शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने की प्रेस कांफ्रेंस, लगाए कई गंभीर आरोप

Date:


वाराणसी. ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने प्रयागराज की विशेष पोक्सो अदालत द्वारा उनके खिलाफ यौन शोषण के आरोपों में एफआईआर दर्ज करने के आदेश के बाद यूपी की सियासत गरमा गई है. प्रयागराज पुलिस के वाराणसी पहुंचने और स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से पूछताछ की सूचना पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के सदस्य मठ पहुंचे हैं. इससे पहले मीडिया से बातचीत में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि वे जांच के लिए पूरी तरह तैयार हैं और सच्चाई सामने आएगी. यहां पढ़ें लेटेस्ट अपडेट्स…

तपस्वी पीठाधीश्वर ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर बोला हमला
तपस्वी पीठाधीश्वर जगतगुरु परमहंस आचार्य ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े विवाद पर बड़ा बयान दिया है. स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए. आरोप सही पाए जाते हैं तो उन्हें कानून के तहत मिलनी चाहिए सजा. लेकिन यदि आरोप गलत साबित होते हैं तो उन्हें सम्मान के साथ किया जाना चाहिए बरी. जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से अपील करते हुए कहा कि वे इस मुद्दे पर राजनीतिक दलों का न बनें माध्यम. अखिलेश यादव, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी इस विषय पर कर रहे हैं राजनीति. यदि ये दल वास्तव में गौहत्या पर प्रतिबंध चाहते हैं, तो उन्हें सरकार को लिखित में प्रस्ताव देना चाहिए. स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद योगी आदित्यनाथ से क्षमा मांगते हैं, तो मुख्यमंत्री अपनी दयालुता के लिए जाने जाते हैं और उन्हें कर सकते हैं क्षमा.

‘सीएम के लिए जो शब्द इस्तेमाल किया, उसपर माफी मांगनी चाहिए’
परमहंस आचार्य ने कहा कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने मुख्यमंत्री के लिए जो आपत्तिजनक शब्दों का किया है इस्तेमाल , उसके लिए उन्हें प्रायश्चित करना चाहिए. अविमुक्तेश्वरानंद ने मर्यादा की लक्ष्मण रेखा पार की है. स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद द्वारा दिए गए 40 दिन के अल्टीमेटम पर प्रतिक्रिया देते हुए परमहंस आचार्य ने कहा कि सरकार पर किसी भी तरह का अनैतिक दबाव डालना उचित नहीं. अचानक किसी देश को हिंदू राष्ट्र घोषित नहीं किया जा सकता.

क्या बोली स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की लीगल टीम
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की लीगल टीम के साथ मीटिंग खत्म. मीटिंग के बाद बार काउंसिल ऑफ इंडिया के मेंबर श्रीनाथ त्रिपाठी ने कहा कि बिना सबूत जुटाए गिरफ्तारी करने जैसी गलती नहीं करेगी पुलिस. इस प्रकिया को पूरा करने में हफ्तेभर का समय लग सकता है.

सपा सांसद ने भी सरकार पर बोला हमला
सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने शंकराचार्य मुद्दे पर यूपी की भाजपा सरकार को भी घेरा और कहा कि जिस सनातन के नारे पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है. अगर उसी सनातन के शंकराचार्य को प्रताड़ित करने का काम सरकार करेगी तो आप समझ सकते हैं कि इसका परिणाम क्या होगा. चंदौली से सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने डिप्टी सीएम द्वारा वटुको के सम्मान के मामले पर बोलते हुए कहा की यह गंभीर मामला है और यह यह क्षम्य नहीं है. उन्होंने कहा कि शिखा रखने वाले ही इस अपमान को सही मायनों में समझ सकते हैं.
सपा सांसद ने दावा किया कि इस मुद्दे को लेकर ब्राह्मण समाज में नाराज़गी है. उन्होंने डिप्टी सीएम पर तंज कसते हुए कहा कि “लॉलीपॉप राजनीति नहीं चलेगी” और सरकार को इस पर स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए.

शंकराचार्य ने की प्रेस कांफ्रेंस
सोमवार की शाम को शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि गौ रक्षा की आवाज दबाने की साजिश हो रही है. शंकराचार्य ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ ये सब इसलिए किया जा रहा है ताकि गौ माता की रक्षा के लिए जो आवाज उन्होंने उठाई है, उसे दूसरी चीजों में उलझाकर दबा दिया जाए. इसके अलावा उन्होंने खुलासा किया कि शाहजहांपुर से आए एक व्यक्ति ने पत्रकारों के सामने बताया कि उन्हें (शंकराचार्य को) फंसाने के लिए लोगों को तैयार किया जा रहा था. लोगों को लालच या दबाव दिया जा रहा था कि वे अपनी बेटियों के साथ गलत काम का आरोप शंकराचार्य पर लगाएं.

शंकराचार्य ने क्या-क्या लगाए आरोप

अनजान लोगों के जरिए आरोप : उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन लोगों के नाम लेकर आरोप लगाए जा रहे हैं, उन्हें वे जानते तक नहीं। न कभी चेहरा देखा, न गांव जानते हैं, फिर भी उनके जरिए झूठे आरोप मढ़े जा रहे हैं.

