Last Updated:
Lucknow Hit Run Case: आजकल कानपुर का हिट एंड रन केस काफी चर्चाओं में बना हुआ है. हर दिन नए-नए पहलू सामने आ रहे हैं. वहीं, अब लखनऊ से भी एक भयावह मामला सामने आया है. यहां एक कार ड्राइवर ने सारी हदें पार कर दी.
युवक की मौत.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में लग रहा है लोगों की जान की कोई कीमत नहीं है. हाल ही में, कानपुर की सड़कों पर छह लोगों को तेज रफ्तार लैंबॉर्गिनी से रौंदने वाले शिवम मिश्रा का मामला सुर्खियों में छाया रहा था. वहीं. अब लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में कार की टक्कर से युवक की मौत हो गई. इस भयावह हादसे का अंदाजा इस बात से लगा सकते थे कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक उछलकर कार के बोनट पर जा गिरा. इसके बावजूद ड्राइवर ने कार नहीं रोकी. करीब 1 किलोमीटर तक कार दौड़ाता रहा. जब बैलेंस बिगड़ने पर युवक गिर गया तो ड्राइवर कार को लेकर रफूचक्कर हो गया.
यह है मामला
घटना 18 फरवरी की रात की है. मूल रूप से बदायूं स्थित निजामपुर निवासी विमल पाल (32) पराग चौराहे के पास लैया चना का ठेला लगाता था. यहां कृष्णा नगर में परिवार के साथ रहता था. उसके दोस्त राजेश ने बताया विमल बुधवार रात करीब साढ़े 9 बजे पराग चौराहे से अपना लैया चना का ठेला लेकर घर जा रहा था. घर से कुछ दूर पहले रास्ते में एक तेज रफ्तार वैगनआर कार ने पीछे से टक्कर मार दी. इससे वह उछलकर कार के बोनट पर जा गिरा. पर ड्राइवर ने तब भी कार नहीं रोकी बल्कि और तेज रफ्तार से गाड़ी दौड़ा दी.
जान की मांगता रहा दुहाई
विमल वाइपर पकड़कर ड्राइवर से कार रोकने की विनती करता रहा. मगर, ड्राइवर ने कार नहीं रोकी. करीब 1 किलोमीटर तक कार दौड़ाने के बाद लॉ कॉलेज गेट के सामने संतुलन बिगड़ने से विमल कार के नीचे गिर गया. ड्राइवर कार लेकर मौके से फरार हो गया. विमल को गंभीर हालत में देखकर एक परिचित ने पुलिस को सूचना दी. युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई. बाद में पत्नी ममता और करीबी दोस्तों को जानकारी दी गई. पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. मामले में इंस्पेक्टर कृष्णानगर पीके सिंह का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जाएगी.
कानपुर में रविवार की रात 8 फरवरी को तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा ने तेज रफ्तार लैंबॉर्गिनी कार से राहगीरों को टक्कर मार दी थी. इस हादसे में छह लोग घायल भी हो गए थे. जिसके बाद में पुलिस ने इस मामले में शिवम मिश्रा का नाम एफआईआर में जोड़ा. यह घटना शहर के पॉश इलाके ग्वालटोली की ‘वीआईपी रोड’ पर हुई थी. इस भयावह घटना को याद करते हुए चश्मदीदों ने बताया कि कार ने पहले एक ऑटो-रिक्शा को टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल से जा टकराई, जिससे मोटरसाइकिल सवार करीब 10 फुट तक हवा में उछल गया.
About the Author
Kavya Mishra is working with News18 Hindi as a Senior Sub Editor in the regional section (Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana and Himachal Pradesh). Active in Journalism for more than 7 years. She started her j…और पढ़ें


