Fertility Booster Foods: आज के समय में महिलाएं घर के साथ ऑफिस का भी काम संभाल रही हैं. ऐसे में शारीरिक के साथ मानसिक तनाव का रिस्क काफी ज्यादा होने से फर्टिलिटी पर भी नकारात्मक असर नजर आने लगता है. जंक फूड जो कि भाग दौड़ भरी लाइफस्टाइल का अहम हिस्सा बन चुका है मामले को और भी बिगाड़ने काम करता है.
जंक फूड खाने की आदत न केवल स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि पुरानी बीमारियां भी पैदा करती है. खासकर ऐसी जीवनशैली महिलाओं के लिए बेहद हानिकारक है. महिलाओं को इससे नेचुरल रूप से गर्भधारण करने में समस्या आ सकती है. प्रेगनेंसी में कठिनाई के कई कारण हो सकते हैं, लेकिन उनमें से एक प्रमुख खानपान है.
हेल्दी डाइट जरूरी
महिलाओं में नेचुरल तरीके से गर्भधारण की संभावना बढ़ाने में भोजन का बहुत बड़ा रोल होता है. स्त्रियों में प्राकृतिक रूप से प्रेगनेंसी की अधिकांश संभावना हो इसके लिए उनका स्वस्थ होना बहुत जरूरी है और स्वस्थ शरीर के लिए स्वच्छ और पौष्टिक भोजन का सेवन अनिवार्य है.
क्या खाना चाहिए?
नेचुरल तरीके से गर्भधारण की संभावना बढ़ाने के लिए महिलाओं को अपनी डाइट में पौष्टिक भोजनों को शामिल करना चाहिए, जिनमें इम्यूनिटी को बूस्ट करने और हॉर्मोंस को संतुलित रखने की क्षमता हो. इसके लिए उन्हें हरी पत्तेदार सब्जियां (पालक, ब्रोकोली), अवाकाडो, अंडे, मछली, ड्राई फ्रूट्स, बेरिज (स्ट्रॉबेरी, ब्लूबेरी, ब्लैकबेरी), अंजीर, लहसन, मेथी के दाने, अनार, शकरकंद, मशरूम, साबुत अनाज, फलियां (दाल, बीन्स), ड्राई फ्रूट्स, अखरोट, सूरजमुखी के बीज, कद्दू के बीज और फुल-फैट डेयरी प्रोडक्ट्स (दही, दूध), आदि का सेवन नियमित रूप से करना चाहिए.
फायदा
ये खाद्य पदार्थ महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं. इनमें विभिन्न प्रकार के विटामिन, प्रोटीन, कैल्शियम, एंटीऑक्सीडेंट, फाइबर, फोलेट, आयरन, ओमेगा-3 फैटी एसिड और प्रोटीन भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो ओव्यूलेशन में सुधार, हार्मोन को बैलेंस और स्ट्रेस को कम करने में मदद करते हैं.
इन चीजों से परहेज जरूरी
नेचुरल तरीके से गर्भधारण की संभावना को बढ़ाने के लिए महिलाएं ट्रांस फैट, उत्तेजक पदार्थ (शराब, तंबाकू, कॉफी, सिगरेट) और मानसिक तनाव से बचें. इसी के साथ वजन को सामान्य बनाए रखने की कोशिश करें और योग या व्यायाम को डेली रूटीन में शामिल करें.
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.


