Last Updated:
Moradabad News: यूपी के मुरादाबाद में अंतरधार्मिक विवाह का एक मामला सामने आया है. एक मुस्लिम युवती ने हिंदू लड़के से शादी कर ली है. दोनों ने अब पुलिस ने मदद की गुहार लगाई है. दोनों ने अपने-अपने परिवार से खतरा बताया है.
मुस्लिम लड़की हिंदू लड़का शादी
मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक ऐसी प्रेम कहानी सामने आई है, जिसने सामाजिक और धार्मिक बंधनों को चुनौती देते हुए एक-दूसरे को अपनाया है. दरअसल मुरादाबाद के बिलारी थाना क्षेत्र स्थित सनाई गांव में एक मुस्लिम युवती मुनतरीन ने हिंदू युवक अजय कश्यप से विवाह कर लिया. विवाह के बाद युवती ने अपना नाम बदलकर मुस्कान रख लिया है.
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच लगभग 5 सालों से प्रेम संबंध चल रहा था. इस दौरान दोनों ने अपने रिश्ते को परिवारों से छिपाकर रखा. बताया जा रहा है कि समय के साथ उनका रिश्ता गहरा होता गया और आखिर में उन्होंने साथ जीवन बिताने का फैसला कर लिया. सामाजिक दबाव और संभावित विरोध को देखते हुए दोनों ने मंदिर में विवाह करने का फैसला किया.
शिव मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से की शादी
सूत्रों के मुताबिक, मुनतरीन और अजय ने एक शिव मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लिए और एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया. विवाह के बाद मुनतरीन ने मुस्कान नाम अपनाया. बताया जा रहा है कि युवती ने प्रेम के चलते अपना रोजा भी तोड़ दिया और अब हिंदू रीति-रिवाज अपनाने का फैसला कर लिया.
पुलिस से मदद की गुहार
विवाह की जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया. प्रेमी युगल ने परिजनों से जान का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है. उनका कहना है कि उन्हें डर है कि परिवार या समाज के कुछ लोग उनके फैसले का विरोध कर सकते हैं. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है. विवाह के बाद दोनों दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं.
यह मामला एक बार फिर समाज में दो धर्मों वाले युवक-युवती में विवाह और खुद की स्वतंत्रता को लेकर चर्चा का विषय बन गया है. गांव और आसपास के क्षेत्रों में इस विवाह को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.


