Last Updated:
सोचिए अगर आपका गार्डन सिर्फ हरा-भरा ही नहीं बल्कि सेहत का खजाना भी बन जाए तो कितना कमाल होगा. ऐसा ही एक पौधा है ट्रोपाइओलम माजुस, जिसे गार्डन में नेस्टरशियम के नाम से भी जाना जाता है. यह पौधा न केवल सजावट के लिए खास है, बल्कि इसके औषधीय गुण भी हैरान कर देने वाले हैं. आइए जानते हैं इसके अनोखे फायदे और उपयोग.
सबसे पहले बात श्वसन संबंधी समस्याओं की करे, तो पारंपरिक रूप से यह सर्दी, खांसी और दमा जैसी दिक्कतों में सहायक माना गया है. इसके प्राकृतिक तत्व छाती में जमी बलगम को ढीला करने और संक्रमण से लड़ने में मदद कर सकते हैं. इस पौधे का बदलते मौसम में घरेलू नुस्खों के तौर पर प्रयोग किया जाता है.
ट्रोपाइओलम माजुस में रोगाणुरोधी और एंटीसेप्टिक गुण पाए जाते हैं, जो इसे संक्रमण के खिलाफ मजबूत बनाते हैं. एक्सपर्टों के मुताबिक, यह शरीर में हानिकारक सूक्ष्मजीवों की वृद्धि को रोकने में सहायक हो सकता है. मूत्रवर्धक गुणों के कारण यह मूत्र मार्ग संक्रमण में भी पारंपरिक तौर पर उपयोगी होता आ रहा है.
हृदय स्वास्थ्य के हिसाब से भी यह पौधा चर्चा में रहता है. कुछ अध्ययनों में इसके अर्क को उच्च रक्तचाप नियंत्रित करने में भी बहुत सहायक माना गया है. यहीं नहीं, इसमें पाए जाने वाले ग्लूकोट्रोपेओलिन और एंटीऑक्सीडेंट तत्व शरीर को ऑक्सीडेटिव तनाव से बचाने में बेहद लाभकारी और गुणकारी साबित हो सकते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
ट्रोपाइओलम माजुस बालों और त्वचा रोग के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं है. पारंपरिक उपयोग में इसके अर्क को स्कैल्प पर लगाने से बालों की जड़ों को मजबूती और झड़ना कम हो सकता है. त्वचा पर इसके पत्तों का लेप करने से एक्जिमा, मुंहासे और फोड़े-फुंसी से निजात मिलती है.
राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय नगर बलिया की पांच साल अनुभवी चिकित्साधिकारी डॉ. वंदना तिवारी के अनुसार, पोषण तत्वों की बात करें, तो इसके फूल और पत्तियां खाने योग्य हैं. सलाद में डालने पर यह हल्का तीखा और मिर्च जैसा स्वाद देता हैं. यह विटामिन C से भरपूर होने के कारण स्कर्वी जैसी समस्याओं में भी लाभकारी है.
उद्यान प्रेमियों के लिए भी यह पौधा बहुत खास है. यह न केवल बगीचे को आकर्षक बनाता है, बल्कि कुछ हानिकारक कीड़ों को भी दूर करने में मददगार होता है. कम देखभाल में पनपने की क्षमता इसे हर मौसम का पसंदीदा पौधा बनाती है. इसे सजावट के लिए अधिकतर लोग लगाते हैं.
डॉ. वंदना तिवारी ने आगे बताया कि, किसी भी औषधीय उपयोग से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी होता है. सही जानकारी और संतुलित उपयोग के साथ ट्रोपाइओलम माजुस आपके बगीचे और सेहत दोनों को नया जीवन दे सकता है. अपने मन से उपयोग करने पर किन्हीं परिस्थितियों में हानिकारक भी सिद्ध हो सकता है.


