How to remove stains from clothes। जिद्दी दाग साफ करने के घरेलू उपाय

Date:


Stain Removal Tips: कपड़े सिर्फ पहनने की चीज नहीं होते, ये हमारी पसंद, स्टाइल और कई बार यादों से भी जुड़े होते हैं. इसलिए जब किसी पसंदीदा ड्रेस, शर्ट या साड़ी पर अचानक दाग लग जाता है, तो दिल टूट सा जाता है. सबसे ज्यादा परेशानी तब होती है जब दाग जिद्दी हो-जैसे लिपस्टिक, स्याही, चाय-कॉफी या ग्रीस के निशान. ऐसे में लोग घबरा जाते हैं और तुरंत कपड़े को जोर-जोर से रगड़ना शुरू कर देते हैं. लेकिन सच ये है कि गलत तरीके से साफ करने पर दाग और गहरा हो सकता है और कपड़े की क्वालिटी भी खराब हो जाती है. अच्छी बात ये है कि हर दाग के लिए अलग-अलग आसान घरेलू तरीके मौजूद हैं, जिनके लिए महंगे प्रोडक्ट खरीदने की जरूरत नहीं पड़ती.

घर में रखी छोटी-छोटी चीजें जैसे हेयरस्प्रे, टेलकम पाउडर, विनेगर, दूध या बर्फ भी कपड़ों को फिर से साफ और फ्रेश बना सकती हैं. बस जरूरत है सही समय पर सही तरीका अपनाने की. अगर आप भी कपड़ों पर लगे जिद्दी दाग से परेशान रहते हैं, तो ये आसान ट्रिक्स आपके बहुत काम आएंगी और आपके पसंदीदा कपड़े फिर से नए जैसे दिखने लगेंगे.

1. लिपस्टिक के दाग हटाने का आसान तरीका
लिपस्टिक में तेल और वैक्स होता है, जो कपड़े के रेशों में गहराई तक चिपक जाता है. इसे हटाने के लिए दाग वाली जगह पर थोड़ा सा हेयरस्प्रे छिड़कें और 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें. फिर गीले कपड़े से हल्के हाथों से पोंछें. दाग ढीला पड़ने लगेगा, अगर हेयरस्प्रे नहीं है, तो लिक्विड डिटर्जेंट भी लगा सकते हैं. ध्यान रखें कि कपड़े को रगड़ना नहीं है, वरना दाग फैल सकता है.

2. ग्रीस और तेल के दाग के लिए टेलकम पाउडर ट्रिक
किचन या मशीन के काम में कपड़ों पर तेल या ग्रीस लगना आम है. ऐसे दाग पर तुरंत पानी डालने की गलती न करें. पहले टेलकम पाउडर, कॉर्नस्टार्च या चॉक पाउडर छिड़क दें. ये तेल को सोख लेते हैं. करीब 30 मिनट बाद पाउडर झाड़ दें और उस जगह पर थोड़ा डिशवॉश लिक्विड लगाकर हल्के हाथ से साफ करें. फिर सामान्य तरीके से धो लें.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

3. चाय-कॉफी के दाग ऐसे हटाएं
चाय या कॉफी गिरते ही उस पर तुरंत ठंडा पानी डालना सबसे आसान उपाय है. इससे दाग जमने नहीं पाता, अगर दाग पुराना हो गया है, तो सफेद विनेगर और पानी बराबर मात्रा में मिलाकर दाग पर लगाएं. 10 मिनट बाद गुनगुने पानी से धो लें. एक और तरीका है-बेकिंग सोडा का हल्का पेस्ट बनाकर दाग पर लगाएं और सूखने के बाद धो लें.

4. स्याही के दाग के लिए दूध या सैनिटाइजर
पेन लीक होने से कपड़े खराब होना बहुत आम है. ऐसे में रुई पर थोड़ा सा हैंड सैनिटाइजर या नेल पेंट रिमूवर लेकर दाग पर हल्के से थपथपाएं. स्याही घुलने लगेगी, अगर आप केमिकल से बचना चाहते हैं, तो कपड़े के दाग वाले हिस्से को रात भर दूध में भिगोकर रखें. सुबह सामान्य तरीके से धो लें. स्याही का निशान काफी हद तक गायब हो जाएगा.

5. कपड़े पर च्विंगम चिपक जाए तो क्या करें
च्विंगम चिपकने पर उसे खींचकर हटाने से कपड़ा खराब हो सकता है. सही तरीका है बर्फ का टुकड़ा च्विंगम पर रगड़ना. जब वह सख्त हो जाए, तो चम्मच या चाकू से धीरे-धीरे खुरच दें, अगर हल्का निशान रह जाए, तो उस पर थोड़ा नींबू का रस लगाकर धो लें. कपड़ा साफ हो जाएगा.

(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related