Last Updated:
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने दो दिवसीय असम दौरे के दौरान शुक्रवार रात अगरतला से गुवाहाटी पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने हवाई अड्डे पर उनका भव्य स्वागत किया. शाह शनिवार को गुवाहाटी के अर्जुन भोगेश्वर बरुआ खेल परिसर में सीआरपीएफ (CRPF) के 87वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जो पहली बार पूर्वोत्तर भारत में आयोजित किया जा रहा है और क्षेत्र में बढ़ती शांति का एक सशक्त प्रतीक है.
गुवाहाटी में सीआरपीएफ के स्थापना दिवस में भाग लेंगे गृहमंत्री अमित शाह.
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार रात अगरतला से गुवाहाटी पहुंचे, जो उनके असम के दो दिवसीय दौरे का दूसरा चरण है. हवाई अड्डे पर उनका स्वागत जिस गर्मजोशी के साथ हुआ, उसने आने वाले कार्यक्रमों की भव्यता की झलक पहले ही दिखा दी. मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने खुद अपनी कैबिनेट और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी की. गृह मंत्री रात का विश्राम कोइनाधारा क्षेत्र स्थित राज्य अतिथि गृह में करेंगे.
शनिवार का दिन भारतीय सुरक्षा इतिहास के पन्नों में दर्ज होने जा रहा है. गृह मंत्री अमित शाह सीआरपीएफ (CRPF) के 87वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे. यह पहला मौका है जब देश की इस सबसे बड़ी आंतरिक सुरक्षा फोर्स का स्थापना दिवस कार्यक्रम उत्तर पूर्व के गुवाहाटी में आयोजित किया जा रहा है.
शांति और अमन का नया संदेश
इस कार्यक्रम के जरिए केंद्र सरकार केवल अपनी सैन्य शक्ति ही नहीं, बल्कि एक बड़ा कूटनीतिक संदेश भी दे रही है. जो उत्तर पूर्व कभी हिंसा, उग्रवाद और अशांति का पर्याय माना जाता था, वहां इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम का आयोजन यह बताता है कि अब शांति और अमन-चैन यहां के लोगों की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है. अमित शाह गुवाहाटी के अर्जुन भोगेश्वर बरुआ खेल परिसर में आयोजित होने वाली इस वार्षिक परेड की सलामी लेंगे.


