेने का समय मिलेगा. हर बार हां कहना जरूरी नहीं है. अगर आप थके हुए हैं या आपके पास समय नहीं है, तो साफ शब्दों में मना करना सीखें.
Add News18 as
Preferred Source on Google
2. अपनी जरूरतों को पहचानें: पहले यह समझें कि आपको क्या पसंद है और क्या नहीं. क्या आपको अकेले समय चाहिए? क्या आप वीकेंड पर आराम करना चाहते हैं? जब आप अपनी जरूरतों को समझेंगे तभी उन्हें बचा पाएंगे. रोज 20 से 30 मिनट सिर्फ अपने लिए निकालें.
3. साफ और शांत तरीके से बात रखें: बॉउंड्री सेट करने का मतलब झगड़ा करना नहीं है. आप शांत तरीके से कह सकते हैं कि मुझे यह ठीक नहीं लगता या मुझे अभी आराम की जरूरत है. जब आप बिना गुस्से के अपनी बात रखते हैं तो सामने वाला भी समझता है.
4. हर किसी को खुश करना आपकी जिम्मेदारी नहीं: यह समझना बहुत जरूरी है कि हर इंसान की उम्मीदें पूरी करना आपके बस में नहीं है. अगर कोई आपसे नाराज होता है क्योंकि आपने मना किया, तो यह आपकी गलती नहीं है. खुद को बार बार दोष देना बंद करें.
5. अपने समय की कदर करें: समय सबसे कीमती चीज है. अगर आप हर समय दूसरों के लिए उपलब्ध रहेंगे तो आपके पास अपने सपनों के लिए समय नहीं बचेगा. अपने काम, आराम और रिश्तों के बीच बैलेंस बनाएं.
क्यों जरूरी है बॉउंड्री सेट: जब आप अपनी सीमाएं तय करते हैं तो मानसिक शांति मिलती है. आप कम स्ट्रेस महसूस करते हैं. रिश्ते भी साफ और ईमानदार बनते हैं क्योंकि आप दिखावा नहीं करते. धीरे धीरे लोग भी आपकी सीमाओं का सम्मान करने लगते हैं.


