microsoft employee steve ballmer net worth more than founder bill gates how he made it possible | माइक्रोसॉफ्ट का 30वां कर्मचारी बिल गेट्स से अमीर, सिर्फ डिविडेंड से साल में कमा लेता है 8000 करोड़ रुपये

Date:


दुनियाभर में कंप्यूटर पर काम करने वालों में से लगभग 70 फीसदी विंडोज (Windows) का इस्तेमाल करते हैं. ऐसे में आप अंदाजा लगा सकते हैं कि माइक्रोसॉफ्ट की क्या वैल्यू है. इसका मार्केट कैप 272 ट्रिलियन रुपयों से भी अधिक है. कंपनी की नींव रखने वाले बिल गेट्स के पास फिलहाल कंपनी के एक फीसदी से भी कम शेयर हैं, जबकि उनके द्वारा रखे गए एक कर्मचारी के पास अब भी लगभग 4.48 फीसदी शेयर हैं. बिल गेट्स की नेटवर्थ 97 लाख करोड़ रुपये (107.7 बिलियन डॉलर) है, जबकि उस कर्मचारी के पास 115 लाख करोड़ रुपये (127 बिलियन डॉलर) की संपत्ति है. माइक्रोसॉफ्ट में हायर होने वाला वह 30वां कर्मचारी था. इस वक्त वह दुनिया का सबसे अमीर कर्चमारी माना जाता है. नाम है स्टीव बाल्मर (Steve Ballmer).

बात तब की है, जब बिल गेट्स जवान थे और अपने सपनों को आकार दे रहे थे. माइक्रोसॉफ्ट की स्थापना तो हो चुकी थी, लेकिन तब ये न तो कोई दिग्गज टेक कंपनी थी, न ही उसका नाम आम लोगों की जुबान पर था. कोडिंग इत्यादी का काम तो बिल गेट्स ने खुद कर लिया था, लेकिन उन्हें यह भी आभास था कि कंपनी केवल कोडिंग से नहीं चल सकती. कंपनी को बिजनेस और कारोबार समझने वाले किसी मजबूत हैंड की भी जरूरत है. बिल गेट्स ने काफी सोच विचार के बाद हार्वर्ड के अपने पुराने दोस्त स्टीव बाल्मर को फोन लगाया और उसके सामने एक ऐसा प्रस्ताव रखा, जिसने दोनों की जिंदगी की दिशा बदल दी.

मुनाफे में 10 परसेंट हिस्सेदारी

बाल्मर उस समय एक सिक्योर करियर की राह पर थे. वे प्रॉक्टर एंड गैंबल में काम कर चुके थे और स्टैनफोर्ड से एमबीए कर रहे थे. उनके सामने जमा-जमाया भविष्य था, जबकि माइक्रोसॉफ्ट के साथ जुड़ना किसी जोखिम से कम नहीं था. बिल गेट्स ने बाल्मर को करीब 50,000 डॉलर सालाना वेतन और जो भी मुनाफा वो लाएंगे, उसमें 10 फीसदी हिस्सेदारी का प्रस्ताव दिया. उस वक्त बाल्मर को कंपनी में सीधे तौर पर इक्विटी (शेयर) नहीं मिली थी. लेकिन जैसे-जैसे कंपनी का मुनाफा बढ़ा, वह सिस्टम माइक्रोसॉफ्ट को महंगा लगने लगा. 1981 में जब कंपनी को कॉर्पोरेशन में बदला गया, तब प्रॉफिट शेयरिंग की जगह बाल्मर को कंपनी में लगभग 8 फीसदी हिस्सेदारी दे दी गई. उस समय उन शेयरों की कोई ठोस कीमत नहीं थी, इसलिए यह फैसला भरोसे और दूरदृष्टि पर टिका हुआ था.

कैसे हुई बाल्मर और बिल गेट्स की दोस्ती?

डेट्रॉयट में पले-बढ़े बाल्मर पढ़ाई में तेज थे और गणित में खास पकड़ रखते थे. हार्वर्ड में गेट्स से उनकी दोस्ती सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं रही, बल्कि विचारों की साझेदारी में बदल गई. जब वे माइक्रोसॉफ्ट से जुड़े, तब वे कंपनी के लगभग 30वें कर्मचारी थे. शुरुआत में उनका काम केवल बिजनेस संभालना नहीं था, वे हर छोटे-बड़े फैसले में शामिल रहते थे. उनका स्वभाव गेट्स से बिल्कुल अलग था. जहां गेट्स शांत और टेक्नोलॉजी पर फोकस रखते थे, वहीं बाल्मर जोश से भरे हुए दिखाई देते थे. वे कर्मचारियों में उत्साह भरने के लिए जाने जाते थे, और कंपनी के विस्तार में उनकी भूमिका लगातार बढ़ती गई.

