Last Updated:
Tips To Reduce High Uric Acid: हाई यूरिक एसिड को कंट्रोल करने के लिए प्यूरीन वाले फूड्स से दूरी बनानी चाहिए. पर्याप्त पानी पीना, शराब से दूरी रखना और वजन संतुलित रखने से भी राहत मिल सकती है. फाइबर और विटामिन C से भरपूर डाइट का सेवन करने से भी यूरिक एसिड कम करने में मदद मिल सकती है. अपनी लाइफस्टाइल में भी जरूरी सुधार करना चाहिए.
ज्यादा पानी पीने से भी यूरिक एसिड का लेवल कम हो सकता है.
Simple Ways to Control Uric Acid: हाई यूरिक एसिड की समस्या अब बहुत तेजी से बढ़ रही है. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो इसका मुख्य कारण गलत खानपान, खराब लाइफस्टाइल और फिजिकल एक्टिविटी की कमी है. जब शरीर में यूरिक एसिड की मात्रा बढ़ जाती है, तो यह जोड़ों में क्रिस्टल के रूप में जमा होकर दर्द, सूजन और गाउट जैसी समस्याएं पैदा कर सकता है. यूरिक एसिड एक प्राकृतिक वेस्ट प्रोडक्ट है, प्यूरीन नामक तत्वों के पाचन से बनता है. अगर शरीर इसे सही तरीके से बाहर नहीं निकाल पाता या प्यूरीन का सेवन अधिक हो जाता है, तो इसका स्तर बढ़ सकता है. कुछ घरेलू उपाय और जीवनशैली में बदलाव अपनाकर इसे प्राकृतिक रूप से कंट्रोल किया जा सकता है.
ज्यादा फ्लूड लेने से किडनी यूरिक एसिड को तेजी से बाहर निकालने में मदद करती है. शरीर के लगभग 70 प्रतिशत यूरिक एसिड को किडनी फिल्टर करती है. इसलिए दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना. खासकर गर्म मौसम में खूब पानी पीना बेहद जरूरी है. साथ ही शराब का सेवन सीमित या बंद करना चाहिए. बीयर जैसे कुछ अल्कोहलिक पेय में प्यूरीन की मात्रा अधिक होती है और वे शरीर को डिहाइड्रेट भी करते हैं, जिससे यूरिक एसिड का स्तर बढ़ सकता है.
वजन को संतुलित रखना और ब्लड शुगर कंट्रोल में रखना भी यूरिक एसिड के मरीजों के लिए जरूरी होता है. ज्यादा वजन होने से किडनी की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है और यूरिक एसिड का उत्पादन बढ़ सकता है. मोटापा और इंसुलिन रेजिस्टेंस का संबंध भी हाई यूरिक एसिड से जुड़ा पाया गया है. इसलिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और शुगर कंट्रोल करना बेहद जरूरी है. तेजी से वजन घटाने की बजाय धीरे-धीरे और स्वस्थ तरीके से वजन कम करना बेहतर होता है.
फाइबर युक्त आहार यूरिक एसिड को अवशोषित करने और शरीर से बाहर निकालने में मदद कर सकता है. साबुत अनाज, फल, सब्जियां और दालें अच्छे स्रोत हैं. विटामिन C भी यूरिक एसिड के स्तर को कम करने में सहायक माना जाता है. संतरा, आंवला, कीवी, स्ट्रॉबेरी और अन्य खट्टे फल विटामिन C के अच्छे स्रोत हैं. हालांकि सप्लीमेंट लेने से पहले डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है. इसके अलावा कई रिसर्च में पाया गया है कि चेरी और बिना शक्कर वाले टार्ट चेरी जूस का सेवन यूरिक एसिड स्तर को कम करने और गाउट अटैक के जोखिम को घटाने में मदद कर सकता है.
चेरी में मौजूद एंथोसायनिन नामक एंटीऑक्सीडेंट सूजन को कम करने में सहायक होता है. इसके अलावा कॉफी का सीमित सेवन भी कुछ अध्ययनों में यूरिक एसिड कम करने से जुड़ा पाया गया है. कुल मिलाकर संतुलित आहार, पर्याप्त पानी, शराब से दूरी और नियमित जीवनशैली अपनाकर यूरिक एसिड को नियंत्रित रखा जा सकता है और गाउट के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है. अगर समस्या ज्यादा हो, तो डॉक्टर से मिलकर प्रॉपर ट्रीटमेंट कराएं.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें


