How to identify fake butter: आप हर दिन कई तरह की चीजें अपने घर में बनाकर खाते होंगे, जिसमें मक्खन, चीज़ का इस्तेमाल भी करते होंगे. आमतौर पर बटर ब्रेड लोग खूब खाते हैं. रोटी, पराठे पर भी मक्खन लगाकर खाना पसंद करते हैं. आप अक्सर मक्खन हो या चीज, इन्हें मार्केट से खरीदते होंगे. कुछ जगहों पर खुले में यानी बिना पैकिंग वाले मक्खन, चीज भी मिलते हैं. लेकिन, आजकल जिस तरह से मिठाई, दूध, दही, मसाले आदि में मिलावट की जाने लगी है, उसी तरह अब मक्खन,चीज़ भी इससे अछूता नहीं रहा. जी हां, हाल ही में राजौरी (जम्मू-कश्मीर) में एक फूड स्कैम का पर्दाफाश किया गया है, जिसमें मक्खन-चीज़ में सिंथेटिक केमिकल मिलाकर धड़ल्ले से बाजार में बेचा जा रहा था. डिपार्टमेंट ऑफ ड्रग्स एंड फूड सेफ्टी टीम की जांच में ये साबित हुआ कि मक्खन-चीज़ दोनों में ही मिलावट की जा रही थी. दोनों प्रोडक्ट्स में केमिकल की मिलावट की जा रही थी, जो आपकी सेहत को भारी नुकसान पहुंचा सकता है. यदि आप भी खुले में मिलने वाला मक्खन, चीज़ खरीदकर खाते हैं तो इनके असली-नकली होने की पहचान इस तरह कर लें.
असली-नकली मक्खन, चीज़ की पहचान कैसे करें
– अपनी हथेली पर एक छोटा सा मक्खन का टुकड़ा रखें. अगर आपकी हथेली की गर्मी से मक्खन पिघलने लगे तो समझ लें कि ये असली मक्खन है.
– आप मक्खन (Butter) को पानी में भी चेक कर सकते हैं कि ये असली है या नकली. इसके लिए एक बाउल में पानी डालें. इस बाउल में मक्खन का छोटा सा टुकड़ा डाल दें. कुछ बूंदें आयोडीन की डालकर मिक्स कर लें. गौर से देखिए, क्या बटर का रंग बैंगनी हो गया है? यहां हां, तो इसमें स्टार्च की मिलावट की गई होगी.
– एक गिलास में गर्म पानी लें. इसमें एक टुकड़ा मक्खन का डाल दें. अगर बटर असली है तो वे एक साथ ही पिघल जाएगा, नकली होने पर अलग-अलग टुकड़ों में बिखकर टूटेगा.
-जो मक्खन असली होता है, उसका टेस्ट, स्मेल फ्रेश और हल्का होता है. जबकि मिलावटी मक्खन होगा तो उसमें बहुत तेज तेल सी दुर्गंध आएगी, स्वाद भी खट्टा सा लग सकता है.
-आमतौर पर हर कोई फ्रिज में ही मक्खन रखता है, जब आप उसे यूज करने के लिए चाकू से काटें तो गौर करें कि वो आसानी से तो नहीं कट जा रहा है. असली बटर काटने पर जल्दी नहीं करता, वहीं नकली मक्खन सॉफ्ट होता है, जो तुरंत कट जाता है.