बिल गेट्स ने CEO पद दिया बाल्मर को

साल 2000 में गेट्स ने सीईओ पद छोड़कर जिम्मेदारी बाल्मर को सौंप दी. यह दौर आसान नहीं था. बाजार में Google और Apple जैसी कंपनियां तेजी से उभर रही थीं. आलोचकों ने कहा कि माइक्रोसॉफ्ट स्मार्टफोन और सर्च इंजन की दौड़ में पीछे रह गई. फिर भी आंकड़े बताते हैं कि बाल्मर के कार्यकाल में कंपनी का रेवेन्यू लगभग तीन गुना और मुनाफा दोगुना हुआ. विंडोज और ऑफिस ने अपनी पकड़ मजबूत रखी और क्लाउड सेवाओं की नींव रखी गई, जिसका लाभ आगे चलकर कंपनी को मिला.

14 वर्षों में कहां से कहां पहुंच गई कंपनी

2014 में जब बाल्मर ने सीईओ पद छोड़ा, तब माइक्रोसॉफ्ट का बाजार मूल्य लगभग 315 अरब डॉलर था. बाद में सत्या नडेला (Satya Nadella) के नेतृत्व में क्लाउड और एआई पर जोर दिया गया और कंपनी का मूल्य 3 ट्रिलियन डॉलर से भी आगे निकल गया. बाल्मर ने अपने अधिकांश शेयर संभालकर रखे. आज उनके पास 4 फीसदी से कुछ अधिक हिस्सेदारी है. सिर्फ डिविडेंड के रूप में वे हर साल करीब 1 अरब डॉलर प्राप्त करते हैं. उनकी संपत्ति बिल गेट्स से अधिक होने की एक वजह ये भी है कि गेट्स ने अपनी संपत्ति का बड़ा हिस्सा दान में दे दिया है, जबकि बाल्मर ने निवेश को लंबे समय तक थामे रखा.

आज बाल्मर एनबीए टीम Los Angeles Clippers के मालिक हैं, और कॉर्पोरेट इतिहास में एक अनोखी मिसाल माने जाते हैं. वे कंपनी के संस्थापक नहीं थे, फिर भी एक कर्मचारी और सीईओ के रूप में 100 अरब डॉलर से अधिक की संपत्ति तक पहुंचे.

स्टीव बाल्मर को मिले डिविडेंड की डिटेल

वर्ष (Year) प्रति शेयर डिविडेंड (सालाना) अनुमानित कमाई (USD) भारतीय रुपयों में (लगभग)
2025 (Projected) $3.32 $1.10 बिलियन ₹9,130 करोड़
2024 $3.00 $999.6 मिलियन ₹8,300 करोड़
2023 $2.79 $930 मिलियन ₹7,720 करोड़
2022 $2.48 $826 मिलियन ₹6,850 करोड़
2021 $2.24 $746 मिलियन ₹6,190 करोड़

बिल गेट्स के पास कितने शेयर?

बिल गेट्स के पास माइक्रोसॉफ्ट में हिस्सेदारी 1% से भी कम (लगभग 0.5% से 0.9% के बीच) बची है. हालांकि उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट की स्थापना की थी और कभी उनके पास 45% तक शेयर हुआ करते थे, लेकिन पिछले दो दशकों में उन्होंने अपनी संपत्ति का एक बड़ा हिस्सा बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन (Bill & Melinda Gates Foundation) में दान कर दिया है. 2020 में गेट्स ने माइक्रोसॉफ्ट के बोर्ड से इस्तीफा दे दिया था, ताकि वे जलवायु परिवर्तन, वैश्विक स्वास्थ्य और विकास जैसे परोपकारी कार्यों पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकें.

माइक्रोसॉफ्ट के अधिकांश शेयर अब संस्थागत निवेशकों जैसे द वैनगार्ड ग्रुप (Vanguard Group) और ब्लैकरॉक (BlackRock) के पास हैं.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related