Last Updated:
इस खास रेसिपी में ताजी मेथी, अजवाइन और मंगरैला का तड़का साधारण पराठे को लाजवाब बना देता है. बारीक कटी प्याज, लहसुन और हरी मिर्च के साथ तैयार यह पौष्टिक नाश्ता पाचन के लिए भी उत्तम है. इसे दही या अचार के साथ गरमागरम परोसें. स्वाद ऐसा कि लोग उंगली चाटकर खाएंगे.
जमशेदपुर: सर्दी हो या हल्की गर्माहट का मौसम, मेथी का पराठा लगभग हर घर में पसंद किया जाता है. बच्चे हों या बड़े, इसकी खुशबू और स्वाद सभी को आकर्षित करता है. मेथी न केवल स्वाद बढ़ाती है बल्कि पाचन के लिए भी अच्छी मानी जाती है. अगर इसे सही तरीके से बनाया जाए तो साधारण पराठा भी बेहद खास बन सकता है. थोड़े-से मसालों और सही विधि से तैयार मेथी का पराठा नाश्ते, टिफिन या हल्के भोजन के लिए बेहतरीन विकल्प बन जाता है.
सबसे पहले ताजी हरी मेथी लें. मेथी को साफ पानी में दो-तीन बार अच्छी तरह धो लें ताकि मिट्टी बिल्कुल निकल जाए. इसके बाद मेथी की मोटी डंडियों को अलग कर दें और पत्तियों को बारीक-बारीक काट लें. अब एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें. इसमें कटी हुई मेथी डालें. साथ ही एक बारीक कटा प्याज, दो हरी मिर्च और 4-5 लहसुन की कलियां भी बारीक काटकर मिला दें। ये चीजें पराठे के स्वाद को कई गुना बढ़ा देती हैं और खाने में हल्की तीखी-चटपटी खुशबू लाती हैं.
मसालों से बढ़ेगा स्वाद
अब मसालों की बारी आती है. आधा चम्मच अजवाइन और थोड़ा-सा मंगरैला (कलौंजी) हाथों से हल्का मसलकर आटे में डालें. चाहें तो चुटकी भर हल्दी और नमक स्वादानुसार मिला सकते हैं. अजवाइन पाचन में मदद करती है और कलौंजी पराठे को अलग-सी खुशबू देती है. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए आटे को नरम गूंध लें. ध्यान रखें कि आटा बहुत कड़ा न हो, वरना पराठा मुलायम नहीं बनेगा. गूंधने के बाद आटे को 8-10 मिनट ढककर रख दें, इससे मेथी और मसालों का स्वाद आटे में अच्छी तरह मिल जाएगा.
अब तवा गैस पर गरम करें. आटे की लोई बनाकर बेलन से हल्का-सा बेल लें. तवे पर डालकर दोनों तरफ हल्का सेंक लें. इसके बाद थोड़ा रिफाइंड तेल या घी लगाकर पराठे को सुनहरा होने तक सेकें. जब पराठा फूलने लगे और हल्के भूरे धब्बे दिखने लगें तो समझिए आपका मेथी पराठा तैयार है. बाहर से हल्का कुरकुरा और अंदर से मुलायम बनेगा.
दही, अचार या मक्खन के साथ परोसें
गरमागरम मेथी का पराठा दही, अचार या मक्खन के साथ परोसें. इसकी खुशबू ही भूख बढ़ा देगी. यह पराठा सिर्फ स्वादिष्ट ही नहीं, बल्कि पौष्टिक भी है. घर की साधारण सामग्री से बना यह नाश्ता पूरे परिवार को पसंद आएगा और एक बार बनाने के बाद आप इसे बार-बार बनाना जरूर चाहेंगे.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.


