Thyroid drug Carbimazole news side effects: अगर आप भी थायरॉइड की दवा खाते हैं तो सावधान हो जाएं. थायरॉइड की दवा में इस्तेमाल होने वाले केमिकल कार्बिमाजोल (Carbimazole) में कुछ नए साइड इफैक्ट्स मिले हैं, जो सेहत के लिए काफी खतरनाक हो सकते हैं. इस दवा को खाने से शरीर में सफेद रक्त कोशिकाओं की संख्या बहुत कम हो सकती है, जिससे गंभीर संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है. व्हाइट सेल्स के कम होने से शरीर वायरस, फंगस या बैक्टीरिया से लड़ने की शक्ति खो देता है और कई बार यह जानलेवा तक हो जाता है.
सिर्फ यही नहीं सामान्य रूप से इस्तेमाल होने वाली एंटीबायोटिक दवा डॉक्सीसाइक्लिन (Doxycycline) को लेकर भी चेतावनी दी गई है. जिसमें बताया गया है कि इस दवा को लेने से मानसिक बीमारियों का खतरा पैदा हो सकता है. ऐसे में दवा नियामक संस्था (CDSCO) और ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश दिया है कि दवा कंपनियां इन दवाओं के पर्चे (प्रिस्क्रिप्शन जानकारी) और पैकेट पर दवाओं के इन बुरे प्रभावों को सख्त सुरक्षा चेतावनी के रूप में लिखें.
यह फैसला दवाओं से जुड़े साइड इफेक्ट्स (दुष्प्रभाव) की राष्ट्रीय स्तर पर समीक्षा के बाद लिया गया है. आइए विस्तार से जानते हैं…
कौन सी दो दवाओं में मिले खतरनाक साइड इफैक्ट्स?
थायरॉइड और खासतौर पर हाइपरथायरॉडिज्म का इलाज करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली दवा कार्बिमाजोल (साल्ट) और इन्फेक्शन की दवा डॉक्सीसाइक्लिन में खतरनाक साइड इफैक्ट्स देखने को मिले हैं.
कार्बिमाजोल में कौन से साइड इफैक्ट मिले हैं?
इसकी वजह से एक गंभीर और दुर्लभ बीमारी एग्रेनुलोसाइटोसिस (Agranulocytosis) होने की संभावना देखी गई है. इस बीमारी में शरीर में सफेद रक्त कोशिकाएं बहुत कम हो जाती हैं, जिससे गंभीर संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है.
इसके शुरुआती लक्षण क्या हो सकते हैं?
कार्बिमाजोल के साइड इफैक्ट के रूप में तेज बुखार, गले में दर्द, बार-बार या बिना कारण संक्रमण के लक्षण दिखाई दे सकते हैं.
बाजार में किन नामों से मिलती है कार्बिमाजोल?
थायरॉइड की यह दवा बाजार में आमतौर पर नियो-मेर्काजोल, थाइरोकैब, एंटी थाइरॉक्स, कार्बिजोल टेबलेट, कार्बिन, कार्बिडोज नाम से मिलती हैं.
डॉक्सीसाइक्लिन क्यों दी जाती है?
यह दवा सांस के संक्रमण, मुंहासे, यौन संचारित रोग, पेशाब के संक्रमण और कई अन्य बीमारियों में अक्सर प्रिस्क्राइब की जाती है.अब इस दवा के पैकेट पर कुछ मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े साइड इफेक्ट्स भी स्पष्ट रूप से लिखे जाएंगे.
क्या हैं इसके नए साइड इफैक्ट?
पहले इस दवा को खाने से पेट की परेशानिया और धूप से एलर्जी आदि साइड इफेक्ट्स देखने को मिले थे लेकिन अब इसमें मानसिक परेशानियों के लक्षण भी देखने को मिल रहे हैं. इस दवा को लेने से बेचैनी, घबराहट, चिड़चिड़ापन, तनाव, चक्कर आना आदि समस्याएं हो सकती हैं.
किन ब्रांड नामों से मिलती है बाजार में?
इन्फेक्शन की ये दवा बाजार में डॉक्सीसाइक्लिन, वैलडॉक्सी, डॉक्स100, डॉक्सीमाइसिन, डायक्लिन, पैडौक्सी, डॉक्सीसिना, डॉक्सीलैब आदि नामों से मिलती है.
अब जारी होगी सख्त चेतावनी
बता दें कि ये दोनों दवाएं देशभर में थायरॉइड और इन्फेक्शन के लिए सामान्य रूप से इस्तेमाल की जाती हैं. अधिकांश डॉक्टर इन्हें मरीजों को प्रिस्क्राइब करते हैं. इन दोनों दवाओं के पहले से कुछ साइड इफैक्ट्स मौजूद हैं और वे दवाओं पर लिखे भी हुए हैं लेकिन अब और सख्त चेतावनी दी जाएगी.
सरकार का कहना है कि यह कदम मरीजों की सुरक्षा के लिए है. दवाएं सही तरीके से लेने पर अभी भी सुरक्षित और असरदार हैं, लेकिन अगर कोई असामान्य लक्षण दिखे तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है.
मरीजों को अब दवा के संभावित खतरे के बारे में साफ जानकारी मिलेगी वहीं डॉक्टर भी इन चेतावनी लक्षणों के बारे में मरीजों को सलाह दे सकेंगे और निगरानी कर सकेंगे.


