Last Updated:
UP Board Exam 2026 के तहत 10वीं की प्रथम पाली की परीक्षा समाप्त होते ही परीक्षा केंद्रों के बाहर छात्रों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. कुछ विद्यार्थियों ने पेपर को आसान बताया, तो कुछ का कहना था कि कई प्रश्न घुमा कर पूछे गए थे. कुल मिलाकर पहला दिन उत्साह, आत्मविश्वास और हल्की घबराहट के साथ गुजरता नजर आया.
बलिया. बलिया में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं आज से शुरू हो गईं. पहले दिन परीक्षा केंद्रों के बाहर छात्रों में उत्साह, हल्की घबराहट और उम्मीदों का अनोखा संगम देखने को मिला.
पहली पाली में 10वीं के छात्रों से जब हिन्दी के पेपर के बारे में पूछा गया कि वह आसान था या चुनौतीपूर्ण, तो बच्चों ने अपने-अपने अंदाज में जवाब दिए. ज्यादातर छात्रों ने बताया कि तैयारी के मुताबिक पेपर अच्छा गया, हालांकि एक-दो प्रश्न घुमाकर जरूर पूछे गए थे. कई परीक्षार्थियों ने इसे पिछले साल की तुलना में संतुलित पेपर बताया.
जीवन परिचय और निबंध रहे चर्चा में
परीक्षार्थी अभिषेक यादव ने कहा कि पेपर में आए सभी प्रश्न अच्छे थे। शिवम सिंह और धीरज पासवान ने बताया कि जीवन परिचय से जुड़े प्रश्न सबसे आसान रहे, खासकर राजेंद्र प्रसाद जी का जीवन परिचय. वहीं रंजन सिंह के मुताबिक कर्ण काव्य खंड का प्रश्न थोड़ा कठिन लगा, जबकि बाकी प्रश्न ठीक रहे. अंश मिश्रा ने कहा कि सभी प्रश्न पढ़ाई के अनुसार आए थे, लेकिन निबंध लिखने में सबसे ज्यादा समय लगा.
छात्रों का आत्मविश्वास और उम्मीदें
दुर्गेश ने कहा कि पहला पेपर अच्छा गया है, इसलिए उत्साह बना हुआ है. उन्होंने अन्य छात्रों से धैर्य के साथ तैयारी जारी रखने की अपील भी की. मोहम्मद इरफान के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी. उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा कि वह इस बार टॉप करने की कोशिश करेंगे.
ओएमआर में हल्की उलझन, लेकिन पेपर संतुलित
सरिता पांडेय ने बताया कि वह मिड्ढी दुर्गा मंदिर क्षेत्र से परीक्षा देने आई थीं और हिंदी का पेपर आसान रहा. रिशु पांडेय ने कहा कि प्रश्न उलझाऊ नहीं थे, हालांकि ओएमआर वाले कुछ प्रश्नों में हल्की गलतियां हो सकती हैं. कुल मिलाकर पहले दिन का पेपर संतुलित रहा. छात्रों के चेहरों पर जहां आत्मविश्वास दिखा, वहीं कुछ के मन में हल्की चिंता भी नजर आई. अब सभी की नजर आगामी पेपरों पर टिकी है.
About the Author
पिछले 4 साल से मीडिया इंडस्ट्री में काम कर रही हूं और फिलहाल News18 में कार्यरत हूं. इससे पहले एक MNC में भी काम कर चुकी हूं. यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की बीट कवर करती हूं. खबरों के साथ-साथ मुझे…और पढ़ें


