Last Updated:
Garlic Benefits for Nails Growth: महंगे नेल आर्ट और पार्लर ट्रीटमेंट के दौर में अब लोग नाखूनों को मजबूत बनाने के लिए घरेलू नुस्खों की ओर लौट रहे हैं. आपकी रसोई में मौजूद मामूली सा लहसुन कमजोर और चटकते नाखूनों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. आयुष विशेषज्ञ डॉ. राजकुमार के अनुसार, लहसुन में मौजूद सल्फर और सेलेनियम न केवल नाखूनों की ग्रोथ बढ़ाते हैं, बल्कि उन्हें फंगल इन्फेक्शन से भी बचाते हैं.जानिए कैसे इसका सही इस्तेमाल आपकी हाथों की खूबसूरती बढ़ा सकता है और इसे लगाने का सही तरीका क्या है.
आजकल सुंदर और मजबूत नाखून पाने के लिए लोग महंगे नेल ट्रीटमेंट और पार्लर पर हजारों रुपये खर्च कर देते हैं. लेकिन क्या आप जानती हैं कि आपके किचन में ही एक ऐसी साधारण चीज मौजूद है जो आपके नाखूनों को प्राकृतिक रूप से मजबूत और चमकदार बना सकती है. जी हां, लहसुन एक ऐसा घरेलू उपाय है जो बिना किसी साइड इफेक्ट के शानदार परिणाम दे सकता है.
डॉ राजकुमार (आयुष) ने बताया कि लहसुन में मौजूद सल्फर, सेलेनियम और एंटीऑक्सीडेंट्स नाखूनों की जड़ों को पोषण देते हैं. यह नाखूनों को टूटने और बार-बार चटकने से बचाता है. जिन लोगों के नाखून पतले और कमजोर होते हैं, उनके लिए लहसुन किसी वरदान से कम नहीं है. नियमित इस्तेमाल से नाखूनों की ग्रोथ भी बेहतर होती है और उनमें प्राकृतिक चमक आने लगती है.
अगर आपके नाखून पीले पड़ रहे हैं या उनमें फंगल संक्रमण की समस्या है, तो भी लहसुन बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है. इसमें एंटीफंगल गुण होते हैं जो बैक्टीरिया और फंगस को खत्म करने में मदद करते हैं. इससे नाखून साफ, स्वस्थ और मजबूत बने रहते हैं. यह उपाय पूरी तरह से प्राकृतिक है और आसानी से घर पर किया जा सकता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इसे इस्तेमाल करने का तरीका भी बहुत आसान है. एक या दो कली लहसुन को कूटकर उसका रस निकाल लें. इस रस को कॉटन की मदद से नाखूनों पर लगाएं और दस से पंद्रह मिनट तक छोड़ दें. इसके बाद हल्के गुनगुने पानी से हाथ धो लें. हफ्ते में दो से तीन बार ऐसा करने से फर्क साफ नजर आने लगता है.
अगर आप चाहें तो लहसुन के रस में कुछ बूंदें नारियल तेल भी मिला सकती हैं. नारियल तेल नाखूनों को अतिरिक्त नमी देता है और उन्हें सूखने से बचाता है. यह मिश्रण नाखूनों को अंदर से पोषण देता है और उन्हें ज्यादा मजबूत बनाता है. इससे क्यूटिकल्स भी हेल्दी रहते हैं और हाथों की खूबसूरती बढ़ती है.
ध्यान रखें कि लहसुन लगाने के बाद हाथों को अच्छी तरह धोना जरूरी है क्योंकि इसकी गंध तेज होती है. अगर आपकी त्वचा बहुत संवेदनशील है तो पहले पैच टेस्ट जरूर करें. किसी भी तरह की जलन या एलर्जी महसूस होने पर तुरंत उपयोग बंद कर दें. सही तरीके से इस्तेमाल करने पर यह उपाय पूरी तरह सुरक्षित है.
लगातार केमिकल युक्त नेल पॉलिश और रिमूवर का इस्तेमाल नाखूनों को कमजोर बना देता है. ऐसे में प्राकृतिक उपायों की ओर लौटना बेहतर विकल्प हो सकता है. लहसुन जैसे घरेलू नुस्खे न केवल सस्ते हैं बल्कि लंबे समय तक असर दिखाते हैं. थोड़ी सी नियमित देखभाल आपके नाखूनों की सेहत बदल सकती है.


