Last Updated:
नमो भारत आरआरटीएस कॉरिडोर पर 1 लाख से ज्यादा यात्रियों ने सफर किया, रिकॉर्ड टूटा. मेरठ मेट्रो देश की सबसे तेज मेट्रो बनी. बेगमपुल और आनंद विहार सबसे व्यस्त स्टेशन रहे.
22 फरवरी को हुआ है पूरे सेक्शन का उद्घाटन.
नई दिल्ली. दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत आरआरटीएस कॉरिडोर के उद्घाटन के बाद पहले पूरे दिन यात्रियों की संख्या रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के अनुसार, 23 फरवरी (सोमवार) को पूरे 82 किमी कॉरिडोर पर 1 लाख से ज्यादा यात्रियों ने सफर किया. यह अब तक का सबसे ज्यादा एक दिवसीय राइडरशिप है.
पहले दैनिक औसत करीब 60,000 था, जो इस दिन लगभग 70 प्रतिशत बढ़कर 1 लाख पार हो गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 फरवरी को न्यू अशोक नगर से सराय काले खां (5 किमी) और मेरठ साउथ से मोदीपुरम (21 किमी) खंड का उद्घाटन किया था. इससे पूरा कॉरिडोर और मेरठ मेट्रो सेवा शुरू हो गई. मेरठ मेट्रो भी नमो भारत के ट्रैक पर ही चल रही है, जो देश में पहला ऐसा एंटीग्रेटेड है. मेरठ मेट्रो 21 किमी लंबी है, जिसमें 12 स्टेशन हैं और यह 120 किमी/घंटा की अधिकतम गति से चलती है, जो देश की सबसे तेज मेट्रो है.
सबसे ज्यादा भीड़ बेगमपुल स्टेशन पर रही, जो मेरठ शहर के केंद्र में है. यह स्टेशन सेंट्रल मार्केट और बिजनेस एरिया के बीच है, जहां नमो भारत और मेरठ मेट्रो दोनों सेवाएं मिलती हैं. यहां दिन भर चहल-पहल रही और लोग उत्साह से ट्रेनों में चढ़े. आनंद विहार स्टेशन दूसरा सबसे व्यस्त रहा. यह मल्टी-मॉडल हब है, जहां दिल्ली मेट्रो (पिंक और ब्लू लाइन), रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी, यूपीएसआरटीसी बस स्टैंड आदि से कनेक्टिविटी है. गाजियाबाद स्टेशन भी काफी व्यस्त रहा, जो दिल्ली और मेरठ के बीच महत्वपूर्ण प्वाइंट है. यहां फुट ओवरब्रिज से दिल्ली मेट्रो रेड लाइन जुड़ी है.
नए स्टेशनों जैसे सराय काले खां, शताब्दी नगर और मोदीपुरम पर भी अच्छी संख्या में यात्री आए. छात्र, ऑफिस जाने वाले, परिवार और युवा सभी ने एसी कोच, आरामदायक सीटिंग और तेज सफर का मजा लिया.