सरकारों पर ‘चंदाखोरी’ का आरोप: शंकराचार्य ने सीधा हमला बोलते हुए कहा कि सरकारें गौ हत्या बंद नहीं करना चाहतीं क्योंकि वे हत्यारों से मिलने वाले भारी चंदे के दम पर अपनी राजनीति चमका रही हैं.

हिंदू नेतृत्व पर सवाल: उन्होंने कहा कि अगर सरकारें और नेता खुद को सच्चा हिंदू और हिंदुओं का हिमायती मानते हैं, तो उन्हें गौ हत्या बंद करने में क्या दिक्कत है? आज पूरा समाज गौ माता को सम्मान देने के लिए तैयार है.

अदालत के आदेश पर तर्क: उन्होंने सवाल उठाया कि अगर जज ने कथित वीडियो (CD) देख ली थी और अपराध की पुष्टि हो गई थी, तो फिर ‘दोबारा जांच’ के आदेश क्यों दिए गए? जांच का आदेश देना ही साबित करता है कि मामला स्पष्ट नहीं है.

जांच का स्वागत: उन्होंने दोहराया कि वे जांच के लिए तैयार हैं ताकि सच्चाई सामने आए और विरोधियों द्वारा बुने गए झूठ का पर्दाफाश हो सके.

गिरफ्तारी का डर नही है क्योकि डर अपराधी को होता है जहां तक हमारी बात है कि भाग जाए तो हम तो यहीं बैठे हैं और भागने का कोई सवाल ही नहीं है तो फिर गिरफ्तारी की क्या जरूरत है अगर इसके बाद भी मुख्यमंत्री जी ने अपने पुलिस को निर्देश किया है कि नहीं गिरफ्तार ही करना है पूरा सहयोग करेंगे.
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मिलने पहुंचे सपा सांसद
सपा सांसद वीरेंद्र सिंह शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मिलने पहुंचे. सपा सांसद ने कहा कि सपा पीड़ित के साथ है. शंकराचार्य का उत्पीड़न हुआ है. यह एक ऐसी पीठ है ,जिसमें गलत आदमी बैठ नहीं सकता. शंकराचार्य जी गलत नहीं कर सकते.

शंकराचार्य के समर्थन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का पत्र
शंकराचार्य के समर्थन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पीएम मोदी को पत्र लिखा है. पत्र में लिखा है कि सत्ता के हंटर से संतों की आवाज़ दबाने की कोशिश बंद करें! उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद जी के विरुद्ध दर्ज ‘पॉक्सो प्रकरण’ की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है. पत्र में लिखा है, ‘यह कार्रवाई तब हुई जब स्वामी जी ने कुंभ मेले की अव्यवस्थाओं पर प्रदेश सरकार को घेरा था, जो सीधे तौर पर ‘राजनीतिक प्रतिशोध’ की बू देता है. कांग्रेस का स्पष्ट मानना है कि अनुच्छेद 25-26 के तहत मिली धार्मिक स्वायत्तता और सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का सम्मान होना चाहिए. किसी भी आध्यात्मिक पद की गरिमा को सियासी रंजिश का हथियार बनाना लोकतंत्र और संविधान, दोनों के खिलाफ है. हम मांग करते हैं कि किसी स्वतंत्र या केंद्रीय एजेंसी से इसकी जांच कराई जाए ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके.’

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ जांच तेज
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती केस में जांच तेज हो गई है. प्रयागराज पुलिस टीम हरदोई पहुंच गई है. हरदोई में देर रात प्रयागराज पुलिस की टीम पहुंची. पीड़ितों और संबंधित पक्षों के बयान लेने की कार्रवाई शुरू. पॉस्को एक्ट के तहत दर्ज है मुकदमा. स्थानीय पुलिस को दी गई सूचना, जरूरत पड़ने पर लिया जाएगा सहयोग. जांच जारी, बयान दर्ज होने की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार.

शंकराचार्य विवाद में कूदे सपा मुखिया अखिलेश
भाजपा हटाओ, सनातन बचाओ! सच्चे संतों का अपमान करके भाजपा ने फिर साबित कर दिया है कि सिवाय अपनी पैसों की भूख और ख़ुदगर्ज़ी के, वो किसी की भी सगी नहीं है. भाजपाई की ये पुरानी ‘कु-कार्यशैली’ है कि जो भी भाजपाइयों के ज़ुल्म, ज़्यादती और जुर्म के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाता है, उसे भाजपाई झूठे आरोपों से धमकाने, दबाने, मिटाने की साज़िश करते हैं. भ्रष्ट-भाजपाई, उनके मुख़बिर संगी-साथी और सत्ता सजातीय वाहिनी की ‘बिगड़ी-तिकड़ी’ नकारात्मकता का आपराधिक त्रिगुट है, जिसका मंसूबा धन-कमाने के लिए सत्ता हासिल करना है. ये सब के सब अपने-अपने स्वार्थ के लिए एक अड्डे पर इकट्ठा हैं वैसे ये एक-दूसरे को फूटी आँख नहीं सुहाते हैं. इनकी आपसी खटपट की भूमिगत आवाज़ें अक्सर बाहर सुनाई दे जाती हैं.

