Last Updated:
ठंड के कारण जोड़ों में अकड़न बढ़ जाती है और चलने-फिरने में परेशानी होने लगती है. ऐसे में योग विशेषज्ञ प्रशांत पोखरियाल ने कुछ ऐसे आसान आसन बताए हैं, जिन्हें रोज़ाना करने से घुटनों को मजबूती और दर्द से राहत मिल सकती है.
योगासन
नई दिल्ली: सर्दियों के मौसम में घुटनों का दर्द और जकड़न एक आम समस्या बन जाती है. ठंड के कारण जोड़ों में अकड़न बढ़ जाती है और चलने-फिरने में परेशानी होने लगती है. ऐसे में योग विशेषज्ञ प्रशांत पोखरियाल ने कुछ ऐसे आसान आसन बताए हैं, जिन्हें रोज़ाना करने से घुटनों को मजबूती और दर्द से राहत मिल सकती है.
दंडासन (Dandasana)
सबसे पहले जमीन पर सीधे बैठकर दोनों पैरों को सामने की ओर फैलाएं. हाथों को शरीर के पीछे जमीन पर टिकाएं. पेट अंदर की ओर खींचें, छाती बाहर रखें और गर्दन सीधी रखें. अब पैरों को अपनी ओर खींचें और एड़ी को बाहर की दिशा में दबाव दें. घुटनों को ऊपर की ओर खींचते हुए जांघों की मांसपेशियों को कसें. इस स्थिति में करीब 20 सेकंड तक रुकें. यह आसन घुटनों के आसपास की मांसपेशियों को सक्रिय करता है और स्थिरता बढ़ाता है.
बेल्ट के साथ दंडासन अभ्यास
यदि घुटनों में ज्यादा दर्द है तो योग बेल्ट का उपयोग किया जा सकता है. बेल्ट को पैरों के तलवों पर लगाकर एड़ी को बाहर की ओर दबाएं. हथेलियां शरीर के पास रखें और कोहनियों को नीचे की ओर खींचें. पिंडली की मांसपेशियों को बाहर की ओर हल्का दबाव दें और ध्यान रखें कि नी-कैप ऊपर की ओर स्थिर रहे. जांघें कसी हुई हों. इस स्थिति में 30 सेकंड तक रुकें. यह अभ्यास घुटनों को अतिरिक्त सपोर्ट देता है.
सांसों के साथ साइड मूवमेंट
दंडासन की स्थिति से ही पैर को अपनी ओर लॉक करें. अब सांस अंदर लेते हुए पैर को साइड की ओर ले जाएं और सांस छोड़ते हुए नीचे लाएं. इस क्रिया को 3 से 5 बार दोहराएं. सांसों के साथ यह मूवमेंट करने से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और जोड़ों की जकड़न कम होती है.
घुटना चक्रासन
अंत में घुटना चक्रासन करें, घुटनों को 10 बार घड़ी की दिशा में घुमाएं और फिर 10 बार विपरीत दिशा में घुमाएं. यह अभ्यास घुटनों में लचीलापन बढ़ाता है और जोड़ों की गतिशीलता को बेहतर बनाता है. नियमित अभ्यास से सर्दियों में होने वाला दर्द धीरे-धीरे कम हो सकता है.
एक्सपर्ट की सलाह
योगाचार्य प्रशांत पोखरियाल बताते हैं कि इन आसनों को रोज़ाना करने से घुटनों को मजबूती मिलती है, लेकिन यदि दर्द पुराना या गंभीर है तो डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें


