नई दिल्ली. सिंगर अभिजीत भट्टाचार्य ने एक बयान दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि जो सिंगर्स शादी में गाते हैं, उनकी औकात कम हो जाती है. इस पर विरोध भी हुआ था. लेकिन अब एक नामी सिंगर जो चार दशक से अधिक लंबे करियर में 15,000 से ज्यादा गाने गा चुके हैं. शास्त्रीय संगीत की मजबूत बुनियाद और सूफी-फ्यूजन को नई पहचान दिला चुके ये दिग्गज गायक अब निजी समारोहों में भी सुरों की महफिल सजाने को तैयार है. लेकिन इसने के लिए उन्होंने एक शर्त रखी है.
भारतीय संगीत जगत में जब भी शादियों और निजी आयोजनों में सिंगर्स के परफॉर्म करने की बात आती है, तो इस पर बहस छिड़ जाती है. कुछ लोग इसे कलाकार की लोकप्रियता और फैंस के प्यार का प्रतीक मानते हैं, तो कुछ का मानना है कि इससे सिंगर की गरिमा और प्रतिष्ठा पर असर पड़ता है.
शादी-ब्याह भी बन चुके हैं बड़े इवेंट
बदलते वक्त के साथ शादी-ब्याह भी बड़े इवेंट बन चुके हैं, जहां बॉलीवुड सिंगर्स की परफॉर्मेंस आम बात हो गई है. इसी मुद्दे पर अब मशहूर गायक हरिहरन ने आईएएनएस से बात करते हुए अपनी राय पेश की है.
हरिहरन ने रखी ये शर्त
हरिहरन ने कहा, ‘मैं हर तरह के कॉन्सर्ट करता हूं और अपने काम को लेकर काफी खुले विचार भी रखता हूं, लेकिन जब मैं गाता हूं, तो मुझे अनुशासन और सम्मानजनक वातावरण चाहिए होता है, क्योंकि मेरा मानना है कि संगीत एक भाव है, जिसे सही माहौल में ही पूरी तरह महसूस किया जा सकता है’
‘मुझे शादियों में गाने में कोई परेशानी नहीं’
हरिहरन ने कहा, ‘इंसान आखिर गाता क्यों है? खुशी फैलाने के लिए. गाने का असली मकसद लोगों को खुशी देना है. अगर किसी भी स्थिति में, चाहे वह बड़ा मंच हो या निजी समारोह, सही एंबियंस बना रहे और लोग संगीत का आनंद ले सकें, तो मुझे शादियों में गाने में कोई परेशानी नहीं है. मेरे लिए यह जरूरी है कि मैं खुद भी उस माहौल में शांत और सहज महसूस करूं. कलाकार की मानसिक स्थिति का सीधा असर उसके प्रदर्शन पर पड़ता है. इसलिए जब मैं खुद को शांत महसूस करूंगा, तभी बेहतरीन परफॉर्मेंस दे पाऊंगा.’
अभिजीत भट्टाचार्य के बयान से मचा था बवाल
आपको बता दें कि सिंगर अभिजीत भट्टाचार्य ने सिंगिंग रियलिटी शो ‘सुपरस्टार सिंगर 3’ में कहा था कि जो सिंगर्स शादी में गाते हैं, उनकी औकात कम हो जाती है. इस पर नेहा कक्कड़ ने अपना पक्ष रखा और कहा कि काम को बड़ा या छोटा नहीं समझना चाहिए. मेहनत से किया गया हर काम सम्मान के काबिल होता है. नेहा ने कहा था कि जब फैंस किसी सिंगर को अपनी शादी में बुलाते हैं, तो यह कलाकार के लिए प्यार और सम्मान की बात होती है.