क्या बोले शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद
वाराणसी में मीडिया से बातचीत के दौरान शंकराचार्य ने कहा, “आने दीजिए पुलिस को, मैं सामना करने के लिए तैयार हूं. सच्चाई सामने आएगी और छद्मभेष धारियों की भी सच्चाई उजागर हो जाएगी. गिरफ्तारी हो तो उसके लिए भी तैयार हूं. मैं पुलिस का पूरा सहयोग करूंगा.” उधर पुलिस की एक टीम यौन शोषण के शिकार बच्चों का बयान दर्ज करने के लिए रवाना हो गई है. इस बीच प्रयागराज पुलिस के मठ पहुंचने की सूचना पर आधा दर्जन वकीलों का पैनल भी पहुंचा है. वकीलों का कहना है कि अगर गिरफ्तारी होती है तो वे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के साथ प्रयागराज जाएंगे.

‘मैं कहीं भागा नहीं जा रहा, फिर गिरफ्तारी क्यों’
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने मीडिया से बातचीत में कहा कि ‘मै कहीं भागा नहीं जा रहा तो फिर गिरफ्तारी क्यों? फिर भी अगर पुलिस गिरफ्तार करती है तो मैं तैयार हूं. संबंधित बटुकों की मार्कशीट से पता चला कि वो हरदोई के किसी विद्यालय के छात्र हैं. मेरे आश्रम में कभी वो बच्चे नहीं आए. मै आशुतोष ब्रह्मचारी को नहीं जानता। ये पूरी तरह से प्री प्लांड है. मेरे पास सत्ता और विपक्ष के किसी भी नेता का फोन नहीं आया.’

उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दिए गए ‘कालनेमि’ वाले बयान का जिक्र किया. शंकराचार्य ने कहा, “कालनेमि जो बैठा हुआ है वह चाहता है कि शंकराचार्य का अपमान हो. उसकी भी सच्चाई सामने आएगी. जो भी आएगा, उनका स्वागत है. जांच हो रही है तो हम सहयोग करेंगे. पुलिस को मामले को निस्तारित करने में जितनी रुचि है, उतनी ही हमारी भी है.”

कालनेमि और राहु का भी पर्दाफाश हुआ था

शंकराचार्य ने रामायण का उदाहरण देते हुए कहा, “रावण ने लंका कांड में सन्यासी का भेष धारण करके आया था, लेकिन उसका पर्दाफाश हो गया. इसी तरह कालनेमि और राहु का भी पर्दाफाश हुआ था. जो छद्मभेष धारी होगा, उसके ढोंग और पाखंड का अंत होगा.” उन्होंने पुलिस जांच पर भरोसे की बात करते हुए कहा कि जनता उत्तर प्रदेश पुलिस पर भरोसा नहीं कर रही है, इसलिए दूसरे प्रदेश की पुलिस जांच करे. गिरफ्तारी का प्रश्न नहीं बनता, क्योंकि घटना का कोई एविडेंस सुरक्षित रखने के लिए है और शिकायतकर्ता की ओर से इतने दिन बीत चुके हैं. हम कहीं भाग नहीं रहे हैं. फिर भी अगर गिरफ्तारी होती है तो ‘कालनेमि’ चाहता है. हम पुलिस का कोई विरोध नहीं करेंगे.

आरोपों को फर्जी बताया

शंकराचार्य ने यह भी कहा कि कुछ अधिवक्ता यहां अपनी श्रद्धा से आए हैं. उन्होंने मामले को फर्जी बताते हुए जांच की मांग की और कहा कि सच्चाई सामने आने से सब स्पष्ट हो जाएगा. यह बयान प्रयागराज पोक्सो कोर्ट के आदेश के बाद आया है, जिसमें नाबालिगों के कथित यौन शोषण के आरोपों में झूंसी थाने में एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया गया था. शंकराचार्य ने जांच प्रक्रिया का स्वागत किया और कहा कि इससे झूठे आरोपों का पर्दाफाश होगा.

नाबालिग बच्चों का दर्ज होगा बयान

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ दर्ज यौन उत्पीड़न के मामले में पुलिस की एक टीम पीड़ित नाबालिग बच्चों का बयान दर्ज करने के लिए रवाना हुई. दो सब इंस्पेक्टर और एक कांस्टेबल की टीम रवाना की गई है. यौन शोषण का आरोप लगाने वाले नाबालिगों का कलम बंद बयान दर्ज करेगी पुलिस. आरोप लगाने वाले नाबालिग बच्चों का पुलिस मेडिकल भी करायेगी. बच्चों के बयान के बाद पुलिस इस मामले में आरोपियों की भी बयान दर्ज करेगी. यौन शोषण का आरोप लगाने वाले नाबालिग बच्चे परीक्षा भी दे रहे हैं. उन्हें परीक्षा देने में कोई परेशानी ना हो इसका भी पूरा ख्याल रखा जा रहा है.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related