Spongy Dhokla Recipe: क्या आपने कभी बड़े प्यार से ढोकला बनाया हो और प्लेट में आते ही वह उम्मीद पर खरा न उतरा हो? ऊपर से देखने में तो ठीक, लेकिन काटते ही पता चल गया कि या तो वह सख्त है या अंदर से सूखा. कई बार तो ऐसा लगता है कि घर का ढोकला और बाजार का ढोकला दो अलग चीजें हैं. बाजार वाला ढोकला इतना हल्का, जालीदार और रस भरा होता है कि मुंह में रखते ही घुल जाए, जबकि घर वाला अक्सर भारी या रबड़ जैसा बन जाता है. असल में फर्क किसी महंगे सामान या मशीन का नहीं, बल्कि कुछ छोटे-छोटे स्टेप्स और सही टेक्निक का होता है.
अच्छी बात यह है कि वही हलवाई-स्टाइल सॉफ्ट ढोकला अब घर पर भी बन सकता है, वह भी बहुत आसान तरीके से. बस बैटर की सही कंसिस्टेंसी, सही समय पर फुलाने का स्टेप और बाद में डाला गया रसदार तड़का -यही तीन बातें ढोकले को साधारण से शानदार बना देती हैं. अगर आप चाहते हैं कि अगली बार आपका ढोकला कटते ही जालीदार दिखे और खाते ही मुंह में घुल जाए, तो यह रेसिपी आपके लिए एकदम परफेक्ट है.
ढोकला बनाने के लिए सामग्री
स्पंजी और हल्का ढोकला बनाने के लिए ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं होती. बस ये सामान तैयार रखें:
-बेसन – 1.5 कप (बारीक छना हुआ)
-दही – ½ कप (हल्का खट्टा)
-सूजी – 1 बड़ा चम्मच
-अदरक-हरी मिर्च पेस्ट – 1 चम्मच
-हल्दी – 1 चुटकी
-नमक – स्वाद अनुसार
-फ्रूट साल्ट – 1 पैकेट
-तेल – ग्रीसिंग और तड़के के लिए
तड़के के लिए
-राई – 1 छोटा चम्मच
-हरी मिर्च – लंबी कटी
-कढ़ी पत्ता – 8-10
-चीनी – 1-2 चम्मच
-नींबू रस – 1 बड़ा चम्मच
-पानी – ½ कप
ढोकला बनाने की आसान विधि
1. बैटर तैयार करें
सबसे पहले एक बर्तन में बेसन और सूजी छान लें. इसमें दही, नमक, अदरक-मिर्च पेस्ट और हल्दी डालें. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए ऐसा घोल बनाएं जो न ज्यादा गाढ़ा हो न पतला -बिल्कुल इडली बैटर जैसा. इसे 10 मिनट ढककर रख दें ताकि बेसन फूल सके.
2. स्टीम की तैयारी
कढ़ाई या स्टीमर में पानी डालकर गर्म होने रखें. साथ ही एक थाली या मोल्ड को हल्का तेल लगाकर तैयार रखें.
3. बैटर को फुलाने की ट्रिक
जब पानी उबलने लगे, तभी बैटर में फ्रूट साल्ट डालें. ऊपर से एक चम्मच पानी डालकर एक ही दिशा में तेजी से मिलाएं. बैटर तुरंत फूलकर हल्का और झागदार हो जाएगा. यही स्टेप ढोकले को स्पंजी बनाता है, इसलिए इसे मिलाते ही बैटर तुरंत मोल्ड में डाल दें.
4. स्टीमिंग
बैटर को तुरंत स्टीमर में रखें और मध्यम आंच पर 15-18 मिनट पकाएं. बीच में ढक्कन न खोलें. पकने के बाद टूथपिक डालकर चेक करें -साफ निकले तो ढोकला तैयार है.
5. रसदार तड़का तैयार करें
एक छोटे पैन में तेल गर्म करें. राई डालें, चटकने लगे तो कढ़ी पत्ता और हरी मिर्च डालें. अब इसमें पानी, चीनी और नींबू रस डालकर एक उबाल आने दें. यही पानी ढोकले को जूसी बनाता है.
6. ढोकला सेट और कटिंग
ढोकला थोड़ा ठंडा होने दें, फिर मनचाहे टुकड़े काटें. ऊपर से तड़के वाला पानी बराबर फैलाएं ताकि हर टुकड़ा रस सोख ले. अंत में हरा धनिया और कद्दूकस नारियल डालें.
परफेक्ट स्पंजी ढोकले के जरूरी टिप्स
बैटर ज्यादा गाढ़ा होगा तो ढोकला सख्त बनेगा. फ्रूट साल्ट डालने के बाद देर न करें. स्टीम हमेशा उबलते पानी पर करें. ढोकला ठंडा होने के बाद ही काटें. तड़के वाला पानी जरूर डालें. इन छोटी बातों से ढोकला हमेशा हल्का और जालीदार बनेगा.
सर्व करने का तरीका
ढोकला हल्का गर्म या कमरे के तापमान पर सबसे अच्छा लगता है. इसे हरी चटनी या मीठी चटनी के साथ परोसें. चाय के साथ यह एकदम परफेक्ट स्नैक बन जाता है -हल्का भी और पेट भरने वाला भी.


