Last Updated:
Kadai Cleaning Tips: होली के त्योहार पर घरों में गुझिया, नमकीन और कई तरह के पकवान बनते हैं, जिससे कड़ाही का ज्यादा इस्तेमाल होता है. लगातार तेज आंच और तेल की वजह से कड़ाही काली और जली हुई नजर आने लगती है. लेकिन इसे साफ करने के लिए महंगे केमिकल की जरूरत नहीं है. घर में मौजूद नमक, बेकिंग सोडा और नींबू की मदद से आप आसानी से कड़ाही को चमका सकते हैं. सबसे पहले कड़ाही में पानी उबालें, उसमें बेकिंग सोडा डालें और कुछ देर छोड़ दें. फिर नींबू और नमक से रगड़कर साफ करें.
भीलवाड़ा- घरों में पूड़ी-पकौड़ी, कचौरी और अन्य तली-भुनी चीजें बनाना आम बात है खासकर छुट्टी या किसी खास मौके पर. होली का सीजन शुरू हो गया है कड़ाई का इस्तेमाल सबसे ज्यादा होता है. ऐसे में रसोई में कड़ाही का इस्तेमाल सबसे ज्यादा होता है और कई घरों में तो दिन में एक से अधिक बार कड़ाही चढ़ जाती है. लगातार गरम तेल और तेज आंच के संपर्क में रहने से कड़ाही के नीचे और किनारों पर जले हुए तेल की मोटी परत जमने लगती है. शुरुआत में यह हल्का भूरा दिखता है, लेकिन समय के साथ यह गाढ़ा काला हो जाता है. यह कालापन न केवल देखने में खराब लगता है, बल्कि साफ करने में भी काफी मेहनत मांगता है और गृहिणियों के लिए परेशानी का कारण बन जाता है.
कई बार महिलाएं और पुरुष इस जिद्दी कालापन को हटाने के लिए घंटों तक कड़ाही को जोर-जोर से रगड़ते रहते हैं. स्टील के स्क्रबर, ब्रश और अलग-अलग केमिकल क्लीनर का इस्तेमाल करने के बावजूद मनचाहा परिणाम नहीं मिलता. लगातार रगड़ने से हाथों में दर्द तक हो जाता है और कड़ाही की ऊपरी परत भी खराब होने लगती है. कुछ लोग तो नई कड़ाही खरीदने का विचार तक बना लेते हैं, क्योंकि पुरानी कड़ाही का काला तला रसोई की साफ-सफाई पर भी सवाल खड़े करता है. हालांकि अब परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि एक आसान घरेलू उपाय से इस समस्या का समाधान किया जा सकता है.
जब भी हम पूड़ी या पकौड़े तलते हैं, तो तेल बहुत अधिक तापमान तक गरम हो जाता है. यही गरम तेल बार-बार कड़ाही के तले से चिपककर कार्बन की परत बना देता है. इसके साथ ही खाने के छोटे-छोटे कण भी जलकर उसी पर चिपक जाते हैं, जिससे कालापन और ज्यादा गहरा हो जाता है. अगर समय-समय पर इसे साफ न किया जाए तो यह परत मोटी होती जाती है और साधारण बर्तन धोने वाले तरीके से नहीं निकलती. ऐसे में जरूरी है कि सही सामग्री और सही विधि अपनाई जाए, ताकि मेहनत भी कम लगे और कड़ाही को नुकसान भी न पहुंचे.
Add News18 as
Preferred Source on Google
कड़ाही को दोबारा शीशे जैसी चमक देने के लिए सबसे पहले जले हुए हिस्से पर हल्का-हल्का नमक छिड़कें. नमक जमी हुई गंदगी को ढीला करने में मदद करता है. इसके बाद नमक के ऊपर थोड़ी मात्रा में बेकिंग पाउडर डालें, जो जले हुए तेल को तोड़ने का काम करता है. अब इसमें थोड़ा डिटर्जेंट पाउडर या लिक्विड साबुन डालकर इस मिश्रण को कड़ाही के तले पर अच्छी तरह फैला दें. कोशिश करें कि यह लेप हर जले हुए हिस्से तक पहुंचे. यह मिश्रण कुछ ही मिनटों में सख्त परत को नरम करना शुरू कर देता है.
इसके बाद कड़ाही के तले पर टिशू पेपर या मोटा पेपर रख दें और हल्के हाथों से स्क्रब करना शुरू करें. ज्यादा जोर लगाने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि नमक, बेकिंग पाउडर और साबुन का मिश्रण पहले ही गंदगी को ढीला कर चुका होता है. करीब पांच मिनट तक धीरे-धीरे रगड़ने के बाद कड़ाही को साफ पानी से धो लें. आप खुद देखेंगे कि जिद्दी कालापन काफी हद तक हट चुका है और कड़ाही पहले जैसी चमकने लगी है. इस आसान घरेलू उपाय से न केवल समय और मेहनत बचेगी, बल्कि रसोई के बर्तन भी लंबे समय तक नए जैसे बने रहेंगे.


