Last Updated:
नमो भारत ट्रेन मेरठ-दिल्ली LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मेरठ में दिल्ली-मेरठ नमो भारत (RRTS) कॉरिडोर के पूर्ण खंड और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन करेंगे. 30,274 करोड़ की इस परियोजना से मेरठ से दिल्ली का सफर मात्र 55 मिनट में तय होगा. इस दौरान पीएम मोदी एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे. जानें नमो भारत और मेरठ मेट्रो का रूट, किराया, स्टेशन और पीएम मोदी का पूरा शेड्यूल. पश्चिमी यूपी के विकास को नई रफ्तार देने वाली इस परियोजना में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
नमो भारत ट्रेन मेरठ-दिल्ली LIVE: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यातायात इतिहास में आज का दिन स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होने जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (रविवार) मेरठ के शताब्दी नगर स्टेशन से बहुप्रतीक्षित नमो भारत ट्रेन (RRTS) के विस्तारित खंड और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन करेंगे. लगभग 30,274 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह प्रोजेक्ट न केवल दिल्ली-मेरठ की दूरी को कम करेगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और औद्योगिक विकास को नए पंख लगाएगा. कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, जयंत चौधरी और अन्य दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे.
मेरठ से दिल्ली: 55 मिनट में 82 किलोमीटर का सफर
नमो भारत ट्रेन अब मेरठ के मोदीपुरम से दिल्ली के सराय काले खां तक निर्बाध रूप से दौड़ेगी.
- कुल दूरी: 82.15 किमी (70 किमी एलिवेटेड और 12 किमी भूमिगत).
- समय की बचत: पहले जो सफर घंटों में तय होता था, अब वह मात्र 55 मिनट में पूरा होगा.
- किराया: यात्रियों को इस सफर के लिए लगभग 213 रुपये (2.60 रुपये प्रति किमी) चुकाने होंगे.
- कनेक्टिविटी: सराय काले खां से मोदीपुरम तक के सभी प्रमुख स्टेशन अब इस हाई-स्पीड कॉरिडोर से जुड़ गए हैं.
मेरठ मेट्रो: देश की सबसे तेज मेट्रो, आधुनिक सुविधाओं से लैस
मेरठ मेट्रो के रूप में शहर को देश की सबसे तेज मेट्रो (120 किमी/घंटा की गति) का उपहार मिला है.
- रूट और स्टेशन: मोदीपुरम से मेरठ साउथ तक 23 किमी के दायरे में 13 स्टेशन बनाए गए हैं.
- कोच और क्षमता: एक ट्रेन में 3 कोच होंगे, जिनमें 173 सीटों के साथ कुल 700 यात्री सफर कर सकेंगे.
- खासियत: इसमें ‘पुश बटन’ डोर, इमरजेंसी अलार्म, और प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर्स जैसे फीचर्स हैं.
- इंटीग्रेटेड टिकटिंग: सबसे बड़ी सुविधा यह है कि यात्री एक ही टिकट पर नमो भारत और मेरठ मेट्रो दोनों का सफर कर सकेंगे.
मरीजों और बुजुर्गों के लिए ‘स्पेशल’ इंतजाम
मेरठ मेट्रो को भविष्य की जरूरतों को देखकर डिजाइन किया गया है. हर कोच में महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए आरक्षित सीटें हैं. साथ ही, स्टेशनों पर मेडिकल स्ट्रेचर और व्हीलचेयर के लिए समर्पित स्थान और विशेष लिफ्ट लगाई गई हैं, ताकि गंभीर मरीजों को दिल्ली के अस्पतालों तक त्वरित और सुरक्षित पहुंचाया जा सके.
PM मोदी का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए थ्री-लेयर सिक्योरिटी (SPG, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी) तैनात की गई है.
| समय | कार्यक्रम |
| 11:30 AM | शताब्दी नगर हेलीपैड पर आगमन, सीएम योगी करेंगे स्वागत. |
| 12:30 PM | शताब्दी नगर स्टेशन पर नमो भारत और मेरठ मेट्रो को हरी झंडी. |
| 01:00 PM | मोहिउद्दीनपुर जनसभा स्थल पर आगमन और संबोधन. |
| 01:50 PM | जनसभा स्थल से विदाई और दिल्ली के लिए रवानगी. |
आर्थिक विकास और रियल एस्टेट में आएगा उछाल
विशेषज्ञों का मानना है कि नमो भारत के शुरू होने से दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर के आसपास रियल एस्टेट और उद्योगों में भारी निवेश आएगा. नौकरीपेशा लोगों के लिए दिल्ली जाकर काम करना और शाम को मेरठ लौटना अब बेहद आसान हो जाएगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें


