Last Updated:
Health Tips: पलामू के पुरुषार्थी पवन आर्य के अनुसार, हाथों के प्वाइंट पर 2 मिनट एक्यूप्रेशर से आंखों, फेफड़ों, थायराइड और तनाव जैसी समस्याओं में राहत मिल सकती है. ताली बजाना भी लाभकारी है. यदि कोई व्यक्ति लगातार एक माह तक यह प्रक्रिया करता है, तो उसे सकारात्मक बदलाव महसूस होने लगते हैं.
पलामूः दैनिक जीवन की भागदौड़ में लोग अपनी सेहत पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पाते. अनियमित दिनचर्या, तनाव और गलत खानपान के कारण आंखों में दर्द, सिरदर्द, थकान, सांस की दिक्कत और थायराइड जैसी समस्याएं बढ़ती जा रही हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि महज 2 मिनट का एक छोटा सा अभ्यास आपको कई परेशानियों से राहत दिला सकता है? एक्यूप्रेशर की सरल विधि अपनाकर बिना दवा के भी शरीर को संतुलित रखा जा सकता है.
पलामू जिले के आयुर्वेद के जानकार पुरुषार्थी पवन आर्य ने लोकल18 को बताया कि हमारे हाथों में ऐसे कई महत्वपूर्ण प्वाइंट होते हैं, जो शरीर के अलग-अलग अंगों से जुड़े होते हैं. यदि सही जगह पर सही तरीके से दबाव डाला जाए, तो कई समस्याओं में लाभ मिल सकता है. उन्होंने बताया कि हाथ की मिडिल फिंगर (मध्यमा) और तर्जनी उंगली के जोड़ के बीच वाले प्वाइंट को लगभग 2 मिनट तक दबाने से आंखों से जुड़ी कई समस्याओं में राहत मिलती है. यह आंखों की रोशनी और तनाव कम करने में सहायक माना जाता है.
2 मिनट एक्यूप्रेश करने से लाभ
इसी तरह यदि किसी को फेफड़ों से संबंधित समस्या है, तो दाएं हाथ की मध्यमा और अनामिका के बीच के हिस्से पर दबाव देना लाभकारी हो सकता है. नियमित रूप से प्रतिदिन कम से कम 2 मिनट तक यह प्रक्रिया करने से धीरे-धीरे शारीरिक संतुलन बेहतर होता है. उन्होंने कहा कि सही तकनीक से किया गया एक्यूप्रेशर थायराइड जैसी समस्याओं में भी सहायक हो सकता है. हालांकि इसके लिए नियमित अभ्यास जरूरी है. यदि कोई व्यक्ति लगातार एक माह तक यह प्रक्रिया करता है, तो उसे सकारात्मक बदलाव महसूस होने लगते हैं.
शरीर में होता है बेहतर संचार
उन्होंने यह भी बताया कि ताली बजाना भी एक प्रकार का एक्यूप्रेशर है. सत्संग, प्रवचन या धार्मिक कार्यक्रमों में जब लोग ताली बजाते हैं, तो हाथों के कई प्वाइंट पर एक साथ दबाव पड़ता है. इससे रक्त संचार बेहतर होता है और शरीर में ऊर्जा का संचार होता है. यही कारण है कि कथा वाचक और संत-महात्मा अक्सर ताली बजाने के लिए प्रेरित करते हैं. आगे कहा कि एक्यूप्रेशर थेरेपी के लिए बाजार में कई उपकरण भी उपलब्ध हैं, लेकिन हाथों से किया गया सरल दबाव भी प्रभावी हो सकता है. फिर भी किसी गंभीर बीमारी में चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.


