Last Updated:
Soft Roti Tips: अक्सर देखा जाता है कि तवे से उतारने के बाद कैसरोल में रखी रोटी कुछ समय में गीली या चिपचिपी हो जाती है. ऐसा भाप के कारण होता है, जो अंदर फंस जाती है और रोटी की बनावट बिगाड़ देती है. इस समस्या से बचने के लिए रोटी को सीधे कैसरोल में रखने के बजाय पहले कुछ सेकंड खुली हवा में ठंडा होने दें. इसके अलावा कैसरोल में नीचे टिश्यू पेपर या सूती कपड़ा बिछाएं, जिससे अतिरिक्त नमी सोख ली जाए. रोटियों को ज्यादा गर्म अवस्था में ढकने से बचें.
भीलवाड़ा: तवे से उतरी गरम-गरम, फूली और नरम रोटी हर किसी को पसंद होती है. जब उस पर हल्का सा घी लगाकर प्लेट में परोसी जाती है तो खाने का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. लेकिन आज कल हर बार ताजी रोटी बनाकर तुरंत खाना आसान नहीं होता. ऑफिस की जल्दी, बच्चों का स्कूल, घर के काम और समय की कमी के कारण कई बार रोटियां पहले से बनाकर रखनी पड़ती हैं. ऐसे में जब रोटियां ठंडी या गीली हो जाती हैं तो खाने का मजा कम हो जाता है. यही वजह है कि लोग रोटियों को गरम रखने के लिए कैसरोल का इस्तेमाल करते हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर नरम रोटी मिल सके और परिवार को ताजा खाने जैसा अनुभव हो.
ज्यादातर घरों में रोटियों को सीधे तवे से उतारकर कैसरोल में रख दिया जाता है, लेकिन यही सबसे बड़ी गलती साबित होती है. गरम रोटी से भाप निकलती रहती है और जब उसे तुरंत बंद डिब्बे में रख दिया जाता है. तो भाप बाहर नहीं निकल पाती. यह भाप अंदर ही जमा होकर नमी में बदल जाती है, जिससे रोटियां गीली और चिपचिपी हो जाती हैं. कुछ समय बाद रोटियां सॉफ्ट की जगह भारी और भीगी हुई महसूस होने लगती हैं. इसलिए जरूरी है कि रोटी को तवे से उतारने के बाद 10 से 15 सेकंड तक जालीदार छलनी या वायर रैक पर रख दें, ताकि अतिरिक्त भाप निकल जाए और रोटी सूखी रहे.
रोटियों को लंबे समय तक नरम रखने के लिए सही आकार का कैसरोल चुनना भी बहुत जरूरी है. अगर कैसरोल बिल्कुल रोटियों के साइज का होगा तो अंदर हवा के लिए जगह नहीं बचेगी और भाप जल्दी जमा हो जाएगी. इससे रोटियां जल्दी गीली पड़ सकती हैं. बेहतर है कि थोड़ा बड़ा कैसरोल इस्तेमाल किया जाए, जिसमें रोटियों के चारों ओर थोड़ी खाली जगह रहे. इससे भाप फैल जाती है और रोटियां लंबे समय तक मुलायम बनी रहती हैं. सही कैसरोल का चुनाव करने से न सिर्फ रोटियों की गुणवत्ता बनी रहती है, बल्कि बार-बार गरम करने की जरूरत भी कम पड़ती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
एक और आसान और असरदार उपाय है साफ सूती कपड़े का इस्तेमाल करना. कैसरोल के नीचे एक साफ और सूखा सूती कपड़ा बिछा दें. उसके ऊपर रोटियां रखें और फिर ऊपर से भी हल्का कपड़ा ढक दें. सूती कपड़ा भाप को सोखने का काम करता है और नमी को सीधे रोटियों तक पहुंचने से रोकता है. इससे रोटियां गीली नहीं होतीं और लंबे समय तक नरम बनी रहती हैं. ध्यान रखें कि कपड़ा पूरी तरह साफ और सूखा हो, ताकि उसमें कोई बदबू या नमी पहले से न हो. यह छोटा सा घरेलू उपाय काफी कारगर साबित होता है.
इसके अलावा कैसरोल के अंदर रोटियों को सीधे नीचे की सतह पर रखने के बजाय थोड़ा ऊपर रखना भी फायदेमंद होता है. इसके लिए आप एक छोटी स्टील की प्लेट उलटी करके रख सकते हैं या फिर कोई जालीदार स्टैंड रख सकते हैं. रोटियों को कपड़े में लपेटकर इस प्लेट या जाली के ऊपर रखें. ऐसा करने से नीचे जमा होने वाली नमी रोटियों तक नहीं पहुंचती. यह तरीका खास तौर पर तब काम आता है. जब रोटियां ज्यादा मात्रा में बनानी हों. इससे रोटियां नीचे से गीली नहीं होंगी और लंबे समय तक मुलायम बनी रहेंगी.
अगर घर में बटर पेपर या एल्युमिनियम फॉयल उपलब्ध है तो उसका भी सही तरीके से इस्तेमाल किया जा सकता है. कैसरोल के नीचे 2 से 3 लेयर बटर पेपर या फॉयल बिछा दें और उसके ऊपर कपड़े में लिपटी रोटियां रखें. यह नीचे से आने वाली नमी को रोकने में मदद करता है. हालांकि फॉयल का इस्तेमाल करते समय ध्यान रखें कि रोटियां पूरी तरह बंद न हो जाएं, वरना भाप अंदर ही फंस सकती है. इन छोटे-छोटे उपायों को अपनाकर आप रोटियों को लंबे समय तक सॉफ्ट, सूखी और स्वादिष्ट बनाए रख सकते हैं और हर बार खाने का मजा दोगुना कर सकते हैं.


