Sultanpur News: सनसनीखेज वारदात उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से सामने आई है, जिसने रिश्तों की पवित्रता को शर्मसार कर दिया है. लम्भुआ थाना क्षेत्र के मदनपुर पनिहार गांव में एक पत्नी ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी. प्यार के जुनून में अंधी हो चुकी महिला ने सोते समय अपने पति का धारदार हथियार से गला रेत दिया. पुलिस ने मुख्य आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया है, जबकि वारदात को अंजाम देने में साथ देने वाला उसका प्रेमी फिलहाल फरार है.
क्या है पूरा मामला?
मृतक की पहचान 35 वर्षीय अमित सिंह (पुत्र हरिनाम सिंह) के रूप में हुई है, जो पेशे से ट्रक ड्राइवर था. जानकारी के अनुसार, अमित का एक पुराना परिचित और साथी ट्रक ड्राइवर दीपक सिंह अक्सर उसके घर आता-जाता था. इसी दौरान दीपक और अमित की पत्नी शिल्पी सिंह के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया.
जब अमित को अपनी पत्नी और दोस्त के बीच चल रहे इस अवैध संबंध की भनक लगी, तो घर में अक्सर विवाद होने लगा. परिजनों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन शिल्पी और दीपक के सिर पर इश्क का भूत इस कदर सवार था कि उन्होंने अमित को ही रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली.
आधी रात को रची गई मौत की साजिश
रविवार की रात अमित अपने घर के कमरे में सो रहा था. इसी दौरान शिल्पी ने अपने प्रेमी दीपक को घर बुलाया. आरोप है कि दोनों ने मिलकर अमित पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमला इतना अचानक और घातक था कि अमित को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. सोमवार सुबह जब अमित का लहूलुहान शव कमरे में पड़ा मिला, तो पूरे गाँव में सनसनी फैल गई.
घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर की पुलिस अधीक्षक (SP) चारू निगम, एएसपी अखंड प्रताप सिंह और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए. एसपी चारू निगम ने बताया,
मृतक के भाई अजित सिंह, जो मुंबई में रहते हैं, उनकी सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की. प्राथमिक जांच में अवैध संबंधों की बात सामने आई है. आरोपी पत्नी शिल्पी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. मुख्य आरोपी दीपक सिंह की तलाश के लिए एसओजी (SOG) सहित पुलिस की 4 टीमें गठित की गई हैं. जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
गांव में पसरा सन्नाटा, पुलिस की धरपकड़ जारी
अमित की हत्या के बाद से मदनपुर पनिहार गाँव में मातम और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं कि कैसे एक दोस्त ने ही अपने दोस्त का घर उजाड़ दिया. पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतक के भाई के आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अब फरार आरोपी दीपक सिंह की लोकेशन ट्रेस कर रही है ताकि हत्याकांड की कड़ियां पूरी तरह जोड़ी जा सकें.


