सलीम खान की सलामती के लिए परिवार और फैंस सभी दुआएं कर रहे हैं. इस मुश्किल घड़ी में सलमान खान अपने पिता के साथ डटे हुए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह मड आईलैंड पर अपनी फिल्म ‘बैटल ऑफ गालवान’ की शूटिंग छोड़कर तुरंत अस्पताल पहुंचे और लगातार पिता के कमरे के बाहर डेरा डाले हुए हैं.
वो बहुत नर्वस थे
बीते साल अगस्त में प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई डॉक्यूमेंट्री ‘एंग्री यंग मेन’ में सलमान का एक पुराना बयान इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. डॉक्यूमेंट्री की डायरेक्टर नम्रता राव ने बताया था कि सलमान अपने पिता के बारे में बात करते हुए कितने नर्वस थे. उन्होंने कहा था, ‘मैंने शूट से पहले उनसे मुलाकात की और बताया कि मैं उनसे कैसे भाग लेने की उम्मीद कर रही हूं और वह बहुत स्पोर्टिंग थे. वह सभी भाई-बहनों में सबसे बड़े हैं और जिन्होंने सलीम-जावेद को सबसे ज्यादा साथ काम करते देखा है.’ नम्रता ने आगे कहा था, ‘उनके दिल में अपने पिता के लिए बहुत सॉफ्ट कॉर्नर है और वह इसे सही तरीके से करना चाहते थे. इसलिए वह नर्वस थे कि पिता खुश रहें.’
सलीम-जावेद की जोड़ी ने बदली हिंदी सिनेमा की दिशा
सलीम खान और जावेद अख्तर की जोड़ी ने 1970 के दशक में हिंदी सिनेमा को नई पहचान दी. शोले, दीवार और जंजीर जैसी कालजयी फिल्मों की पटकथा लिखकर उन्होंने ‘एंग्री यंग मैन’ की छवि को जन्म दिया. इन फिल्मों ने न सिर्फ अमिताभ बच्चन जैसे सितारों को नई ऊंचाई दी, बल्कि पटकथा लेखकों को भी फिल्म इंडस्ट्री में अलग पहचान दिलाई.
डॉक्टर का हेल्थ अपडेट: ‘स्थिति स्थिर है’
18 फरवरी को लीलावती अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर डॉ. जलील पारकर ने मीडिया से बातचीत में बताया कि सलीम खान की हालत फिलहाल स्थिर है. उन्होंने कहा कि उन्हें हाई ब्लड प्रेशर और हल्के ब्रेन हेमरेज के कारण वेंटिलेटर पर रखा गया था, लेकिन यह एहतियातन कदम था. डॉक्टर के मुताबिक, ‘वह अब स्थिर हैं और रिकवरी की प्रक्रिया जारी है. उम्र एक महत्वपूर्ण कारक है, इसलिए पूरी तरह ठीक होने में समय लगेगा.’
मुश्किल घड़ी में परिवार है साथ
सलमान के अलावा परिवार के सदस्य सलमा खान, हेलेन, अरबाज खान, सोहेल खान, शूरा, अलवीरा अग्निहोत्री और अर्पिता खान भी अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल ले रहे हैं. फिलहाल फैंस और फिल्म इंडस्ट्री सलीम खान के जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं.


