केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है. रिजिजू ने राहुल गांधी पर ‘भारत विरोधी ताकतों’ से संबंध रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी देश की सुरक्षा के लिए ‘सबसे खतरनाक व्यक्ति’ बन चुके हैं.
किरेन रिजिजू ने समाचार एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश और विदेश में नक्सलियों, अतिवादियों, वैचारिक समूहों और जॉर्ज सोरोस जैसे लोगों से मुलाकात करते रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी भारत की सुरक्षा के लिए सबसे खतरनाक व्यक्ति बन गए हैं, क्योंकि वे भारत विरोधी ताकतों के साथ जुड़ते हैं.’
कांग्रेस पर संसद ठप करने के आरोप
किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कागज फेंकना, नारेबाजी करना और बैनर दिखाना ज्यादातर कांग्रेस का तरीका है. रिजिजू ने कहा, ‘समाजवादी पार्टी भी कभी-कभी ऐसा करती है, लेकिन उनसे बातचीत संभव है. टीएमसी और डीएमके के नेताओं के साथ भी हम काम कर सकते हैं. लेकिन राहुल गांधी के व्यवहार के कारण छोटे दलों के सांसदों को अपने क्षेत्रों के मुद्दे उठाने का मौका नहीं मिल पाता.’
राहुल के चुनाव लड़ने पर आजिवन प्रतिबंध की मांग
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने 12 फरवरी को लोकसभा में राहुल गांधी के खिलाफ प्रस्ताव लाने की जानकारी दी. दुबे ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश को गुमराह कर रहे हैं और इसके पीछे विदेशी ताकतों का समर्थन है. उन्होंने राहुल गांधी की संसद सदस्यता समाप्त करने और आजीवन चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की.
निशिकांत दुबे ने कहा, ‘मैंने लोकसभा में प्रस्ताव दिया है कि राहुल गांधी की सदस्यता खत्म की जाए और उन्हें जीवन भर चुनाव लड़ने से रोका जाए.’
सरकार पर राहुल गांधी का पलटवार
इन आरोपों के बीच राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर राष्ट्रीय हितों से समझौता करने का आरोप लगाया. लोकसभा में बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकार खुद मान चुकी है कि दुनिया एक बड़े वैश्विक संकट से गुजर रही है, जहां भू-राजनीतिक टकराव बढ़ रहे हैं. इसके बावजूद सरकार ने अमेरिका को ऊर्जा और वित्तीय प्रणालियों को ‘हथियार’ की तरह इस्तेमाल करने की छूट दी, जिसका असर भारत पर पड़ रहा है.
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर सफाई
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस बेवजह भ्रम फैला रही है. उन्होंने बताया कि वाणिज्य मंत्री ने सभी पहलुओं पर संसद में विस्तार से जानकारी दी है और किसानों, श्रमिकों, कपड़ा उद्योग या छोटे उद्योगों को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है. रिजिजू ने कहा, ‘यह ऐतिहासिक समय है. विकसित देश भारत के साथ मिलकर काम करना चाहते हैं, यह दिखाता है कि भारत कितना आगे बढ़ चुका है.’
वहीं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर रिजिजू ने कहा कि स्पीकर का काम सदन को चलाना और विपक्ष को बोलने का मौका देना है. उन्होंने कहा कि स्पीकर के कक्ष में घुसकर प्रदर्शन करना गलत था और ओम बिरला ने संयम दिखाया. इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश के तवांग में बर्फ में फंसी कार को धक्का देने के वीडियो पर कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए रिजिजू ने कहा कि मंत्री होने के नाते उनके साथ कैमरामैन का होना स्वाभाविक है और इस पर राजनीति करना गलत है.


